होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / MRUCI के चेयरमैन चुने गए शैलेष गुप्त, शशांक श्रीवास्तव को मिली वाइस चेयरमैन पद की कमान
MRUCI के चेयरमैन चुने गए शैलेष गुप्त, शशांक श्रीवास्तव को मिली वाइस चेयरमैन पद की कमान
मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया (MRUCI) की बैठक में राजीव बेओत्रा और अनुप्रिया आचार्य को बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में नियुक्त किया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
‘मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया’ (MRUCI) ने 26 सितंबर, 2023 को अपनी 29वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) आयोजित की। इस वार्षिक आम बैठक में ‘जागरण प्रकाशन लिमिटेड’ के पूर्णकालिक डायरेक्टर शैलेष गुप्त को सर्वसम्मति से ‘मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया’ का चेयरमैन चुना गया।
इसके साथ ही ‘मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड’ के सीनियर एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर (सेल्स एंड मार्केटिंग) शशांक श्रीवास्तव को ‘मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया’ का वाइस चेयरमैन चुना गया है। वार्षिक आम बैठक के तुरंत बाद आयोजित ‘मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया’ की बोर्ड मीटिंग में यह घोषणा की गई। इसके साथ ही बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में दो नए सदस्यों के रूप में ‘एचटी मीडिया लिमिटेड’ के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर राजीव बेओत्रा और ‘Publicis Groupe’ की सीईओ (साउथ एशिया) अनुप्रिया आचार्य को नियुक्त किया गया है।
शैलेष गुप्त ने भारत में मीडियाब्रैंड्स (Mediabrands) के सीईओ शशिधर सिन्हा से यह कमान ली है, जो लगातार दो कार्यकाल (2021-2022 और 2022-2023) तक ‘मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया’ के चेयरमैन रहे हैं।
कार्यभार सौंपते हुए शशिधर सिन्हा का कहना था, ‘मुझे खुशी है कि कोविड के कारण एक अंतराल के बाद आईआरएस को दोबारा शुरू किया जा रहा है।’ वहीं, धन्यवाद प्रस्ताव देते समय शैलेष गुप्त का कहना था, ‘मैं MRUCI का नेतृत्व करने और आईआरएस को पुनर्जीवित करने में कई कदम आगे बढ़ाने के लिए शशिधर सिन्हा को धन्यवाद देना चाहता हूं। मेरा प्रयास एक मजबूत थर्ड पार्टी रिसर्च तैयार करने में मदद करना होगा जो सभी घटकों की मदद करेगा और सामूहिक रूप से इंडस्ट्री को आगे ले जाएगा।’
बता दें कि ‘जागरण प्रकाशन लिमिटेड’ के पूर्णकालिक निदेशक शैलेष गुप्त भारतीय मीडिया इंडस्ट्री में सबसे सम्मानित नामों में से एक हैं। पिछले 25 वर्षों में शैलेष गुप्त ने जागरण की मार्केटिंग स्ट्रैटेजी को एक नया आयाम प्रदान किया है और जागरण समूह में व्यापक बदलाव लाने के केंद्र में रहे हैं। वह ‘म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड’ और ‘मिडडे इंफोमीडिया लिमिटेड’ के डायरेक्टर के पद पर भी कार्यरत हैं।
अपने बेहतरीन करियर के दौरान वह कई इंडस्ट्री निकायों के शीर्ष पर रहे हैं और उनकी व्यावसायिकता व देश में मीडिया इंडस्ट्री की उनकी खास समझ के लिए उन्हें काफी सम्मानजनक श्रेणी में रखा जाता है। वह वर्ष 2019-20 में ‘इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी’ (INS) के प्रेजिडेंट रह चुके हैं। शैलेष को वर्ष 2004-05 के लिए ‘ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन’ (ABC) की मैनेजिंग कमेटी में सबसे कम उम्र के सदस्य के रूप में चुना गया था और वर्ष 2012-13 में वह इसके चेयरमैन रह चुके हैं।
वर्ष 2021 में उन्होंने ‘मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल’ (MRUC) के वाइस चेयरमैन का पदभार संभाला, जो देश में सबसे प्रमुख मीडिया अनुसंधान निकायों में से एक है, जिसका गठन देश में सटीक, समय पर और कुशल मीडिया अनुसंधान के एकमात्र उद्देश्य से किया गया है।
रोटरी क्लब, भारत द्वारा 'Youngest Entrepreneur Of The Year' के रूप में मान्यता प्राप्त शैलेष गुप्त को 'इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी' (INS) द्वारा वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ न्यूजपेपर्स, पेरिस के बोर्ड में भी नामांकित किया गया था। इन सबके अलावा शैलेष को मर्चेंट्स चैंबर ऑफ यूपी द्वारा 'एक्सीलेंस अवार्ड फॉर कम्युनिकेशन एंड मास एंटरटेनमेंट' और वर्ष 2014 में वर्ल्ड मार्केटिंग कांग्रेस द्वारा 'मोस्ट टैलेंटेड सीएमओ ऑफ इंडिया' से भी सम्मानित किया जा चुका है।
वहीं, मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर शशांक श्रीवास्तव एक जाने-माने बिजनेस लीडर हैं और देश में सबसे प्रभावशाली मार्केटर्स की लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने कोविड महामारी के सबसे चुनौतीपूर्ण समय के दौरान मारुति सुजुकी में मार्केटिंग और सेल्स से जुड़े कार्यों का नेतृत्व और संचालन किया है।
मारुति सुजुकी में तीन दशकों से अधिक के करियर में श्रीवास्तव ने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय मार्केटिंग दोनों में काम किया है और भारतीय ऑटोमोटिव इंडस्ट्री के शुरुआती दिनों से लेकर आज के अत्यधिक प्रतिस्पर्धी दौर के विकास को देखा है।
प्रतिष्ठित आईआईएम, अहमदाबाद के पूर्व छात्र शशांक श्रीवास्तव तमाम इंडस्ट्री निकायों जैसे- ‘सीआईआई नेशनल कमेटी ऑन मार्केटिंग’ (CII National Committee on Marketing), ’एडवर्टाइजिंग स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया’ (ASCI), ’इंडियन सोसायटी ऑफ एडवर्टाइजर्स’ (ISA), ’ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन’ (ABC), ’ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (BARC) और ’मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया’ के मेंबर हैं। ऑटोमेटिव इंडस्ट्री में उल्लेखनीय योगदान के लिए शशांक श्रीवास्तव को तमाम अवॉर्ड्स से नवाजा जा चुका है।
टैग्स प्रिंट शैलेष गुप्त जागरण प्रकाशन प्रिंट न्यूज मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल ऑफ इंडिया शशांक श्रीवास्तव