होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्नी व बच्चे रहते थे दूर, मीडियाकर्मी ने उठाया ये खतरनाक कदम
पत्नी व बच्चे रहते थे दूर, मीडियाकर्मी ने उठाया ये खतरनाक कदम
लंबे समय से पत्नी व बच्चों से दूर रह रहे मीडियाकर्मी ने खतरनाक निर्णय ले डाला
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
मीडियाकर्मी द्वारा अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के शिप्रा सनसिटी क्षेत्र की है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब दोपहर बाद करीब तीन बजे मेड काम के लिए फ्लैट पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि 47 वर्षीय अजीत प्रताप सिंह फ्लैट नंबर-338-डी रीगल शिप्रा सनसिटी इंदिरापुरम में अकेले रहते थे। वह शिप्रा सनसिटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष भी रह चुके थे। वह जेडकॉम इंडिया नामक कंपनी के साथ एक मीडिया संस्थान से भी जुड़े हुए थे। अजीत प्रताप कई न्यूज चैनलों में भी काम कर चुके थे। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे इंदिरापुरम निवासी घरेलू सहायिका शकुंतला घर पर काम करने पहुंची और चाबी से फ्लैट का मुख्य गेट खोला। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम में पंखे से अजीत प्रताप का शव लटका हुआ था। शकुंतला ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा।
एसएचओ, इंदिरापुरम संदीप कुमार ने बताया कि अजीत प्रताप सिंह की पत्नी और दो बच्चे रायपुर में रहते हैं। चार साल में केवल एक बार पत्नी, मां व अन्य रिश्तेदार अजीत के पास आए थे। दो महीने पहले उनका बड़ा बेटा कई दिन यहां रहकर गया था। बताया जाता है कि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने फिलहाल मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा आत्महत्या के कारण जानने के लिए पुलिस मृतक के परिवार से भी जानकारी लेगी। पुलिस पारिवारिक विवाद को भी आत्महत्या की वजह मानते हुए जांच कर रही है।
टैग्स अजीत प्रताप सिंह