होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / Share Chat ने इस वीडियो प्रॉडक्शन कंपनी का किया अधिग्रहण
Share Chat ने इस वीडियो प्रॉडक्शन कंपनी का किया अधिग्रहण
भारतीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म शेयरचैट (Share Chat) ने बुधवार को वीडियो उत्पादन करने वाली कंपनी ‘एचपीएफ फिल्म्स’ (HPF Films) का अधिग्रहण कर लिया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
भारतीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म शेयरचैट (Share Chat) ने बुधवार को वीडियो उत्पादन करने वाली कंपनी ‘एचपीएफ फिल्म्स’ (HPF Films) का अधिग्रहण कर लिया है। ‘एचपीएफ फिल्म्स’ को डिजिटल कंटेंट में विशेषज्ञता हासिल है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि अधिग्रहण से शेयरचैट और इसके लघु वीडियो प्लेटफॉर्म मौज (Moj) को बेहतर कंटेंट इकोसिस्टम बनाने की दिशा में मदद मिलेगी और ब्रैंड के लिए उसके विज्ञापन समाधानों में वृद्धि होगी।
कंपनी ने हालांकि इस सौदे की राशि की जानकारी नहीं दी। बयान के मुताबिक 2018 में शुरू हुई एचपीएफ फिल्म्स ने वेब-सीरीज, डिजिटल ऐड, शॉर्ट फिल्म्स और विभिन्न प्रकार के 20 से अधिक ब्रैंड्स के लिए डॉक्यूमेंट्रीज बनाई हैं।
अधिग्रहण की घोषणा के बाद शेयरचैट में कॉरपोरेट डेवलपमेंट एंड स्ट्रैटजिक फाइनेंस के वाइस प्रेजिडेंट मनोहर चरन ने कहा कि शेयरचैट तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है। हमारे लिए यह जरूरी है कि बड़े स्तर पर इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए हम जरूरी चीजों पर निवेश और उसका निर्माण करें।
बता दें कि इस अधिग्रहण के बाद ‘एचपीएफ फिल्म्स’ की 15 सदस्यों की टीम शेयरचैट के साथ जुड़ गई है। एचपीएफ फिल्म्स ने 12 भाषाओं में अपने वीडियो का उत्पादन और कंटेंट को विकसित किया है।
वर्तमान में शेयर चैट के 130 मिलियन से अधिक मंथली यूजर्स हैं, जबकि Moj के 50 मिलियन से अधिक मंथली यूजर्स हैं।
टैग्स शेयरचैट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एचपीएफ फिल्म्स