होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / CM से मुलाकात के बाद संपादक लौटे काम पर, अखबारों का प्रकाशन फिर शुरू
CM से मुलाकात के बाद संपादक लौटे काम पर, अखबारों का प्रकाशन फिर शुरू
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। कश्मीर घाटी में मीडिया पर पाबंदी के लिए मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की ओर से अफसोस जताने के बाद अखबारों का प्रकाशन एक बार फिर शुरू हो गया। दरअसल बुधवार को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अपने शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों के संपादकों औ
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
कश्मीर घाटी में मीडिया पर पाबंदी के लिए मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की ओर से अफसोस जताने के बाद अखबारों का प्रकाशन एक बार फिर शुरू हो गया। दरअसल बुधवार को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अपने शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों के संपादकों और मालिकों से मुलाकात की और मीडिया पर पाबंदियों को लेकर खेद जताया, जिसके बाद सभी मीडियाकर्मी अपने काम पर लौट गए और बुधवार शाम लगभग पांच दिनों बाद स्थानीय समाचार पत्रों का प्रकाशन फिर से शुरू हुआ।
दो दौर की वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अखबारों के प्रकाशन पर प्रतिबंध लगाने का सरकार ने जानबूझकर कोई प्रयास नहीं किया, बहरहाल संवाद की कमी के कारण जो भी हुआ वह खेदजनक है। उन्होंने समाचार पत्रों के मालिकों और संपादकों से राज्य के समक्ष चुनौतियों का सामना करने और उनसे पार पाने में मीडिया को अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह भी किया।
उल्लेखनीय है कि 15 जुलाई की रात को पुलिस ने स्थानीय समाचारपत्रों के कार्यालयों में छापेमारी कर अखबारों का प्रकाशन बंद करा दिया था। साथ ही सरकार के प्रवक्ता ने दावा किया था कि हालात को सामान्य बनाने के लिए तीन दिन तक अखबारों के प्रकाशन पर पाबंदी रहेगी।
मामला तूल पकड़ने पर दो दिन पहले मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार प्रो. अमिताभ मट्टू ने कहा कि कोई प्रतिबंध नहीं है, यह असमंजस और भ्रम के कारण हुआ है। सूचना-प्रसारण मंत्री के हस्तक्षेप के बाद मुख्यमंत्री ने भी कहा कि अखबारों पर कोई प्रतिबंध नहीं है, लेकिन फिर भी अखबार नहीं छपे।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार को भी स्थानीय समाचार पत्रों मालिकों और संपादकों को बुलाकर बैठक की थी, लेकिन बात नहीं बनी। समाचार पत्रों ने कहा कि जब तक सरकार प्रतिबंध को स्वीकार कर खेद नहीं जताएगी, प्रकाशन शुरू नहीं होगा। बुधवार को स्थानीय समाचार पत्र मालिकों, संपादकों व मीडियाकर्मियों की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से दो दौर की बात हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भविष्य में ऐसा न होने का यकीन दिलाया और जिसके बाद ही अखबारों का प्रकाशन शुरू करने पर सहमति बनी।
मीडिया खबर के मुताबिक, संपादकों के प्रतिनिधिमंडल में मसूद हुसैन (कश्मीर लाइफ), राशिद मखदूमी (ग्रेटर कश्मीर), बशीर मंजर (कश्मीर इमेजिस), बशीर अहमद बशीर (श्रीनगर टाइम्स), जहूर हाशमी (आफताब), मंजूर अंजुम (उकाब), मुहम्मद हयात भट्ट ( कश्मीर रीडर), राजा मोहिउद्दीन (तामील-ए-इरशाद), शाह अब्बास (राइजिंग कश्मीर), जहूर मलिक (कश्मीर टाइम्स), मुहम्मद अफाक भट्ट (अलसफा परिषियस कश्मीर), इरफान मलिक (कश्मीर मॉनिटर), इम्तियाज भट्ट (आफताब) और इमदाद साकी शामिल थे। बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रो. अमिताभ मट्टू, निदेशक सूचना जुबैर अहमद और जम्मू-कश्मीर सरकार के मीडिया सलाहकार, सैयद सुहैल बुखारी भी उपस्थित रहे।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स