होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इन मुकदमों से बचने के Meta के प्रयास को झटका, कोर्ट ने खारिज की अपील
इन मुकदमों से बचने के Meta के प्रयास को झटका, कोर्ट ने खारिज की अपील
अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मेटा (Meta) के उस अपील को खारिज कर दिया है, जिसमें कंपनी ने एक मल्टी-बिलियन डॉलर के सामूहिक मुकदमे को रद्द करने की मांग की थी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मेटा (Meta) के उस अपील को खारिज कर दिया है, जिसमें कंपनी ने एक मल्टी-बिलियन डॉलर के सामूहिक मुकदमे को रद्द करने की मांग की थी। यह मुकदमा विज्ञापनदाताओं ने दायर किया है, जिसमें मेटा (फेसबुक और इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी) पर आरोप है कि उसने अपने विज्ञापनों के संभावित दर्शकों की संख्या बढ़ा-चढ़ाकर पेश करके विज्ञापनदाताओं से अतिरिक्त शुल्क वसूला।
सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें विज्ञापनदाताओं को सामूहिक रूप से मुआवजा मांगने की अनुमति दी गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यायाधीशों ने कहा कि चूंकि मेटा ने संभावित दर्शकों की संख्या को लेकर सभी विज्ञापनदाताओं को एक ही प्रकार की गलत जानकारी दी थी, इसलिए विज्ञापनदाता यह साबित करने की कोशिश कर सकते हैं कि उनका नुकसान एक सामान्य प्रक्रिया से हुआ है। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया है कि 15 अगस्त 2014 से उन्होंने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापनों के लिए भुगतान किया है।
पूर्व मेटा विज्ञापनदाता DZ रिजर्व (DZ Reserve) और कैन मैक्सवेल (Cain Maxwell) द्वारा दायर इस मुकदमे में कहा गया है कि मेटा ने वास्तविक लोगों के बजाय सोशल मीडिया अकाउंट की संख्या पर ध्यान केंद्रित किया और संभावित दर्शकों की संख्या को 400% तक बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया।
मेटा ने अपनी अपील में दावा किया कि कम से कम तीन संघीय अपील अदालतों ने "सामान्य प्रक्रिया" के परीक्षण को खारिज कर दिया है। कंपनी का यह भी कहना था कि यह परीक्षण इस तथ्य को नजरअंदाज करता है कि कुछ विज्ञापनदाताओं ने इस कथित गलत प्रस्तुति को महत्वहीन पाया होगा या उस पर भरोसा करने का चुनाव नहीं किया होगा।
इस मुकदमे में संभावित हर्जाने की राशि $7 बिलियन से अधिक हो सकती है। मेटा के खिलाफ यह आरोप उसके विज्ञापन व्यवसाय मॉडल पर गंभीर सवाल उठाता है, जो कंपनी के राजस्व का प्रमुख स्रोत है।
यह फैसला डिजिटल ऐड इंडस्ट्री के लिए एक महत्वपूर्ण मिसाल स्थापित कर सकता है, जहां कंपनियों की पारदर्शिता और नैतिकता पर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं।
टैग्स मेटा अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट