होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पेड़ से लटका मिला लापता पत्रकार का शव
पेड़ से लटका मिला लापता पत्रकार का शव
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सोमवार को एक पत्रकार का शव पेड़ से लटका हुआ मिला...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सोमवार को एक पत्रकार का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, लेकिन इस मामले में मृतक के परिजनों ने एक स्कूल के मैनेजर पर उसकी हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है।
उल्लेखनीय है कि यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के थाना आदमपुर इलाके के कस्बा आदमपुर का है। यहां पर रहने वाले राजेश अग्रवाल एक राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र से जुड़े हुए थे। बीते रविवार शाम से वह लापता थे और घरवाले उनकी तलाश में लगे हुए थे। उन्हें आखिरी बार अपनी बाइक पर एक स्थानीय स्कूल के मैनेजर श्याम गिरि के साथ देखा गया था। सोमवार की सुबह किसी ने जानकारी दी कि राजेश अग्रवाल की बाइक गांव के पास आम के बाग के बाहर खड़ी है। इसकी सूचना के बाद पत्रकार राजेश अग्रवाल के परिवार वाले बाइक के पास पहुंचे। बाग के अंदर जाने के बाद पत्रकार राजेश अग्रवाल की लाश पेड़ पर लटकती मिली।
अग्रवाल के भाई ने आरोप लगाया कि श्याम गिरि ने ही राकेश की हत्या की और उन्हें पेड़ पर लटका दिया, ताकि ये आत्महत्या का मामला लगे। भाई ने बताया कि राकेश ने एक लाख का लोन लिया था और गिरि से भी उनका पैसे का कुछ लेन-देन था।
पुलिस अफसर अजय कुमार का कहना है कि मृतक पहले से लापता था। हमें इसकी जानकारी मिली तो हमने मृतक की बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहले निगाह में तो यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हम पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ स्पष्ट कर पाएंगे। मामले की जांच की जा रही है।
टैग्स पत्रकार सुसाइड मर्डर अमरोहा