होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / उत्तराखंड चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार उमेश कुमार ने लहराया जीत का परचम, मिले इतने वोट
उत्तराखंड चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार उमेश कुमार ने लहराया जीत का परचम, मिले इतने वोट
‘समाचार प्लस’ के सीईओ और उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी उमेश कुमार चुनाव जीत गए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘समाचार प्लस’ के सीईओ और उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी उमेश कुमार चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार रवींद्र सिंह और बीजेपी के टिकट से चुनाव मैदान में उतरीं कुंवरानी देवयानी को बड़े अंतर से हरा दिया है। उमेश कुमार को कुल 38767 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर रहे रवींद्र सिंह को 31915 वोट मिले, वहीं 30834 वोटों के साथ देवयानी तीसरे नंबर पर रहीं।
बता दें कि खानपुर विधानसभा सीट उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में आती है। यह उत्तराखंड की महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है, जहां 2017 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने जीत दर्ज की थी।
उत्तराखंड की खानपुर सीट पर इस बार सभी की नजर थी। दरअसल, इस बार इस सीट से बीजेपी ने कुंवर प्रणब सिहं चैंपियन की पत्नी कुंवरानी देवयानी को चुनाव मैदान में उतारा था। वहीं, उमेश कुमार यहां से निर्दलीय उम्मीदवार थे। इस सीट के लिए 14 फरवरी को मतदान हुआ था। 10 मार्च को हुई मतगणना में इस सीट पर उमेश कुमार की जीत हुई है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले मे जन्मे उमेश कुमार ने अपने स्टिंग की सीडी से उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल ला दिया था, जिसके चलते तत्कालीन सीएम हरीश रावत को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा उन्होंने बीजेपी के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ मोर्चा खोला था, जिसके चलते उन पर कई मुकदमे भी दर्ज हुए थे। समाचार4मीडिया की ओर से उमेश कुमार को इस जीत के लिए ढेरों बधाई एवं शुभकामनाएं।
टैग्स समाचार प्लस उमेश कुमार उत्तराखंड चुनाव विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश चुनाव यूपी इलेक्शन खानपुर