होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / राज्यसभा चुनाव: कार्तिकेय शर्मा ने रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका पर उठाए सवाल
राज्यसभा चुनाव: कार्तिकेय शर्मा ने रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका पर उठाए सवाल
‘आईटीवी नेटवर्क’ के फाउंडर व मैनेजिंग डायरेक्टर और हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा ने रिटर्निंग ऑफिसर आर.के. नांदल की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव की दो सीटों के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ में मतदान हुआ। इस बीच ‘आईटीवी नेटवर्क’ (iTV Network) के फाउंडर व मैनेजिंग डायरेक्टर और हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा ने रिटर्निंग ऑफिसर आर.के. नांदल की भूमिका पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस बारे में चुनाव आयोग को पत्र भी लिखा है।
कार्तिक शर्मा के नाम से 10 जून को मुख्य चुनाव आयोग को लिखे गए इस शिकायती पत्र में कार्तिकेय शर्मा ने आरोप लगाया कि हरियाणा विधानसभा के सेक्रेट्री आर.के. नांदल निष्पक्षता से चुनाव करवाने की जगह कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में काम करते दिख रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने किरण चौधरी और बीबी बत्रा के वोट को रद करने की मांग भी की है। कार्तिकेय शर्मा ने आरोप लगाया है कि इन दोनों ने अपने वोट डालने के बाद दूसरों को दिखाए।
वहीं, इस मामले में रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि मैंने बहुत ही सावधानीपूर्वक इसकी वीडियोग्राफी करवायी है और पाया कि बैलेट पेपर को लेकर कोई नियम का उल्लंघन नहीं हुआ है।
उल्लेखनीय है कि पिछले राज्यसभा चुनाव में भी रिटर्निंग ऑफिसर आर.के. नांदल काफी विवादों में रहे थे। वह वर्ष 2016 में स्याही कांड को लेकर चर्चा में आए थे। दरअसल, वर्ष 2016 के चुनाव में पेन बदलने के मामले को लेकर कांग्रेस के 14 वोट रद हो गए थे। इसके बाद चुनाव आयोग ने नांदल के खिलाफ जांच बिठाई थी।
बता दें कि कार्तिक शर्मा का वास्तविक नाम कार्तिकेय शर्मा है परंतु अंबाला शहर माडल टाउन एरिया की मतदाता सूची में उनका नाम कार्तिक शर्मा दर्शाया गया है इसलिए वह कार्तिक शर्मा के नाम से ही चुनाव लड़ रहे हैं।
टैग्स राज्यसभा आईटीवी नेटवर्क कार्तिकेय शर्मा मतदान हरियाणा वोटिंग