होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अब अपने 3 अखबारों के साथ जनता तक अपनी आवाज पहुंचाएगी कांग्रेस
अब अपने 3 अखबारों के साथ जनता तक अपनी आवाज पहुंचाएगी कांग्रेस
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। जवाहर लाल नेहरू द्वारा शुरू किया गया समाचार पत्र ‘नेशनल हेराल्ड’ के 2008 में बंद होने के आठ साल बाद अब फिर से शुरू होगा। बताया जा रहा है कि इसके साथ दो अन्य अखबारों की शुरुआत भी जल्द होगी। इन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ही शुरू किए जाने की बात
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जवाहर लाल नेहरू द्वारा शुरू किया गया समाचार पत्र ‘नेशनल हेराल्ड’ के 2008 में बंद होने के आठ साल बाद अब फिर से शुरू होगा। बताया जा रहा है कि इसके साथ दो अन्य अखबारों की शुरुआत भी जल्द होगी। इन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ही शुरू किए जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल इनके प्रिंट संस्करण पर संशय बन हुआ है।
एआईसीसी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा ने कहा, ‘द असोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) ने जनवरी में अपने अखबारों ‘नेशनल हेराल्ड’, ‘कौमी आवाज’ और ‘नवजीवन’ को फिर से शुरू करने का फैसला किया है और इसकी क्रियान्वयन की प्रक्रिया जारी है।’
मीडिया में आईं खबरों के मुताबिक, जब उनसे पूछा गया कि क्या तीनों अखबारों को फिर से शुरू करने की घोषणा इस महीने कर दी जाएगी तो उन्होंने कहा कि जनवरी में लखनऊ में एजेएल की आमसभा की विशेष बैठक में अखबारों को फिर से शुरू करने का फैसला किया गया और प्रक्रिया जारी है।
एक अन्य प्रश्न पर वोरा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या अंग्रेजी में नेशनल हेराल्ड, हिंदी में नवजीवन और उर्दू में कौमी आवाज के प्रिंट संस्करण निकाले जाएंगे या नहीं। इन्हें केवल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फिर से शुरू करने की बात थी।
लखनऊ की बैठक में एजेएल ने एक गैरलाभकारी कंपनी में बदलने का और उसके अखबारों को फिर से शुरू करने का फैसला किया था। यह फैसला अखबार को लेकर चल रही एक कानूनी लड़ाई के बीच आया है, जिस लड़ाई में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी उलझे हुए हैं।
एजेएल की स्थापना पंडित जवाहरलाल नेहरू ने नवंबर 1937 में की थी। कंपनी और उसके द्वारा प्रकाशित अखबारों- नेशनल हेराल्ड, कौमी आवाज और नवजीवन ने स्वतंत्रता आंदोलन की आवाज के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी और जनहित में तथा सामाजिक अच्छाई के लिए ऐतिहासिक काम किया।
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले साल दिसंबर महीने में ‘आजतक’ के एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने भी ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार को फिर से शुरू किए जाने की बात कही थी।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स