होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ध्रुव राठी के खिलाफ इस कड़े फैसले के बाद फेसबुक ने अब लिया यूटर्न
ध्रुव राठी के खिलाफ इस कड़े फैसले के बाद फेसबुक ने अब लिया यूटर्न
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और भारतीय जनता पार्टी की खुलेआम आलोचनाओं को लेकर...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और भारतीय जनता पार्टी की खुलेआम आलोचनाओं को लेकर आए दिन चर्चा में रहने वाले जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी फिर से विवाद का क्रेंद्रबिंदु बने हैं। इस बार उनका विवाद सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक के साथ हुआ है। दरअसल, 18 मार्च को फेसबुक ने कुछ समय के लिए ध्रुव राठी का अकाउंट बंद कर दिया। यानी वे चाहकर भी फेसबुक पर कोई पोस्ट नहीं कर सके। हालांकि बाद में फेसबुक ने अपनी गलती मानते हुए यह प्रतिबंध समाप्त कर दिया। इससे पहले ध्रुव राठी ने सोमवार की सुबह ट्वीट कर बताया था कि फेसबुक ने उन्हें 30 दिनों के लिए कोई भी पोस्ट करने से प्रतिबंधित कर दिया।
न्यूज पोर्टल ‘द क्विंट’ (the quint) में छपी खबर के मुताबिक, अपने ट्वीट में ध्रुव राठी का कहना था, ‘आज फेसबुक ने मेरा अकाउंट 30 दिनों के लिए बंद कर दिया है। अजीब संयोग है कि चुनाव में भी 30 दिनों का ही समय रह गया है। इसके अलावा यह भी अजीब संयोग ही है कि मेरा इंगेजमेंट रेट देश के बड़े रेटों में शुमार है और मोदी के आधिकारिक पेज समेत भाजपा के टॉप प्रोपेगेंडा पेजों को चुनौती दे रहा है।’
The reason they banned the account is because they say following post goes against community standards ?
— Dhruv Rathee (@dhruv_rathee) March 17, 2019
But in this post,
- Not a single abusive word
- Not a single disrespectful word
Is educating people about Hitler through Britannica encyclopedia against FB’s standards? pic.twitter.com/xpxMatCbeX
खबर के मुताबिक, राठी ने ब्रिटैनिका आर्टिकल के कुछ स्क्रीनशॉट्स पोस्ट किए थे, जिसमें एडॉल्फ हिटलर के जीवन से जुड़े कुछ पहलू शामिल थे। इसके साथ ही ध्रुव राठी ने लिखा था, ‘यह हिटलर की जीवनी से जुड़े कुछ पैराग्राफ हैं, जिन लाइनों को मैंने रेखांकित किया है, उन्हें पढ़ें।’ इसके बाद फेसबुक की ओर से राठी को नोटिफिकेशन भेजा गया कि ये लाइनें उनके कम्युनिटी स्टैंडर्ड्स के खिलाफ हैं।
फेसबुक ने मानी गलती: राठी का कहना है कि फेसबुक में शिकायत करने के बाद फेसबुक ने उनका अकाउंट दोबारा चालू कर दिया और कहा कि गलती से यह हो गया था। फेसबुक का यह भी कहना था कि ध्रुव की इस पोस्ट में कुछ भी ऐसा नहीं था, जो उनके नियम-कानूनों के खिलाफ हो। बताया जाता है कि फेसबुक की गाइडलाइंस के अनुसार, जब किसी पोस्ट को बड़े पैमाने पर रिपोर्ट किया जाता है तो फेसबुक की ओर से उसका रिव्यू किया जाता है। इसके बाद उस पोस्ट को बड़े पैमाने तक पहुंच के लिए तब तक रोक दिया जाता है, जब तक कि फेसबुक यह तय न कर ले कि इस पोस्ट के द्वारा उसकी पॉलिसी का उल्लंघन तो नहीं किया है।
टैग्स फेसबुक ध्रुव राठी