होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 2016 के लिए SAB ग्रुप ने बनाया यह मास्टर प्लान, चैनलों की संख्या करेंगे दोगुना
2016 के लिए SAB ग्रुप ने बनाया यह मास्टर प्लान, चैनलों की संख्या करेंगे दोगुना
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। सब ग्रुप (SAB Group) ने वर्ष 2016 के लिए कई योजनाएं तैयार की हैं। श्री अधिकारी ब्रदर्स ग्रुप ऑफ कंपनीज के ग्रुप सीईओ मानवा ढांडा ने हमारी सहयोगी पत्रिका इंपैक्ट (IMPACT) को बताया कि कंपनी अपने चैनलों की संख्या दोगुनी करने पर विचार कर रही है और यह हिन्दी जनरल एंटरटेनमेंट (Hindi GEC) में लॉन्च किए जाएं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 10 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। सब ग्रुप (SAB Group) ने वर्ष 2016 के लिए कई योजनाएं तैयार की हैं। श्री अधिकारी ब्रदर्स ग्रुप ऑफ कंपनीज के ग्रुप सीईओ मानवा ढांडा ने हमारी सहयोगी पत्रिका इंपैक्ट (IMPACT) को बताया कि कंपनी अपने चैनलों की संख्या दोगुनी करने पर विचार कर रही है और यह हिन्दी जनरल एंटरटेनमेंट (Hindi GEC) में लॉन्च किए जाएंगे। कंपनी डिजिटल में भी बड़ा दांव लगाने जा रही है और इसके साथ ही अपनी रीब्रैंडिंग की कवायद में भी जुटी हुई है। पेश है इस बातचीत के प्रमुख अंश: : वर्ष 2015 में सब टीवी के प्रदर्शन का आप किस तरह आकलन करेंगे? : पिछले साल हमने एक तरह से लॉन्चिंग पैड तैयार किया, जिसकी सहायता से हमारा ग्रुप विभिन्न कार्यक्षेत्रों (verticals) में खुद को तरक्की के अगले स्तर तक ले जा सके। इनमें ब्रॉडकास्ट, फिल्म प्रोडक्शन, फिल्म वितरण, डिजिटल, क्रिएट सर्विस और पब्लिशिंग आदि शामिल हैं। : क्या आप इनमें से प्रत्येक के बारे में विस्तार से बता सकते हैं ? : ब्रॉडकास्ट के दृष्टिकोण से बात करें तो वर्ष 2015 हमारे लिए काफी डायनामिक रहा। 12 महीने में रेटिंग के पैरामीटर में चार बार बदलाव हुआ। पिछले साल हमारा प्रदर्शन काफी अच्छा रहा और हमारे अधिकांश चैनल अपनी-अपनी श्रेणी में टॉप तीन में शामिल रहे। वर्ष 2015 को हम पूरी तरह से ‘मस्ती’(Mastiii) का साल कह सकते हैं क्योंकि म्यूजिक और युवाओं के जॉनर में मस्ती चैनल निर्विविवाद रूप से पूरे साल नंबर वन पर बना रहा। TAM हो अथवा BARC Household के आंकड़े, म्यूजिक जॉनर (genre) में पूरे साल मस्ती चैनल की व्युअरशिप दूसरे नंबर के चैनल से हमेशा 40 से 60 प्रतिशत ज्यादा रही। ‘दबंग’ (Dabangg) यूपी और बिहार में नंवर वन बना हुआ है। ‘स्टार प्रवाह’ (Star Pravah) को पीछे छोड़कर ‘माईबोली’ (Maiboli) पहले ही अपना जलवा दिखा चुका है और अब यह और आगे बढ़ने की कतार में लगा हुआ है। पिछले साल की शुरुआत में हमने ‘दिल्लगी’ (Dillagi) को देश के पहले एलसी1 (एक लाख से कम आबाद वाले शहर) में लॉन्च किया था। : आपने विज्ञापन फिल्म प्रोडक्शन (ad film production) और फिल्म व्यवसाय में भी कदम रखा है... : फिल्म बिजनेस में हमारा प्रवेश फिल्म ‘ग्रांड मस्ती’ श्रंखला (Grand Masti series) के तीसरे पार्ट के साथ हुआ था और अब हमारे पास नौ मूवी पाइप लाइन में हैं, जिनसे इंडस्ट्री के नामचीन अभिनेता और डायरेक्टर जुड़े हुए है। हमने युवाओं पर केंद्रित फिल्म प्यार का पंचनामा (Pyaar Ka Punchanama) पार्ट दो से डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस में भी कदम रखा है, जिसे बॉक्स ऑफिस पर बड़ी संख्या में दर्शक मिले थे। हमारे पास एक क्रिएटिव सर्विस सेल ‘Katalyst Creates’ भी है जिसने अपने शुरुआती साल में ही कई प्रोजेक्ट तैयार किए, जिसमें अर्जुन कपूर द्वारा की गई फ्लाइंग मशीन की टीवीसी (TVC) भी शामिल हैं। इसने लोकप्रिय मूवी के सीक्वल का फिल्म ट्रेलर कैंपेने भी डिजायन किया है। इसके अलवा यह जल्द ही लॉन्च होने वाले एचडी चैनल की ब्रैंडिंग और पैकेजिंग भी कर चुकी है और विभिन्न प्रतिष्ठानों के लोगो डिजायन करने के साथ उनके एनिमेशन कार्य भी कर चुकी है। हमार पब्लिकेशन ‘गवर्नेंस नाउ’ (Governance Now) पीएसयू अवॉर्ड्स की तीसरी सीरीज के साथ ही तीन दर्जन से अधिक कार्यक्रम करा चुका है। : पिछले साल से आपको क्या सीखने को मिला? : सफलता आसानी से नहीं मिलती है और इसके लिए एक-एक कदम सावधानी से उठाना पड़ता है। पिछले साल मेरा अनुभव यह रहा है कि आपकी जीत तभी होती है जब आपके साथ युवा, मेहनती, कुछ करने का जज्बा रखने वाली टीम होती है। किसी ने सही कहा है, ‘सिर्फ विशेषज्ञ ही जानते हैं कि किसी काम को पहले कैसे किया गया था। भविष्य को दूसरे तरीके से लिखा जाना है।’ (experts only know how it was done in the past. The future has to be written differently)। काम के मामले में हमने भी ऐसा सिस्टम डिजायन किया है कि टीम को काम करने के लिए अच्छा माहौल मिले। हमें यही सीख मिली है कि जब टीम खुश होगी तो वह ज्यादा क्रिएटिव तरीके से सोच सकती है और बेहतर ढंग से काम कर सकती है। : जहां पर कंटेंट एक ही तरह का हो, वहां पर आपको दूसरों से खुद को अलग दिखाने के लिए किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है? : सच कहूं तो कोई चैलेंज नहीं है। जब हम मूल बातों पर ध्यान देते हैं तो अपने आप तरक्की होती है और यह बात है अपने उपभोक्ता को अच्छी तरह समझना। हम उपभोक्ताओं को समझने के लिए लगातार रिसर्च करते रहते हैं और उनकी जरूरतों के अनुसार ही उन्हें बेहतर कंटेंट देने की कोशिश करते हैं। : डिजिटल में बढ़ोतरी के लिए आप क्या कर रहे हैं ? : आज का समय डिजिटल का है। डिजिटल में आजकल बहुत काम हो रहा है और ज्यादा से ज्यादा तथा बेहतर कंटेंट तैयार करने के लिए इसमें बहुत निवेश किया जा रहा है। लेकिन हमारी योजना इससे काफी अलग है। हमारी योजना अपने टार्गेट की पहचान कर उन्हें स्पष्ट रूप से परिभाषित कंटेंट उपलब्ध कराना है। इसकी लॉन्चिंग का काम चल रहा है और यह वर्ष 2016 की पहली तिमाही में हो जाएगा। : इस साल आगे बढ़ने के लिए आपकी क्या रणनीति है ? क्या आप कोई नया चैनल लॉन्च करने जा रहे हैं ? अपने प्रमुख चैनल की लॉन्चिंग को लेकर आपका क्या प्लान है? : 25 सालों से मार्केट में उपस्थित और किसी अन्य के मुकाबले दर्शकों की बेहतर समझ के साथ इंडस्ट्री का लीडर होने के नाते हम रीब्रैंडिंग की कवायद में जुटे हुए हैं। हमारी रीब्रैंडिंग का मुख्य जोर खुद को एक युवा और समकालीन ब्रैंड बनाने पर है। हमारा नया लोगो भी इसी चीज को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। हम पांच चैनल वाला नेटवर्क हैं और इसे बढ़ाकर 10 चैनल वाला नेटवर्क करने की सोच रहे हैं जो हिन्दी जनरल एंटरटेनमेंट का एक बड़ा नेटवर्क होगा। इससे हम इंडस्ट्री में टॉप ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क में से एक बन जाएंगे।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स