होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानिए, असम व पश्चिमी बंगाल चुनाव को लेकर क्या कहता है India News का ओपिनियन पोल
जानिए, असम व पश्चिमी बंगाल चुनाव को लेकर क्या कहता है India News का ओपिनियन पोल
पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। इन चुनावों को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी करने के साथ ही जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं। वहीं, इंडिया न्यूज-जन की बात ओपिनियन पोल की मानें तो इस बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिलने जा रही है।
इस ओपिनियल पोल के अनुसार, राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से बीजेपी को 150-162 सीटें मिलने जा रही हैं। इस ओपिनियन पोल में तृणमूल कांग्रेस को 118-134 और कांग्रेस-महागठबंधन को 10-14 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है। जाने-माने चुनाव विश्लेषक प्रदीप भंडारी के नेतृत्व में 300 फील्ड रिसर्चर्स और विश्लेषकों की टीम द्वारा किए गए एक सर्वे के बाद यह आकलन किया गया है। 40,000 से ज्यादा सैंपल साइज के आधार पर यह ओपिनियन पोल तैयार किया गया है।
वहीं, असम के चुनावों की बात करें तो इस ओपिनियन पोल के अनुसार, सीएए, एनआरसी और बाढ़ जैसे मुद्दों के बावजूद राज्य में बीजेपी इस बार भी सत्तारूढ़ होगी। सर्वे के अनुसार, राज्य की 126 सीटों में से बीजेपी को 68-78 सीटें मिलेंगी, जबकि कांग्रेस के खाते में 48-58 सीटें आने का अनुमान है।
सर्वे के अनुसार, बीजेपी कई निर्वाचन क्षेत्रों में मामूली अंतर के साथ जीतेगी, जबकि कांग्रेस उन निर्वाचन क्षेत्रों में मजबूत होगी, जहां लड़ाई कमोबेश एकतरफा है। इस ओपिनियन पोल के अनुसार, इस चुनाव में राज्य के क्षेत्रीय दलों की सीटों की संख्या नगण्य रह सकती है।
टैग्स इंडिया न्यूज बीजेपी भारतीय जनता पार्टी असम चुनाव पश्चिम बंगाल चुनाव चुनाव पूर्व आकलन मत सर्वेक्षण जन की बात