होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार ने पूछा 1 सवाल, सरकार ने दिए 360 से ज्यादा जवाब
पत्रकार ने पूछा 1 सवाल, सरकार ने दिए 360 से ज्यादा जवाब
मध्य प्रदेश के पत्रकार जितेंद्र सुराना ने डाक विभाग को किया था ऑनलाइन आवेदन, मांगी थी विभाग की अचल संपत्तियों की आधिकारिक कीमत की जानकारी
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘सूचना का अधिकार’ (RTI) के तहत डाक विभाग से एक जानकारी मांगना मध्य प्रदेश के एक सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार के लिए काफी मुसीबत का सबब बन गया है। पत्रकार की परेशानी यह है कि मांगे गए एक सवाल के जवाब में विभाग की ओर से अब तक 360 से ज्यादा जवाब मिल चुके हैं।
पत्रकार ने इसे विभाग का गैरजिम्मेदाराना रवैया बताया है। इसके साथ ही कहा है कि जब ऑनलाइन जानकारी मांगी गई तो डाक के द्वारा जवाब क्यों दिए जा रहे हैं? मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सात अगस्त को पत्रकार जितेंद्र सुराना ने आरटीआई के तहत डाक विभाग को ऑनलाइन आवेदन दिया था। इसमें उन्होंने विभाग की अचल संपत्तियों की आधिकारिक कीमत की जानकारी मांगी थी।
बताया जाता है कि सुराना के आवेदन पर विभाग ने इस संबंध में चीफ पोस्टमास्टर जनरल और प्रदेश के सभी पोस्टमास्टर जनरल से जानकारी मांगी। आवेदन करने के कुछ दिनों के बाद से ही सुराना को जवाब भेजे जाने लगे।
सुराना का कहना है कि डाक विभाग की ओर से 13 अगस्त को उनके पास पहला जवाब आया। इसके बाद तो तकरीबन रोजाना पत्र आने शुरू हो गए। सुराना का यह भी कहना है कि हर दिन औसतन 10 पत्र उन्हें मिले हैं। अब तक इन जवाबों की संख्या 360 तक पहुंच चुकी है।
सुराना के अनुसार, डाक विभाग के सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे मांगी गई जानकारी का जवाब अपने वरिष्ठ पदाधिकारियों को दें। उसके बाद विभाग समेकित जवाब आवेदक को उपलब्ध कराए। अलग-अलग अधिकारियों द्वारा सभी जवाब भेजना गलत है।
इसके साथ ही जितेंद्र सुराना ने इस बात पर भी रोष जताया है कि अभी तक प्रदेश के सिर्फ 25 से 30 जिलों के डिविजनल कार्यालयों से ही डाक विभाग की अचल संपत्ति की जानकारी दी गई है। इसमें भी आधी-अधूरी जानकारी ही है।
टैग्स आरटीआई सूचना का अधिकार जितेंद्र सुराना