होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / शिवराज का ये कैसा राज: 'नशेड़ी' पुलिसवालों ने की भास्कर के दो पत्रकारों की पिटाई, जमकर दी गालियां
शिवराज का ये कैसा राज: 'नशेड़ी' पुलिसवालों ने की भास्कर के दो पत्रकारों की पिटाई, जमकर दी गालियां
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। भोपाल: अवधपुरी थाने के एएसआई रघुवीर सिंह दांगी ने दो हवलदारों के साथ मिलकर दैनिक भास्कर के दो पत्रकारों के साथ सोमवार देर रात गुंडागर्दी की। तीनों पुलिसवालों ने न सिर्फ सिमी का आतंकी बताते हुए पत्रकारों के
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भोपाल: अवधपुरी थाने के एएसआई रघुवीर सिंह दांगी ने दो हवलदारों के साथ मिलकर दैनिक भास्कर के दो पत्रकारों के साथ सोमवार देर रात गुंडागर्दी की। तीनों पुलिसवालों ने न सिर्फ सिमी का आतंकी बताते हुए पत्रकारों के साथ मारपीट की बल्कि रातभर उन्हें थाने में बगैर किसी जुर्म के बिठाए रखा। खास बात ये है कि थाने की टीआई शिखा वैश संभागीय गश्त पर थीं, लेकिन उन्हें मंगलवार सुबह तक घटना की कोई जानकारी ही नहीं थी। मातहतों की करतूत सामने आने के बाद एसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
कृष्णमोहन तिवारी और विजय प्रभात शुक्ला दैनिक भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में पदस्थ हैं। कृष्णमोहन आधारशिला में रहते हैं, जबकि विजय प्रभात का निवास ग्रीन वैली एक्सटेंशन में है। विजय का टिफिन और लैपटॉप चार्जर कृष्णमोहन के पास था। सोमवार रात करीब एक बजे दोनों दफ्तर से छूटकर घर लौट रहे थे। विद्यासागर इंस्टीट्यूट के सामने कृष्णमोहन, विजय का सामान लौटा रहे थे। तभी अवधपुरी थाने की पीसीआर वैन वहां आकर रुकी। पीसीआर में सवार एएसआई रघुवीर सिंह दांगी ने दोनों से नाम-पता पूछा। जवाब मिला 'फिर से घर जा रहे हैं। इसके बाद शराब के नशे में धुत एएसआई ने दोनों के साथ गाली गलौच शुरू कर दी। दोनों को पीसीआर में बिठाया और थाने लाकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एएसआई दोनों को सिमी आतंकी और एटीएम चोर भी करार देता रहा। इस बीच कृष्णमोहन ने एएसआई की बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली।
टीआई को भनक नहीं, एसपी ने किया सस्पेंड :
रात डेढ़ बजे से सुबह साढ़े चार बजे तक एएसआई दांगी, हवलदार सुभाष त्यागी और संजय यादव ने दोनों बेकसूर पत्रकारों को थाने में बिठाए रखा। सिमकार्ड और मोबाइल फोन छीन लिए। मारपीट के दौरान उनका लैपटॉप भी टूट गया। चार घंटे तक अवधपुरी थाने में पुलिसवालों की बर्बरता चलती रही। मंगलवार सुबह घटना का पता पुलिस अफसरों को चला तो उन्होंने तत्काल प्रभाव से तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। एसपी साउथ अंशुमान सिंह ने उनकी प्रारंभिक जांच सीएसपी अजय सिंह को सौंपी है।
मेडिकल कराने तक नहीं पहुंचा एएसआई:
अफसरों के आदेश के बाद मंगलवार सुबह दोनों पत्रकारों का मेडिकल करवाया गया। आदेश तीनों पुलिसकर्मियों के लिए भी यही थे। मेडिकल के दौरान एल्कोहल न आए, इसलिए टीआई ने पुलिसकर्मियों को थाने में दो घंटे तक रोके रखा। अफसरों के दबाव के बाद दोनों हवलदारों को तो जेपी अस्पताल भेजा गया, लेकिन एएसआई इसके बाद भी नहीं आया।
ऐसा रवैया है भोपाल पुलिस का:
सुन रे...क्या बोल रहा था तू। ढाई बजे रात में यहां क्यों खड़ा है, तेरे बाप का नाता है यहां। खड़ा है सड़क पर बीच में। चोरियां हो रही हैं, तुम तो... रात भर। यूपी का गुंडा है न तूं, निकलवाता हूं तेरा रिकॉर्ड ...151 कर ही देता हूं तेरा। नेता है क्या, अभिनेता है तू। सुन रे ... रातभर तुम लोग थाने में सड़ो। फिर सुबह देखता हूं तुम्हें...। प्राइवेट कंपनी में हो, कोई बहुत बड़ा जॉब नहीं करते तुम्हारी ...। ढाई बजे खड़े होने का तुम्हें कोई अधिकार नहीं है रात में ...। क्या समझते हो अपने आप को। साथ ही पुलिस वालों ने पत्रकारों को ऐसी-ऐसी गालियां दी जिसे हम लिख नहीं सकते हैं।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स