क्या आपने सुना है देशप्रेम से भरा पत्रकार आलोक श्रीवास्तव व जावेद अली का ये गीत

स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री द्वारा लाल किले से किए जाने वाले ध्वजारोहण के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है यह गीत

समाचार4मीडिया ब्यूरो by
Published - Wednesday, 14 August, 2019
Last Modified:
Wednesday, 14 August, 2019
Alok-Javed


टीवी पत्रकार व गीतकार आलोक श्रीवास्तव और बॉलिवुड के मशहूर सिंगर जावेद अली का नया गीत 'वतन'  इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। गीत का संगीत दुष्यंत ने दिया है। दूरदर्शन और प्रसार भारती की ओर से तैयार किए गए  इस गीत को सूचना-प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रिलीज किया है।

स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री द्वारा लाल किले से किए जाने वाले ध्वजारोहण के लिए विशेष रूप से तैयार इस गीत में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद नए कश्मीर से लेकर चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण तक को बयां किया गया है।

‘माथे पे तेरे चांद का टिका लगाएंगे/आंखों में तेरी ख्वाब के तारे सजाएंगे/तू देखना वतन तुझे कैसा सजाएंगे’ गीत में सर्जिकल-स्ट्राइक, सेना के शौर्य और पराक्रम की कहानी कुछ इस तरह है-‘कदमों पे तेरे सात गगन हम झुकाएंगे/कांधे पे तेरे जीत का परचम सजाएंगे/गालों पे तेरे शौर्य की लाली रचाएंगे/तू देखना वतन तुझे कैसा सजाएंगे।’

गीत के एक हिस्से में सरकार के संकल्प, विकास, विजन और चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण को भी पेश किया गया है-‘अब तक जो न हुआ है, वो अब कर दिखाएंगे/आंखों पे तेरी दूर का चश्मा लगाएंगे/सारी हदों के पार तुझे हम दिखाएंगे/तू देखना वतन तुझे कैसा सजाएंगे।’

गीत के अंतिम हिस्से में देश के लिए शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई है- ‘मिट्टी का तेरी मिट के भी कर्जा चुकाएंगे/मस्तक ये तेरा गर्व से ऊंचा उठाएंगे/आगे ही आगे हम तुझे ऐसा बढ़ाएंगे/तू देखना वतन तुझे कैसा सजाएंगे।’ पिछले साल भी आलोक श्रीवास्तव ने 15 अगस्त पर गीत लिखा था, जिसे शंकर महादेवन न गाया था।

दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू ने इस गीत के बारे में अपने ट्विटर अकाउंट पर जानकारी दी है, जिसे आप यहां देख सकते हैं।

इस पूरे गीत को आप यहां सुन सकते हैं

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Zee Entertainment के रेवेन्यू में 13% की बढ़ोतरी, ZEE5 की कमाई में 101% का उछाल

मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (ZEEL) ने अपनी कमाई में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है।

Samachar4media Bureau by
Published - Friday, 30 October, 2026
Last Modified:
Friday, 30 October, 2026
Zee

मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (ZEEL) ने अपनी कमाई में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी के ऑपरेटिंग रेवेन्यू में सालाना आधार पर 13% का इजाफा हुआ है और यह बढ़कर 22,246 मिलियन रुपये (2,224.6 करोड़ रुपये) पहुंच गया है। कंपनी के डिजिटल, लीनियर टेलीविजन, म्यूजिक और सब्सक्रिप्शन कारोबार के बेहतर प्रदर्शन ने इस ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई है।

कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म ZEE5 ने इस दौरान अब तक का अपना सबसे अधिक तिमाही रेवेन्यू दर्ज किया है। प्लेटफॉर्म की कमाई 6,260 मिलियन रुपये (626 करोड़ रुपये) रही, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 101% अधिक है। कंपनी के मुताबिक, अलग-अलग भाषाओं में कंटेंट की मजबूत पेशकश और यूजर एक्सपीरियंस में सुधार से इस प्रदर्शन को मजबूती मिली। इस अवधि में ZEE5 ने 34 शो और फिल्में रिलीज कीं, जिनमें नौ ओरिजिनल कंटेंट शामिल थे। प्लेटफॉर्म ने अपनी प्रॉफिटेबिलिटी में भी सुधार दर्ज किया।

कंपनी के स्पोर्ट्स कारोबार को भी FIFA World Cup 2026 से मजबूती मिली। इस टूर्नामेंट की लाइव और नॉन-लाइव प्लेटफॉर्म पर कुल पहुंच 400 मिलियन से अधिक रही, जबकि इसे देखने का कुल समय करीब 50 अरब मिनट दर्ज किया गया। इस आयोजन से कंपनी की स्पोर्ट्स पहल Unite8 Sports को भी मजबूती मिली। साथ ही, ZEE5 पर यूजर्स की सक्रियता और ग्रोथ को बढ़ावा मिला।

कंपनी के लीनियर टेलीविजन कारोबार ने भी बाजार में अपनी स्थिति मजबूत की है। BARC के आंकड़ों के मुताबिक, नेटवर्क ने वीक 24 में 20% मार्केट शेयर दर्ज किया, जो पिछले सात वर्षों में उसका सबसे ऊंचा स्तर है। कंपनी की नई फिक्शन और नॉन-फिक्शन पेशकशों पर आधारित कंटेंट रणनीति से दर्शकों की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिली। इसके अलावा, 'सा रे गा मा पा' जैसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी के जरिए नॉन-फिक्शन कंटेंट पोर्टफोलियो को भी मजबूत किया गया है। कंपनी ने 'जीना इसी का नाम है' को अपनी आगामी पेशकश के तौर पर घोषित किया है।

सब्सक्रिप्शन कारोबार भी कंपनी की ग्रोथ का एक प्रमुख आधार बनकर उभरा। कंपनी के लीनियर और डिजिटल कारोबार को मिलाकर सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू में सालाना आधार पर 30% की वृद्धि दर्ज की गई। डिजिटल सेगमेंट में प्रति यूजर औसत कमाई (ARPU) बढ़ने और नए सब्सक्राइबर्स जुड़ने से इस कारोबार को फायदा हुआ। वहीं, लीनियर टेलीविजन कारोबार में कीमतों में बढ़ोतरी ने भी सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू को सहारा दिया। दूसरी ओर, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद कंपनी के विज्ञापन रेवेन्यू में पिछली तिमाही के मुकाबले 20% की बढ़ोतरी हुई।

कंपनी के म्यूजिक कारोबार Zee Music Company ने भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी पहुंच का विस्तार किया। इस सेगमेंट को तिमाही के दौरान 59 अरब से अधिक वीडियो व्यूज मिले और इसके YouTube सब्सक्राइबर्स की संख्या 179 मिलियन के पार पहुंच गई। कंपनी के मुताबिक, म्यूजिक कारोबार ने अपनी प्रॉफिटेबिलिटी बनाए रखते हुए कई भाषाओं में म्यूजिक कैटलॉग का विस्तार किया है।

Zee Entertainment के डिजिटल, टेलीविजन, म्यूजिक, स्पोर्ट्स और सब्सक्रिप्शन कारोबार में दर्ज इस प्रदर्शन से कंपनी की समग्र ग्रोथ को मजबूती मिली है। कंपनी का फोकस अपने कंटेंट इकोसिस्टम को मजबूत करने, दर्शकों और यूजर्स की भागीदारी बढ़ाने तथा डिजिटल और स्पोर्ट्स कारोबार का विस्तार करने पर बना हुआ है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

क्या अमिश देवगन का ‘धुरंधर’ बदल देगा सुमित अवस्थी के ‘चक्रView’ की टाइमिंग?

धुरंधर’ की शुरुआत 2 नवंबर से होने के साथ ही चैनल के प्राइम टाइम में संभावित फेरबदल पर नजर रहेगी। अमिश देवगन के नए शो और सुमित अवस्थी के ‘चक्रView’ की टाइमिंग को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता है।

Samachar4media Bureau by
Published - Friday, 30 October, 2026
Last Modified:
Friday, 30 October, 2026
New Show

जाने-माने पत्रकार और न्यूज एंकर अमिश देवगन ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ (Times Now Navbharat) पर अपना नया शो ‘धुरंधर विद अमिश देवगन’ लेकर आ रहे हैं। उनके इस नए कार्यक्रम का प्रोमो लॉन्च हो चुका है। अमिश देवगन ने सोशल मीडिया पर इस शो से जुड़ा प्रमोशनल वीडियो साझा किया है। इसके मुताबिक, ‘धुरंधर’ का प्रसारण 2 नवंबर 2026 से सोमवार से शुक्रवार शाम 6:50 बजे किया जाएगा। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने के बाद अमिश देवगन का यह नया शो चैनल की प्राइम टाइम प्रोग्रामिंग का अहम हिस्सा बनने जा रहा है।

‘धुरंधर’ की लॉन्चिंग के साथ ही टाइम्स नाउ नवभारत के प्राइम टाइम शेड्यूल में बदलाव की चर्चा भी शुरू हो गई है। इसकी वजह चैनल पर सुमित अवस्थी का कार्यक्रम ‘चक्रView’ है, जो फिलहाल शाम के स्लॉट में प्रसारित होता है। सुमित अवस्थी का यह शो दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था। नए शो के इसी समय के आसपास आने के कारण सुमित अवस्थी के कार्यक्रम की टाइमिंग में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

अमिश देवगन ने सितंबर 2026 में टाइम्स नाउ नवभारत में मैनेजिंग एडिटर के तौर पर नई पारी शुरू की है। इससे पहले वह नेटवर्क18 के हिंदी न्यूज चैनल न्यूज18 इंडिया से जुड़े थे। वहां उन्होंने ‘आर-पार’ जैसे प्राइम टाइम कार्यक्रम के जरिए अपनी पहचान बनाई। इस शो में राजनीति, राष्ट्रीय मुद्दों और समसामयिक घटनाओं पर चर्चा होती थी।

सुमित अवस्थी न्यूज टेलीविजन का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उनके शो ‘चक्रView’ में दिन की बड़ी खबरों के पीछे की वजहों और उनके अलग-अलग पहलुओं को समझाने पर जोर दिया जाता है। इसमें राष्ट्रीय राजनीति, भू-राजनीतिक घटनाक्रम और देश-दुनिया से जुड़े अहम मुद्दों का विश्लेषण किया जाता है। खबरों को केवल सुर्खियों तक सीमित रखने के बजाय उनके संदर्भ और प्रभाव को सामने लाना इस कार्यक्रम की खासियत है। शो में विजुअल एक्सप्लेनर और तथ्य आधारित विश्लेषण के जरिए जटिल मुद्दों को समझने की कोशिश की जाती है।

अब चर्चा है कि ‘चक्रView’ को शाम के स्लॉट से हटाकर रात 10 बजे प्रसारित किया जा सकता है। हालांकि, इस संभावित बदलाव को लेकर चैनल की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। टाइम्स नाउ नवभारत के उपलब्ध कार्यक्रम शेड्यूल के मुताबिक, रात 10 बजे फिलहाल ‘संकल्प’ प्रसारित होता है। इस कार्यक्रम में प्रमुख खबरों और अहम घटनाक्रमों का विश्लेषण किया जाता है। यदि सुमित अवस्थी का शो रात 10 बजे शिफ्ट होता है, तो यह देखना होगा कि ‘संकल्प’ के समय या प्रसारण व्यवस्था में क्या बदलाव किया जाता है।

धुरंधर’ की शुरुआत 2 नवंबर से होने के साथ ही चैनल के प्राइम टाइम में संभावित फेरबदल पर नजर रहेगी। अमिश देवगन के नए शो और सुमित अवस्थी के ‘चक्रView’ की टाइमिंग को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

एंथ्रोपिक में वाल्मीकि देसाई की नियुक्ति : इन्वेस्टर रिलेशंस संभालेंगे

एंथ्रोपिक ने वाल्मीकि देसाई को इन्वेस्टर रिलेशंस की जिम्मेदारी सौंपी है। देसाई इससे पहले करीब एक दशक तक सेल्सफोर्स में रहे, जहां उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया।

Samachar4media Bureau by
Published - Friday, 30 October, 2026
Last Modified:
Friday, 30 October, 2026
vaalmikidesai

वाल्मीकि देसाई (Valmiki Desai) सैन फ्रांसिस्को, कैलिफोर्निया में इन्वेस्टर रिलेशंस (Investor Relations) की जिम्मेदारी संभालते हुए एंथ्रोपिक (Anthropic) से जुड़ गए हैं।

देसाई करीब एक दशक तक सेल्सफोर्स (Salesforce) में रहे। हाल ही में उन्होंने मार्च से अक्टूबर 2026 तक वाइस प्रेसिडेंट-इन्वेस्टर रिलेशंस (Vice President-Investor Relations) के पद पर काम किया।

इससे पहले वह फरवरी 2025 से मार्च 2026 तक सीनियर डायरेक्टर-इन्वेस्टर रिलेशंस और अगस्त 2023 से जनवरी 2025 तक डायरेक्टर-इन्वेस्टर रिलेशंस के पद पर रहे। सेल्सफोर्स में अपने कार्यकाल के दौरान देसाई ने इन्वेस्टर रिलेशंस में सीनियर मैनेजर, मैनेजर और सीनियर फाइनेंशियल एनालिस्ट जैसी जिम्मेदारियां भी संभालीं।

उन्होंने सेल्सफोर्स में अपने करियर की शुरुआत कॉरपोरेट अकाउंटिंग (Corporate Accounting) से की थी। इस दौरान उन्होंने कमीशन अकाउंटिंग और कॉरपोरेट अकाउंटिंग स्ट्रैटेजी एवं ऑपरेशंस से जुड़े काम किए। इसके बाद वह इन्वेस्टर रिलेशंस टीम में चले गए।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Delta Corp को GST मामले में मिली थोड़ी राहत

कैसीनो कारोबार करने वाली कंपनी Delta Corp Limited और उसकी दो सहायक कंपनियों को जीएसटी के मामले में आंशिक राहत मिली है।

Vikas Saxena by
Published - Friday, 30 October, 2026
Last Modified:
Friday, 30 October, 2026
DeltaCorp587

कैसीनो कारोबार करने वाली कंपनी Delta Corp Limited और उसकी दो सहायक कंपनियों को जीएसटी के मामले में आंशिक राहत मिली है। गोवा के केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) आयुक्तालय के अतिरिक्त आयुक्त ने 28 अक्टूबर 2026 को सुधार आदेश जारी कर तीनों कंपनियों पर कुल अंतर जीएसटी मांग को 37.11 करोड़ रुपये से घटाकर 28.99 करोड़ रुपये कर दिया है। यानी मांग में करीब 8.12 करोड़ रुपये की कमी की गई है।

कंपनी ने 29 अक्टूबर को शेयर बाजारों को दी जानकारी में बताया कि ये आदेश उसके और उसकी सहायक कंपनियों Highstreet Cruises and Entertainment Private Limited (HCEPL) तथा Delta Pleasure Cruise Company Private Limited (DPCCPL) से जुड़े हैं।

किस कंपनी की जीएसटी मांग कितनी घटी?

कंपनी के खुलासे के मुताबिक, जुलाई 2017 से मार्च 2022 के दौरान कैसीनो में प्रवेश से जुड़े पैकेजों को मिश्रित आपूर्ति (Mixed Supply) मानकर लगाए गए अतिरिक्त जीएसटी की गणना में सुधार किया गया है।

कंपनी

पहले की जीएसटी मांग

संशोधित मांग

कमी

Delta Corp

₹27.57 करोड़

₹21.54 करोड़

₹6.03 करोड़

Highstreet Cruises and Entertainment

₹8.57 करोड़

₹6.70 करोड़

₹1.87 करोड़

Delta Pleasure Cruise Company

₹96.58 लाख

₹75.45 लाख

करीब ₹21.12 लाख

कुल

₹37.11 करोड़

₹28.99 करोड़

करीब ₹8.12 करोड़

जीएसटी की गणना में क्या सुधार हुआ?

अतिरिक्त आयुक्त ने माना कि कैसीनो प्रवेश पैकेजों से हुई संबंधित प्राप्तियों पर अतिरिक्त जीएसटी की गणना टैक्स सहित कुल राशि (Cum-tax Basis) के आधार पर होनी चाहिए। साथ ही, उन प्राप्तियों पर पहले ही जमा किए गए जीएसटी का क्रेडिट भी दिया जाना चाहिए।

पहले के आदेशों में टैक्स को छोड़कर राशि (Ex-tax Basis) पर दर लागू की गई थी। सुधार आदेश में इसे रिकॉर्ड में स्पष्ट गलती माना गया और इसी आधार पर जीएसटी मांग की रकम संशोधित की गई।

जुर्माना भी घटा, लेकिन ब्याज देना होगा

कंपनी की जानकारी के मुताबिक, जीएसटी मांग घटने के साथ ही तीनों कंपनियों पर जुर्माने की रकम भी घटाकर कुल 28.99 करोड़ रुपये कर दी गई है। इसमें Delta Corp पर 21.54 करोड़ रुपये, Highstreet Cruises and Entertainment पर 6.70 करोड़ रुपये और Delta Pleasure Cruise Company पर 75.45 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है।

हालांकि, ब्याज की देनदारी बनी हुई है। कंपनी के खुलासे के अनुसार, बकाया अतिरिक्त जीएसटी पर भुगतान की निर्धारित तारीख से लेकर रकम चुकाने तक सालाना 18% की दर से ब्याज लगाया जाएगा।

इस तरह, जीएसटी मांग में कमी और जुर्माने में संशोधन के बावजूद मामला पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

कंपनी अपील करने पर भी कर रही है विचार

Delta Corp ने कहा है कि वह 28 अक्टूबर के सुधार आदेशों और 25 सितंबर 2026 को जारी मूल आदेशों की समीक्षा कर रही है। कंपनी और उसकी सहायक कंपनियां कानून के तहत तय समयसीमा में अपील दाखिल करने समेत उचित कदम उठाने पर विचार कर सकती हैं।

कंपनी की ओर से दी गई जानकारी में यह नहीं कहा गया है कि संशोधित जीएसटी मांग और जुर्माने का भुगतान कर दिया गया है। इसलिए इसे जीएसटी मांग में संशोधन के रूप में ही देखा जाना चाहिए, न कि पूरे विवाद के निपटारे के रूप में। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Bodhi Tree Multimedia में पूंजी जुटाने के प्रस्ताव को शेयरधारकों की मंजूरी

मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की कंपनी Bodhi Tree Multimedia Limited को योग्य संस्थागत निवेशकों के जरिए पूंजी जुटाने के प्रस्ताव पर शेयरधारकों की मंजूरी मिल गई है।

Vikas Saxena by
Published - Friday, 30 October, 2026
Last Modified:
Friday, 30 October, 2026
BodhiTree9854

मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की कंपनी Bodhi Tree Multimedia Limited को योग्य संस्थागत निवेशकों के जरिए पूंजी जुटाने के प्रस्ताव पर शेयरधारकों की मंजूरी मिल गई है। कंपनी के 28 अक्टूबर 2026 को हुई पहली असाधारण आम बैठक (EGM) के मतदान नतीजों के मुताबिक, प्रस्ताव के पक्ष में सभी वैध वोट पड़े। कंपनी ने 29 अक्टूबर को मतदान के नतीजों और स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट शेयर बाजारों के साथ साझा की।

क्या है प्रस्ताव?

कंपनी के शेयरधारकों के सामने योग्य संस्थागत निवेश (Qualified Institutional Placement यानी QIP) के जरिए पूंजी जुटाने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके तहत पात्र निवेशकों को इक्विटी शेयर और/या अन्य पात्र प्रतिभूतियां जारी करने की मंजूरी मांगी गई थी। यह एक विशेष प्रस्ताव था।

100% वोट प्रस्ताव के पक्ष में

कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर कुल 5,68,45,822 वोट पड़े। ये सभी वोट प्रस्ताव के पक्ष में थे। प्रस्ताव के खिलाफ एक भी वोट नहीं पड़ा। इस तरह कुल वैध वोटों में से 100% समर्थन मिलने के बाद प्रस्ताव जरूरी बहुमत से पारित हो गया।

मतदान के आंकड़ों के अनुसार, प्रमोटर और प्रमोटर समूह के पास मौजूद 4,40,96,739 शेयरों में से 4,40,96,228 वोट पड़े। सार्वजनिक गैर-संस्थागत शेयरधारकों के 11,98,07,889 शेयरों में से 1,27,49,594 वोट पड़े। सार्वजनिक संस्थागत शेयरधारकों के 1,77,93,149 शेयरों से कोई वोट दर्ज नहीं हुआ।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक

कंपनी की पहली असाधारण आम बैठक 28 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे शुरू हुई और 4:15 बजे समाप्त हुई। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यम से आयोजित की गई थी।

मतदान के लिए रिकॉर्ड डेट 21 अक्टूबर 2026 तय की गई थी। कंपनी के अनुसार, इस तारीख को कुल 21,436 शेयरधारक दर्ज थे। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रमोटर और प्रमोटर समूह से एक तथा सार्वजनिक शेयरधारकों में से 46 लोगों ने हिस्सा लिया।

कंपनी ने मतदान प्रक्रिया की जांच के लिए कंपनी सेक्रेटरी जयमिन मोदी को स्क्रूटिनाइजर नियुक्त किया था। उन्होंने 29 अक्टूबर 2026 को अपनी रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट में प्रस्ताव के पक्ष में 5,68,45,822 वोट दर्ज किए गए और विरोध में कोई वोट नहीं पाया गया। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का बजट 4.44% बढ़ा, 2026-27 के लिए ₹4,551.94 करोड़ आवंटित

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के बजट में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 193.56 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

Vikas Saxena by
Published - Friday, 30 October, 2026
Last Modified:
Friday, 30 October, 2026
MIB8964

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के बजट में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 193.56 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। भारत सरकार के आधिकारिक बजट दस्तावेजों के मुताबिक, मंत्रालय के लिए 2025-26 में 4,358.38 करोड़ रुपये का बजट अनुमान था, जिसे 2026-27 के लिए बढ़ाकर 4,551.94 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस तरह मंत्रालय के बजट में करीब 4.44 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

मंत्रालय की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 में बजट का ब्योरा दिया गया है। इसमें 2025-26 के मूल बजट अनुमान, संशोधित अनुमान और 2026-27 के बजट अनुमान की जानकारी शामिल है।

केंद्रीय योजनाओं के लिए बढ़ा आवंटन

आधिकारिक बजट दस्तावेजों के मुताबिक, केंद्रीय क्षेत्र की योजनाओं के लिए 2025-26 में 1,118.49 करोड़ रुपये का बजट अनुमान था। 2026-27 में इसे बढ़ाकर 1,361.79 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इस मद में 243.30 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

स्थापना खर्च के लिए ₹599.08 करोड़

मंत्रालय के स्थापना खर्च के लिए 2025-26 में 582.50 करोड़ रुपये का बजट अनुमान था। 2026-27 में यह बढ़कर 599.08 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह इस मद में 16.58 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

अन्य केंद्रीय खर्च में 66.32 करोड़ रुपये की कमी

दूसरी ओर, अन्य केंद्रीय खर्च के लिए 2025-26 में 2,657.39 करोड़ रुपये का बजट अनुमान था। 2026-27 के लिए यह राशि घटाकर 2,591.07 करोड़ रुपये कर दी गई है। इस मद में 66.32 करोड़ रुपये की कमी हुई है। इस तरह मंत्रालय के कुल बजट में बढ़ोतरी के बावजूद अन्य केंद्रीय खर्च के लिए निर्धारित राशि में कमी आई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

WAVES 2025 में ₹1300 करोड़ से ज्यादा के हुए कारोबारी सौदे, ₹8,000 करोड़ के MoU का भी जिक्र

मुंबई में आयोजित वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) 2025 के दौरान WAVES Bazaar के जरिए 1,300 करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबारी सौदे हुए।

Vikas Saxena by
Published - Friday, 30 October, 2026
Last Modified:
Friday, 30 October, 2026
WAVES5412

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 के मुताबिक, मुंबई में आयोजित वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) 2025 के दौरान WAVES Bazaar के जरिए 1,300 करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबारी सौदे हुए। इस दौरान 3,000 से अधिक कारोबारी बैठकें भी हुईं। रिपोर्ट में 8,000 करोड़ रुपये के रणनीतिक समझौता ज्ञापनों (MoU) का भी उल्लेख किया गया है।

WAVES 2025 का आयोजन 1 से 4 मई 2025 तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मई 2025 को इस सम्मेलन का उद्घाटन किया था। यह आयोजन का पहला संस्करण था। मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, इसमें 100 से अधिक देशों की भागीदारी रही। रिपोर्ट में 650 से अधिक मीडिया एवं मनोरंजन कंपनियों और एक लाख प्रतिनिधियों की अनुमानित उपस्थिति का भी उल्लेख किया गया है।

WAVES Bazaar के जरिए हुए कारोबारी सौदे

रिपोर्ट के अनुसार, WAVES Bazaar को मीडिया और मनोरंजन उद्योग से जुड़े कारोबार के लिए एक मंच के रूप में पेश किया गया। इसके जरिए 3,000 से अधिक कारोबारी बैठकें हुईं और 1,300 करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबारी सौदे हुए।

रिपोर्ट में 8,000 करोड़ रुपये के रणनीतिक समझौता ज्ञापनों का भी जिक्र है। हालांकि, इस रकम को WAVES Bazaar के जरिए हुए 1,300 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबारी सौदों से अलग समझना चाहिए। इसे पूरे हो चुके निवेश या प्राप्त हो चुकी रकम के रूप में पेश नहीं किया जा रहा है।

WaveX के तहत स्टार्टअप को लेकर निवेश चर्चा

मंत्रालय की रिपोर्ट में WaveX का भी उल्लेख है। इस पहल के तहत 120 से अधिक स्टार्टअप के बीच 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश को लेकर चर्चा हुई। रिपोर्ट में इसे निवेश संबंधी चर्चा के रूप में बताया गया है, न कि इतने मूल्य का निवेश पूरा हो जाने के रूप में।

WaveX का उद्देश्य मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े स्टार्टअप को अपने विचार और कारोबारी योजनाएं सामने रखने तथा निवेश के अवसर तलाशने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

Creatosphere के तहत क्रिएटर्स को मिला मंच

WAVES 2025 के दौरान Creatosphere के तहत 'क्रिएट इन इंडिया चैलेंज' के पहले सत्र का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। इसके साथ मास्टरक्लास और मार्गदर्शन सत्र भी हुए।

रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिएट इन इंडिया चैलेंज के पहले सत्र में 32 चुनौतियां रखी गई थीं। ये एनीमेशन, गेमिंग, संगीत, कॉमिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और ऑगमेंटेड रियलिटी/वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) जैसे क्षेत्रों से जुड़ी थीं।

मंत्रालय की रिपोर्ट में WAVES 2025 को मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल नवाचार से जुड़े कारोबार, स्टार्टअप और क्रिएटर्स के लिए एक मंच के रूप में पेश किया गया है। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

ग्रे 82.5 के नए सीईओ बने शौविक रॉय

ग्रे 82.5 ने शौविक रॉय को नया सीईओ नियुक्त किया है। वह 1 दिसंबर 2026 से जिम्मेदारी संभालेंगे और किरण राममूर्ति की जगह लेंगे, जो वीएमएल इंडिया के सीईओ बनेंगे।

Samachar4media Bureau by
Published - Thursday, 29 October, 2026
Last Modified:
Thursday, 29 October, 2026
gray

ग्रे 82.5 (Grey 82.5), जो ओगिल्वी ग्रुप (Ogilvy Group) का हिस्सा है, ने शौविक रॉय (Shouvik Roy) को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वह 1 दिसंबर 2026 से पद संभालेंगे। शौविक रॉय, किरण राममूर्ति (Kiran Ramamurthy) की जगह लेंगे, जो अब वीएमएल इंडिया (VML India) के सीईओ की जिम्मेदारी संभालेंगे।

ग्रे 82.5 के प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान किरण राममूर्ति ने एजेंसी में बदलाव और कारोबार को गति देने में अहम भूमिका निभाई। 1 दिसंबर तक किरण और शौविक मिलकर सभी क्लाइंट पार्टनरशिप और ऑपरेशंस से जुड़े कामों का सुचारू हस्तांतरण सुनिश्चित करेंगे।

शौविक रॉय को ब्रांड स्ट्रैटेजी, मार्केटिंग ट्रांसफॉर्मेशन और बिजनेस बिल्डिंग का करीब तीन दशक का अनुभव है। इससे पहले वह ओगिल्वी दिल्ली के प्रेसिडेंट और हेड रह चुके हैं। उन्होंने दुनिया के टॉप 100 ब्रांड्स में शामिल एक दर्जन से अधिक ब्रांड्स के साथ काम किया है।

उद्यमी के तौर पर शौविक ने एक चर्चित एडवरटाइजिंग और डिजाइन एजेंसी की को-फाउंडिंग भी की थी। वह पेपरबोट (Paper Boat) ब्रांड को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका में रहे। इसके बाद उन्होंने जी.ओ.ए.टी. ब्रांड लैब्स (G.O.A.T. Brand Labs) को खड़ा करने में भी योगदान दिया।

द ओगिल्वी ग्रुप इंडिया (The Ogilvy Group India) के सीईओ वीआर राजेश (VR Rajesh) ने नियुक्ति पर कहा कि ग्रे 82.5 एक मजबूत आधार और ग्रे व 82.5 के सफल एकीकरण के बाद मिली शानदार कारोबारी गति के साथ अगले चरण में प्रवेश कर रही है। उन्होंने किरण राममूर्ति के नेतृत्व, समर्पण और एजेंसी पर उनके प्रभाव की सराहना की और वीएमएल इंडिया में नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

वीआर राजेश ने कहा कि शौविक रॉय ग्रे 82.5 के चैलेंजर अप्रोच के लिए उपयुक्त नेतृत्व लेकर आए हैं। उनके पास मजबूत रणनीतिक समझ, उद्यमी सोच और लोकप्रिय ब्रांड बनाने का साबित अनुभव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शौविक की सोच और ऊर्जा क्लाइंट्स के लिए कारोबार बढ़ाने और क्रिएटिव एक्सीलेंस हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

भारत के गेमिंग उद्योग पर इंडिया गेमिंग रिपोर्ट जारी

भारत में 53.5 करोड़ प्योर प्ले गेमर्स हैं और 2026 में गेमिंग बाजार 14,344 करोड़ रुपये का अनुमानित है। नई रिपोर्ट ने ओरिजिनल आईपी और वैश्विक सफलता को अगली प्राथमिकता बताया है।

Samachar4media Bureau by
Published - Thursday, 29 October, 2026
Last Modified:
Thursday, 29 October, 2026
gamingreport

भारत का गेमिंग उद्योग अब सिर्फ बड़े दर्शक वर्ग तक सीमित नहीं रहना चाहता। उद्योग के सामने अगली चुनौती गेम बनाने की क्षमता को मजबूत कारोबार, अलग पहचान वाली बौद्धिक संपदा (IP) और लगातार वैश्विक सफलता में बदलने की है।

डेंट्सु इंडिया (dentsu India) ने आईडब्ल्यूएमबज़ मीडिया (IWMBuzz Media) के साथ मिलकर इंडिया गेमिंग अवॉर्ड्स के सीजन 5 में इंडिया गेमिंग रिपोर्ट का तीसरा संस्करण जारी किया। ‘फ्रॉम प्लेयर्स टू प्लेमेकर्स’ थीम पर आधारित रिपोर्ट में भारतीय गेमिंग उद्योग के विकास, गेम डेवलपमेंट क्षमता और बड़े गेमिंग बाजार को लंबे समय की सफलता में बदलने की संभावनाओं पर फोकस किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पिछले एक साल में प्योर प्ले गेमिंग से जुड़े अनुमानित 53.5 करोड़ गेमर्स हैं। इनमें 33.2 करोड़ करंट प्योर प्ले गेमर्स हैं, जिन्होंने पिछले तीन महीनों में गेम खेला है। वहीं, 10.9 करोड़ करंट पेइंग प्योर प्ले गेमर्स हैं। भारत का प्योर प्ले गेमिंग बाजार 2026 में 14,344 करोड़ रुपये का अनुमानित है।

रिपोर्ट में प्योर प्ले गेमिंग को ऐसे डिजिटल गेम्स के रूप में परिभाषित किया गया है, जिन्हें मुख्य रूप से मनोरंजन, क्रिएटिव एक्सप्रेशन, सोशल कनेक्शन, प्रतिस्पर्धा या सांस्कृतिक भागीदारी के लिए खेला जाता है। इसमें ऑनलाइन मनी गेम्स, सट्टेबाजी और जुआ शामिल नहीं हैं।

14,344 करोड़ रुपये की प्योर प्ले गेमिंग अर्थव्यवस्था में 8,705 करोड़ रुपये का गेमिंग विज्ञापन, 5,239 करोड़ रुपये का कंज्यूमर पेमेंट और 401 करोड़ रुपये का ई-स्पोर्ट्स व अन्य पात्र राजस्व शामिल है।

रिपोर्ट के अनुसार भारत में गेम बनाने की क्षमता मजबूत है, लेकिन ओरिजिनल आईपी अगला बड़ा लक्ष्य है। भारत में बने गेम्स का अनुभव रखने वाले सर्वेक्षण में शामिल 70 प्रतिशत गेमर्स ने उनकी क्वालिटी को अच्छी या बहुत अच्छी रेटिंग दी। हालांकि, बड़े स्तर पर अलग पहचान वाली और स्वामित्व योग्य आईपी तैयार करना अब भी चुनौती है।

डेंट्सु गेमिंग इंडस्ट्री रेडीनेस बैरोमीटर के मुताबिक, गेमिंग इकोसिस्टम अभी पूरी तरह परिपक्व नहीं हुआ है। सात में से चार स्तंभ ‘डेवलपिंग’ और तीन ‘बिल्डिंग’ चरण में हैं। इनमें से कोई भी ‘एस्टैब्लिश्ड’ या ‘एडवांस्ड’ स्तर तक नहीं पहुंचा है।

भारतीय गेमिंग कंपनियों की ग्लोबल पार्टिसिपेशन भी बढ़ी है। कंपनियां इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन में हिस्सा ले रही हैं, लेकिन अपने गेम्स के साथ लगातार वैश्विक सफलता अभी कुछ कंपनियों तक ही सीमित है।

रिपोर्ट में उद्योग के अगले चरण के लिए चार प्राथमिकताएं बताई गई हैं—‘डिजाइन फॉर डेप्थ’, ‘बिल्ड बियॉन्ड द ब्रेकथ्रू’, ‘मेक द सिस्टम ऐज स्ट्रॉन्ग ऐज द प्रोडक्ट’ और ‘मेक ग्लोबल सक्सेस रिपीटेबल’। इनका फोकस खिलाड़ियों को ज्यादा गहराई से जोड़ने, ओरिजिनल भारतीय गेम्स तैयार करने, मजबूत स्टूडियो बनाने और ज्यादा भारतीय गेम्स को वैश्विक स्तर पर सफल बनाने पर है।

यह रिपोर्ट भारत के शहरी टियर-1 से टियर-3 शहरों में 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वयस्कों के बीच किए गए कंज्यूमर रिसर्च पर आधारित है। इसमें इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की राय और सेकेंडरी रिसर्च भी शामिल है। राष्ट्रीय गेमर और बाजार के अनुमान अलग से तैयार किए गए हैं।

डेंट्सु साउथ एशिया के सीईओ हर्षा रजदान ने कहा कि भारत ने अपने गेमिंग उद्योग की क्षमता साबित की है। उनके मुताबिक, 33 करोड़ से अधिक करंट प्योर प्ले गेमर्स और 10 करोड़ से अधिक करंट पेइंग प्योर प्ले गेमर्स के बाद अगला चरण दुनिया के लिए गेम तैयार करने वाले प्लेमेकर्स का है।

डेंट्सु साउथ एशिया के प्रेसिडेंट और चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर नारायण देवनाथन ने कहा कि किसी उद्योग की असली परीक्षा एक बड़ी सफलता को दोहराने की क्षमता है। उनके मुताबिक, भारत ने गेम बनाने और दर्शकों तक पहुंचने की क्षमता दिखाई है, जबकि अगली चुनौती अलग पहचान वाली आईपी, मजबूत स्टूडियो और ज्यादा भारतीय गेम्स को वैश्विक सफलता दिलाने की है।

आईडब्ल्यूएमबज़ मीडिया (IWMBuzz Media) के फाउंडर और एडिटर-इन-चीफ सिद्धार्थ लाइक ने कहा कि गेमिंग पर चर्चा अब सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन स्टूडियो, क्रिएटर्स और कम्युनिटीज तक पहुंच गई है जो इस इंडस्ट्री को तैयार कर रहे हैं। उन्होंने इसे ‘प्लेयर्स से प्लेमेकर्स’ तक के सफर के रूप में बताया।

इंडिया गेमिंग अवॉर्ड्स के सीजन 5 में गेमर्स, क्रिएटर्स और टीमों को भी सम्मानित किया गया। इनमें जोनाथन ‘जोनाथन गेमिंग’ अमरल, शाक्षी ‘शार्कशी’ शेट्टी, सिद्धांत प्रवीण ‘श्रीमैन लीजेंड’ जोशी, यश ‘लोल्ज्ज गेमिंग’ ठक्कर, शगुफ्ता ‘एक्सया’ इकबाल, अंकित ‘अंकीबॉट’ पांडे, आदित्य ‘डायनमो गेमिंग’ सावंत और माहेक ‘मिजो प्लेज’ सैयद समेत कई नाम शामिल रहे।

इंडिया गेमिंग रिपोर्ट का नया संस्करण डेंट्सु और आईडब्ल्यूएमबज़ मीडिया के बीच बहुवर्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाता है। साझेदारी के जरिए इंडस्ट्री से जुड़ी जानकारी और भारतीय गेमिंग को आगे बढ़ाने वाली प्रतिभाओं को एक मंच दिया जा रहा है। इसका लक्ष्य अलग पहचान वाले गेम, मजबूत आईपी और वैश्विक स्तर पर लगातार प्रतिस्पर्धा करने वाला गेमिंग उद्योग तैयार करना है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

शरथ कुमार बने हेक्टर बेवरेजेज के एवीपी मार्केटिंग

हेक्टर बेवरेजेज ने शरथ कुमार को एवीपी मार्केटिंग-प्लेटफॉर्म हेड नियुक्त किया है। वह जिप्टो और डाबर इंडिया जैसी कंपनियों में आठ साल का अनुभव लेकर नई भूमिका में शामिल हुए हैं।

Samachar4media Bureau by
Published - Thursday, 29 October, 2026
Last Modified:
Thursday, 29 October, 2026
sharathkumar

पेपर बोट (Paper Boat) की पैरेंट कंपनी हेक्टर बेवरेजेज (Hector Beverages) ने शरथ कुमार (Sharath Kumar) को एवीपी मार्केटिंग-प्लेटफॉर्म हेड (AVP Marketing – Platform Head) नियुक्त किया है। कंपनी ने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए उनकी नियुक्ति की जानकारी साझा की।

कंपनी ने अपनी पोस्ट में कहा कि शरथ कुमार के जुड़ने से मजबूत ब्रांड बनाने, उपभोक्ताओं के साथ सार्थक जुड़ाव कायम करने और ग्रोथ के नए अवसर तलाशने की दिशा में काम किया जाएगा। शरथ के पास जिप्टो (Zepto) और डाबर इंडिया (Dabur India) समेत प्रमुख कंपनियों में काम करने का आठ साल का अनुभव है। उन्हें कैटेगरी मैनेजमेंट, ब्रांड बिल्डिंग, सेल्स और मार्केटिंग का अनुभव है।

डिजिटल कॉमर्स और स्थापित एफएमसीजी कारोबार, दोनों क्षेत्रों में काम करने के अनुभव से उन्हें कारोबार बढ़ाने, उपभोक्ताओं की जरूरतों को समझने और सफल कैटेगरी तैयार करने का व्यापक दृष्टिकोण मिला है।

इससे पहले शरथ कुमार ने जिप्टो के साथ दो साल से अधिक समय तक काम किया। वहां उन्होंने चॉकलेट, बिस्किट, बेकरी और कन्फेक्शनरी जैसी बड़ी कैटेगरी का नेतृत्व किया। उन्होंने स्ट्रैटेजिक प्राइसिंग, प्रमोशन और कैटेगरी डेवलपमेंट के जरिए इन कैटेगरी की ग्रोथ पर काम किया।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए