होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / PTI ने TOI की एक रिपोर्ट को किया खारिज, कही ये बात
PTI ने TOI की एक रिपोर्ट को किया खारिज, कही ये बात
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) ने मंगलवार को ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ (Times of India) की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) ने मंगलवार को ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ (Times of India) की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि पब्लिक ब्रॉडकास्टर प्रसार भारती ने न्यूज एजेंसी के निदेशक मंडल (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) में एक स्थान की मांग की थी।
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ ने मंगलवार के अपने एडिशंस में प्रसार भारती द्वारा 27 जून को पीटीआई को लिखे गए एक पत्र का जिक्र किया था, जिसमें उसने कहा था कि वह न्यूज एजेंसी के साथ अपने संबंधों को बनाए रखने की आवश्यकता की समीक्षा कर रहा है।
प्रसार भारती दूरदर्शन और आकाशवाणी का संचालन करता है। वह पीटीआई की समाचार सेवा के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक है। दैनिक समाचार पत्र की रिपोर्ट में कहा गया है, ‘...अचानक इस रूखे व्यवहार की जड़ में भारत में चीनी राजदूत के साथ एक इंटरव्यू और भारत के सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के लिए निदेशक मंडल में एक सीट से पीटीआई के 16 सदस्यीय निदेशक मंडल का इनकार है।’
पीटीआई के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि प्रसार भारती ने कभी भी पीटीआई निदेशक मंडल में किसी स्थान की मांग नहीं की। प्रवक्ता ने कहा कि ‘पीटीआई मेमोरेंडम एंड आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन’ के तहत केवल शेयरधारक या पीटीआई से कोई वित्तीय संबंध न रखने वाले स्वतंत्र निदेशक ही बोर्ड में शामिल हो सकते हैं। प्रसार भारती इसका पात्र नहीं है, क्योंकि वह इन मानदंडों में से किसी को पूरा नहीं करता है।
टैग्स चैनल रिपोर्ट प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया