होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सूचना-प्रसारण क्षेत्र में इस बीच 91 मिलियन डॉलर का हुआ विदेशी निवेश
सूचना-प्रसारण क्षेत्र में इस बीच 91 मिलियन डॉलर का हुआ विदेशी निवेश
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को संसद में आर्थिक समीक्षा 2021-22 पेश की।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को संसद में आर्थिक समीक्षा 2021-22 पेश की। आर्थिक समीक्षा में बताया गया कि सूचना-प्रसारण (I&B) क्षेत्र ने अप्रैल से सितंबर 2021 के बीच 91 मिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्राप्त किया है।
हालांकि, 2020 में इसी अवधि के दौरान 161 मिलियन अमेरिकी डॉलर प्राप्त हुआ था, लेकिन इसके मुकाबले देखें तो 2021 की समान अवधि के दौरान विदेशी निवेश घटा है। वहीं अप्रैल से सितंबर 2019 के बीच यह आंकड़ा 196 मिलियन अमेरिकी डॉलर था।
वित्तीय वर्ष 2020-21 के बीच इस क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) 314 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहा है, जबकि वित्तीय वर्ष 2019-20 के बीच एफडीआई 823 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहा। वहीं, 2018-19 के बीच इस क्षेत्र में एफडीआई 1.25 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा। वर्ष 2021-22 में सेवा क्षेत्र में सकल एफडीआई इक्विटी अंतर्वाह में सूचना-प्रसारण क्षेत्र की भागीदारी 0.54% थी।
आर्थिक सर्वेक्षण में यह भी कहा गया है कि 2020-21 में सेवा क्षेत्र में साल दर साल (YoY) 8.4% की कमी आई है। यह गिरावट उप-क्षेत्र 'व्यापार, होटल, परिवहन, संचार और प्रसारण से संबंधित सेवाओं' में सालाना 18.2% के तेज संकुचन से प्रभावित थी। संपर्क-गहन प्रकृति के कारण, इस उप-क्षेत्र में शामिल सेवाओं को प्रचलित महामारी के कारण होने वाले व्यवधानों का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ा।
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान सेवा क्षेत्र में लगातार सुधार दर्ज किया गया। कुल मिलाकर, सेवा क्षेत्र में वर्ष 2021-22 की पहली छमाही (H1) में 10.8% की वृद्धि हुई। समीक्षा के मुताबिक, तिमाही अनुमानों पर करीब से नजर डालने से पता चलता है कि सेवा क्षेत्र (निर्माण को छोड़कर) में सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) वर्ष 2021-22 की दूसरी तिमाही में पूर्व-महामारी स्तर को पार कर गया, जो वर्ष 2019-20 की तीसरी तिमाही (Q3) में जीवीए पर तिमाही जीवीए के प्रदर्शन की तुलना करती है।
उप-क्षेत्र 'व्यापार, होटल, परिवहन, संचार और प्रसारण से संबंधित सेवाएं, जो पिछले साल सबसे ज्यादा प्रभावित हुई, वर्ष 2021-22 की पहली छमाई (H1) में 18.4% की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, इस उप-क्षेत्र का त्रैमासिक जीवीए अभी भी अपने पूर्व-महामारी स्तर से नीचे है।
मार्च-मई 2020 के दौरान लगाए गए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन और अप्रैल-मई 2021 में दूसरी कोविड लहर के दौरान स्थानीयकृत लॉकडाउन के प्रभाव से सेवा क्षेत्र लगभग पूरी तरह से उबर चुका है, हालांकि कुछ उप-क्षेत्रों पर महामारी का प्रभाव जारी है।
पहले उन्नत अनुमानों (first advanced estimates) के अनुसार, वर्ष 2021-22 में समग्र सेवा क्षेत्र का जीवीए 8.2% बढ़ने की उम्मीद है, जबकि उप-क्षेत्र 'व्यापार, होटल, परिवहन, संचार एवं प्रसारण से संबंधित सेवाओं' का जीवीए 2021-22 में 11.9 प्रतिशत तक बढ़ने का अनुमान है।
टैग्स प्रत्यक्ष विदेशी निवेश सूचना और प्रसारण क्षेत्र आर्थिक समीक्षा 2021-22