होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स(IFWJ) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने उमेश कुमार
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स(IFWJ) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने उमेश कुमार
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (Indian Federation of Working Journalists) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेस फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और समाचार प्लस के एडिटर-इन-चीफ व सीईओ उमेश कुमार को चुना गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (Indian Federation of Working Journalists) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेस फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और समाचार प्लस के एडिटर-इन-चीफ व सीईओ उमेश कुमार को चुना गया है।
जयपुर में पिछले दिनों इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के 128वें राष्ट्रीय सम्मेलन में उमेश कुमार को ये जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही उमेश कुमार को संगठन के विदेश मामलों का भी प्रभारी चुना गया। वह संस्था की ओर पाकिस्तान जाने वाले पत्रकारों के 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। सम्मेलन में देशभर के पत्रकारों ने साहसिक पत्रकारिता के लिए उमेश कुमार का सम्मान भी किया।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में जन्में 38 साल के उमेश कुमार ने अपनी स्कूली शिक्षा गाजियाबाद से हासिल की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम की पढ़ाई की। उसके बाद उन्होंनें मैनचेस्टर जाकर वहां से 6 महीने का पत्रकारिता का डिप्लोमा किया। वर्ष 2003 में कुमार देहरादून आ गए और अपनी न्यूज एजेंसी खोल ली। करीब दस साल के अनुभव के बाद उन्होंने न्यूज चैनल लॉन्च करने की सोची और 15 जून 2012 को समाचार प्लस उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड लॉन्च हुआ। एक साल के बाद ही उन्होंने अपने चैनल के ब्रैंड का एक्सटेंशन करते हुए समाचार प्लस राजस्थान भी लॉन्च कर दिया। वे कम्युनिटी रेडियो की भी प्लानिंग कर रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में विधायकों की खरीद-फरोख्त का स्टिंग कर उत्तराखंड की सियासत में तूफान मचा दिया था। इससे पहले भी कुमार ने वर्ष 2009-10 में उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ दो स्टिंग ऑपरेशन किए थे। पहले स्टिंग में उन्होंने राज्य में पनबिजली योजनाओं के 51 प्रोजेक्टों में बरती गई अनियमितताओं को उजागर किया था। इसके बाद आए स्टिंग में उन्होंने खुलासा किया था कि कैसे भाजपा सरकार ने एक बिल्डर को लाभ पहुंचाने के लिए ऋषिकेश में गंगा के किनारे जमीन का लैंडयूज बदल दिया था और नियमों का उल्लंघन कर करोड़ों रुपये का घोटाला किया था।
उमेश कुमार का कहना है, ‘उत्तराखंड में भाजपा के शासनकाल में मेरे और मेरे परिवार के ऊपर 18 केस दर्ज कर दिए गए और मैं लगभग एक साल के लिए गायब भी रहा था। इन घटनाओं के बाद कुमार ने देहरादून छोड़ दिया था और गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहने लगे थे। वहीं वर्ष 2012-13 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उनके ऊपर दर्ज सभी मामले वापस ले लिए गए थे।’ हालांकि इसके बाद कुमार ने दो न्यूज चैनल लॉन्च किए थे।
उमेश कुमार का नाम केंद्रीय गृहमंत्रालय से वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त करने वालों की सूची में शामिल है। इस सुरक्षा के बारे में उमेश कुमार ने बताया, ‘हम अपने न्यूज चैनल पर ‘वॉन्टेड’ के नाम से शो प्रसारित करते हैं। इसके तहत हमने करीब 2500 अपराधियों के बारे में स्टोरी प्रसारित की हैं। शो प्रसारित होने के बाद इनमें से एक दर्जन से ज्यादा इनामी बदमाश पकड़े भी गए हैं, इनमें से कई तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात बदमाश थे। ऐसे में मेरी जान को गंभीर खतरा है।’
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स