होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पद्मश्री से सम्मानित हुए वरिष्ठ पत्रकार लालबीकथांगा पचुआउ, कही ये बात
पद्मश्री से सम्मानित हुए वरिष्ठ पत्रकार लालबीकथांगा पचुआउ, कही ये बात
मिजोरम सूचना और जनसंपर्क विभाग और मिजोरम पत्रकार संघ द्वारा वर्ष 2016 में लालबीकथांगा पचुआउ को ‘देश का सबसे उम्रदराज कामकाजी पत्रकार’ घोषित किया गया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
मिजोरम के 94 वर्षीय पत्रकार लालबीकथांगा पचुआउ (Lalbiakthanga Pachuau) को पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। दिल्ली में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें इस अवॉर्ड से सम्मानित किया। इस मौके पर लालबीकथांगा पचुआउ का कहना था कि जब तक संभव होगा, वह अपना काम इसी तरह करते रहेंगे।
बता दें कि मिजोरम के सूचना और जनसंपर्क विभाग और ‘मिजोरम पत्रकार संघ’ (MJA) द्वारा वर्ष 2016 में लालबीकथांगा पचुआउ को ‘देश का सबसे उम्रदराज कामकाजी पत्रकार’ (oldest working journalist in the country) घोषित किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह अवॉर्ड मिलने पर पचुआउ का कहना है कि वह वर्षों से उन्हें दिए गए सपोर्ट के लिए अपने सहयोगियों और शुभचिंतकों के आभारी रहेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स में पचुआउ के हवाले से कहा गया है, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे पद्मश्री मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मुझे व्यक्तिगत रूप से बधाई दी है। मैं जब तक संभव हो, पत्रकारिता के पेशे का हिस्सा बना रहूंगा’
1927 में मिजोरम की राजधानी आइजोल से 80 किमी दूर सैचल गांव में जन्मे पचुआउ वर्ष 1945 में ब्रिटिश भारतीय सेना की असम रेजिमेंट में शामिल हुए और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापानियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी।
पत्रकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने वर्ष 1953 में जोराम थुपुआन (Zoram Thupuan) अखबार के साथ की और फिर अपना स्थानीय अखबार जोराम त्लांगाऊ (Zoram Tlangau) चलाया और अब तक इसके संपादक हैं।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को देश की महान विभूतियों को पद्म अवॉर्ड से सम्मानित किया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित कई हस्तियां राष्ट्रपति भवन में मौजूद रहे। पद्म अवॉर्ड भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान हैं, जिन्हें हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित किया जाता है। पद्म अवॉर्ड पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य करने वाले देश की महान विभूतियों को इन अवॉर्ड्स से नवाजा जाता है।
टैग्स लालबीकथांगा पचुआउ पद्मश्री अवॉर्ड सबसे उम्रदराज कामकाजी पत्रकार पद्म सम्मान