होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / नई राह पर चल पड़ा AIR, अमेजॉन से की खास डील
नई राह पर चल पड़ा AIR, अमेजॉन से की खास डील
अब आप अपने ड्राइंग रूम या किचेन में भी अपनी आवाज से आदेश देकर रेडियो...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अब आप अपने ड्राइंग रूम या किचेन में भी अपनी आवाज से आदेश देकर रेडियो का अपना मनपसंद स्टेशन सुन सकते हैं। ऑल इंडिया रेडियो ने अमेजॉन के साथ एक ऐसा करार किया है जिसके तहत आप अलेक्सा उपकरण को आदेश देकर रेडियो स्टेशन पर चौदह भाषाओं में कार्यक्रम मुफ्त सुन सकेंगे।
दिल्ली के आकाशवाणी भवन में सूचना-प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को अमेजॉन के अलेक्सा स्मार्ट स्पीकर पर ऑल इंडिया रेडियो की लाइव स्ट्रीमिंग सर्विस लॉन्च की। इस दौरान प्रसार भारती के चेयरमैन ए सूर्यप्रकाश, सीईओ डॉ. शशि शेखर वेमपति, राजीव साहनी, दूरदर्शन की डायरेक्टर जनरल सुप्रिया साहू, ऑल इंडिया रेडियो के डायरेक्टर जनरल फैय्याज शहरयार और अमेजॉन अलेक्सा (एशिया) के प्रिंसिपल टेक बिजनस डिवेलपमेंट के अलावा कई अन्य लोग मौजूद थे।
सूचना-प्रसारण मंत्री ने कहा कि अब जिन्दगी सरल होती जा रही है, जिन चीजों में पहले समय लगता था, वह अब उपकरण के जरिए कम समय में हो जाता है। अमेजॉन ने यह उपकरण बनाया है जिससे रेडियो की 17 सेवाएं चौदह भाषाओं में सुनी जा सकती हैं। रेडियो एक लोकप्रिय माध्यम है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए यह और लोकप्रिय हो रहा है। रेडियो सूचना देने के साथ-साथ लोगों का मनोरंजन भी करता है। लोग अपनी भाषा के चुनने के लिए अब इस माध्यम से बोलकर आदेश दे सकते हैं।
उन्होंने लोगों के सामने अलेक्सा उपकरण को बोलकर हिंदी में आदेश दिया, अलेक्सा अब रेडियो पंजाबी सुनाओ तो पंजाबी गाने बजने लगे, जब उन्होंने बंगला में गाने सुनाने का आदेश दिया तो बंगला में गाने बजने लगे।
वहीं सूर्यप्रकाश ने कहा कि यह ऑल इंडिया रेडियो की नई उपलब्धि है। लोग पूरी दुनिया में किचेन और ड्राइंग रूम से भी आवाज से आदेश देकर इस उपकरण से रेडियो सुन सकेंगे। इसमें लोग समाचार के अलावा रेडियो के अभिलेखागार के पुराने कार्यक्रम भी सुन सकेंगे।
इस दौरान आकाशवाणी के डायरेक्टर जनरल ने कहा कि यह डिजिटल इंडिया की तरफ एक और कदम है। पूरी दुनिया में कहीं से भी मलयालम, तेलुगू, असमी, बंगला जैसी भाषाओं में रेडियो अब अलेक्सा से सुना जा सकता है। इसके लिए रेडियो सेट या मोबाइल या इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी।
टैग्स ऑल इंडिया रेडियो राज्यवर्धन राठौड़ अमेजॉन अलेक्सा