होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पद्मश्री अवॉर्ड के लिए चुने गए दिग्गज पत्रकार जगजीत सिंह दर्दी
पद्मश्री अवॉर्ड के लिए चुने गए दिग्गज पत्रकार जगजीत सिंह दर्दी
जगजीत सिंह को यह अवॉर्ड राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव, मीडिया के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान, शिक्षा और पंजाबी भाषा, संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने में उनकी समर्पित सेवाओं के लिए दिया जाएगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
दिग्गज पत्रकार, शिक्षाविद् और पंजाबी अखबार ‘चढ़दीकला’ (Chardikala) के एडिटर-इन-चीफ जगजीत सिंह दर्दी को पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। ‘श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल्स’ और ‘चढ़दीकला टाइम्स टीवी’ (Chardilkla Time TV) के चेयरमैन जगजीत सिंह को यह अवॉर्ड राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव, मीडिया के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान, शिक्षा और पंजाबी भाषा, संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने में उनकी समर्पित सेवाओं के लिए दिया जाएगा।
दर्दी ने अपने करियर की शुरुआत अपनी किशोरावस्था में पंजाबी भाषी राज्य के निर्माण के लिए की थी। 22 जून 1960 को पंजाबी सूबा आंदोलन में भाग लेने के कारण उन्हें 12 वर्ष की आयु में दुखनिवारन साहिब से गिरफ्तार कर लिया गया था।
जगजीत सिंह की असाधारण सेवाओं के कारण उन्हें वर्ष 1998 में तत्कालीन राष्ट्रपति केआर नारायण द्वारा शिरोमणि पातरकर पुरस्कार और 1992 में पंजाब सरकार द्वारा शिरोमणि साहित्यकार पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें 1997 में यूएसए और कनाडा द्वारा 1989 में विश्व पंजाबी सम्मेलनों द्वारा सम्मानित किया गया है।
बता दें कि पद्म अवॉर्ड भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं, जिन्हें हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित किया जाता है। पद्म अवॉर्ड पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य करने वाले देश की महान विभूतियों को इन अवॉर्ड्स से नवाजा जाता है।
टैग्स पद्मश्री अवॉर्ड पद्म सम्मान जगजीत सिंह दर्दी