होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / PTI की इस तरह की कवरेज से प्रसार भारती खफा, दो टूक कही ये बात
PTI की इस तरह की कवरेज से प्रसार भारती खफा, दो टूक कही ये बात
सार्वजनिक प्रसारणकर्ता ‘प्रसार भारती’ का कहना है कि न्यूज एजेंसी ‘प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया’ राष्ट्रीय हितों के अनुरूप काम नहीं कर रही है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
सार्वजनिक प्रसारणकर्ता ‘प्रसार भारती’ (Prasar Bharati) ने न्यूज एजेंसी ‘प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया’ (Press Trust of India) को धमकी दी है कि वह उसकी सेवाएं लेनी बंद कर सकती है। प्रसार भारती के अनुसार, ‘पीटीआई’ राष्ट्रीय हितों के अनुरूप काम नहीं कर रही है।
बता दें कि भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव के सिलसिले में पिछले दिनों ‘पीटीआई’ ने भारत में चीन के राजदूत सुन वेडोंग और चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री का इंटरव्यू किया था। वेडोंग के साथ इंटरव्यू के सिर्फ तीन सवाल और उनके जवाब को भारत में चीनी दूतावास की वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। अपने इंटरव्यू में सुन ने सीमा पर तनाव के लिए भारत पर आरोप लगाए थे। इंटरव्यू में चीनी राजदूत से सवाल पूछा गया था कि क्य अब तनाव खत्म हो जाएगा तो सुन ने कहा था कि यह दायित्व भारत का है न कि चीन का।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन इंटरव्यू के बाद पीटीआई की ओर से इसे लेकर एक ट्वीट भी किया गया था। इस ट्वीट में मिस्री को यह कहते हुए प्रस्तुत किया गया कि भारत को भरोसा है कि चीन अपनी जिम्मेदारी को समझेगा और दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को खत्म करने के लिए वह वास्तविक नियंत्रण रेखा के अपने वाले हिस्से पर पीछे हटेगा।
India hopes China will realise its responsibility in de-escalation and disengaging by moving back to its side of LAC: Indian envoy to China
— Press Trust of India (@PTI_News) June 26, 2020
राजदूत के इस बयान को सरकार, खासतौर से प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के खिलाफ माना गया, जिसमें प्रधानमंत्री ने साफ तौर पर कहा था कि भारत की सीमा में न तो कोई घुसपैठ हुई है और न ही हमारी किसी जमीन पर कोई कब्जा किया गया है।
इस इंटरव्यू और ट्वीट के बाद ‘दूरदर्शन’ और ‘आकाशवाणी’ जैसे सरकारी माध्यमों की संचालनकर्ता संस्था ‘प्रसार भारती’ ने पीटीआई को देशद्रोही बताते हुए चेतावनी दी है कि वह इस समाचार एजेंसी की सेवाओं पर पुनर्विचार करेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रसार भारती के एक अधिकारी का कहना है कि पीटीआई की ओर से की जा रही देश विरोधी रिपोर्टिंग को देखते हुए उसके साथ संबंध जारी रखना उपयुक्त प्रतीत नहीं होता। समाचार एजेंसी ने जिस तरह का आचरण किया है उसे देखते हुए उसके साथ संबंधों को आगे बढ़ाने पर पुनर्विचार किया जाएगा और उसे इसकी सूचना जल्दी ही दे दी जाएगी।
टैग्स प्रसार भारती पीटीआई प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया