होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 26 साल बाद यहां अखबार के प्रकाशन पर लगी रोक, केबल टीवी भी हुआ बैन
26 साल बाद यहां अखबार के प्रकाशन पर लगी रोक, केबल टीवी भी हुआ बैन
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। कश्मीर घाटी में हिजबुल के कमांडर बुरहानी वानी के एनकाउंटर के बाद चारों तरफ फैली हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। आलम ये है कि कश्मीर में जारी हिंसा पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने अखबारों के प्रकाशन पर ही बैन लगा दिया। दावा किया जा रहा है कि 1
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
कश्मीर घाटी में हिजबुल के कमांडर बुरहानी वानी के एनकाउंटर के बाद चारों तरफ फैली हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। आलम ये है कि कश्मीर में जारी हिंसा पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने अखबारों के प्रकाशन पर ही बैन लगा दिया। दावा किया जा रहा है कि 1990 के बाद ऐसा पहली बार है, जब मीडिया पर इस तरह की बंदिशें लगाई गई हैं।
खबरों के मुताबिक अखबारों की कॉपियों जब्त करने के अलावा केबल टीवी के प्रसारण को भी रोक दिया गया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी टीवी चैनल यहां के केबल टीवी नेटवर्क की मदद से तनाव बढ़ाने में मदद कर रहे थे।
पुलिस ने शुक्रवार आधी रात के बाद एक दर्जन से अधिक अखबारों के कार्यालयों और प्रेस परिसर में दबिश देकर समाचार पत्रों का प्रकाशन रुकवाकर छप चुकी प्रतियों को जब्त कर लिया। प्रकाशकों ने अपनी-अपनी वेबसाइटों पर दावा किया कि उनकी छपी हुई कॉपियां जब्त कर ली गई और प्रिंटिग प्रेस के लिए काम करने वाले लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, इसके विरोध में स्थानीय पत्रकार और समाचार पत्रों के कर्मी भी हड़ताल पर चले गए हैं।
वहीं अधिकारियों के मुताबिक, अखबारों में कई ऐसी बातें प्रकाशित हो रही हैं, जिससे हालात बिगड़ रहे हैं और इनमें से कई बातों का तथ्यों से नाता नहीं है। शुक्रवार आधी रात के बाद शुरू हुए इस अभियान के तहत पुलिस के एक दल ने श्रीनगर शहर के साथ सटे रंगरेथ औद्योगिक क्षेत्र में दो समाचारपत्रों की प्रिंटिंग प्रेस में छापा मारा।
पहले ‘ग्रेटर कश्मीर’ और फिर उर्दू में प्रकाशित होने वाले ‘कश्मीर उज्मा’ अखबार की प्रिंटिंग प्रेस में जारी छपाई को बंद करवा दिया। इन दोनों अखबारों की लगभग 50 हजार से ज्यादा प्रकाशित प्रतियों को भी जब्त कर लिया। ‘ग्रेटर कश्मीर’ की प्रिंटिंग प्रेस में चार अन्य स्थानीय अखबार भी प्रकाशित होते हैं।
ग्रेटर कश्मीर के बाद पुलिस ने ‘कश्मीर टाइम्स’ के प्रेस में छापा मारा। वहां प्रकाशित होने वाले ‘कश्मीर टाइम्स’ ‘तामिल-ए-इरशाद’, ‘कश्मीर एज’, ‘कहवट’, ‘कश्मीर मॉनिटर’, ‘कश्मीर रीडर’, ‘ब्राइटर कश्मीर’, ‘कश्मीर आब्जर्वर’ समेत दस से ज्यादा अखबारों का प्रकाशन रुकवाया गया। पुलिस ने फोरमैन, मशीन मैन, हेल्पर समेत छह लोगों को भी कथित तौर पर हिरासत में ले लिया है। ‘राइजिंग कश्मीर’ का भी पुलिस ने इसी तरह प्रकाशन बंद कराया। इसके बाद पुलिस ने सुबह करीब चार-पांच बजे श्रीनगर में लालचौक के साथ सटे लैंबर्ट लेन, रीगल चौक में प्रमुख समाचार वितरकों और हॉकरों का घेराव कर उनके पास पहुंचे सभी अखबारों को जब्त कर लिया।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स