होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘चैनल 7’ ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर लगाए गंभीर आरोप, पहुंचा अदालत
‘चैनल 7’ ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर लगाए गंभीर आरोप, पहुंचा अदालत
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला बुधवार को मानुका ओवल, कैनबरा में खेला जाएगा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला बुधवार को मानुका ओवल, कैनबरा में खेला जाएगा। लेकिन इससे पहले ही एक विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि यह विवाद भारत-ऑस्ट्रेलिया टीमों के बीच नहीं बल्कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) और ‘चैनल 7’ के बीच है, जोकि नया नहीं है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैचों का प्रसारण करने वाले ‘चैनल 7’ ने विवादों के बढ़ने के बाद अब कई बड़े आरोप लगाए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘चैनल 7’ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अदालत चला गया है और उसने ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड पर बीसीसीआई से डरने का आरोप लगा दिया है। ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ के अनुसार, चैनल ने अदालत में हलफनामा दायर करने की पुष्टि की है। चैनल ने कहा है कि सीए ने बीसीसीआई के हितों के अनुसार सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव करके प्रसारण अनुबंध का उल्लंघन किया है।
चैनल की तरफ से कहा गया है कि बोर्ड वही करता है जिससे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को खुशी मिलती है। वह भारतीय क्रिकेट बोर्ड से डरता है और उसको खुश करने के लिए ही उसके मुताबिक टूर्नामेंट के कार्यक्रम में बदलाव करता है।
सेवन वेस्ट मीडिया के मुख्य कार्यकारी जेम्स वारबर्टन ने कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ वनडे और टी20 मैचों की बजाय दिन रात के टेस्ट के साथ श्रृंखला का आगाज करना था जो अब एडिलेड में 17 दिसंबर से खेला जाएगा। उन्होंने कहा, 'यह शर्मनाक है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बतौर प्रसारक हमारा सम्मान नहीं करता और बीसीसीआई के आगे भीगी बिल्ली बना हुआ है। वह बीसीसीआई से डरता है।'
चैनल का कहना है कि सीए के आला अधिकारी बीसीसीआई और दूसरे घरेलू प्रसारण साझेदार फॉक्सटेल की मर्जी से चल रहे हैं। चैनल ने कहा कि वह दौरे के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के संदर्भ में सीए, बीसीसीआई, फॉक्स्टेल और प्रदेश सरकारों के अधिकारियों के बीच हुए ई-मेल देखना चाहता है।
बता दें विराट कोहली की पैटरनिटी लीव से भी ‘चैनल 7’ को बड़ा झटका लगा है और उसके प्रतिद्धंदी चैनल फॉक्स स्पोर्ट्स को इससे फायदा हुआ है। दरअसल ‘चैनल 7’ के पास चार टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज के अधिकार हैं, जिसमें विराट कोहली सिर्फ एक टेस्ट मैच खेलेंगे। वहीं फॉक्स स्पोर्ट्स ने भारत-ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टी20 सीरीज के अधिकार हासिल किये हैं और विराट कोहली पूरी सीरीज खेल रहे हैं. दोनों चैनलों ने विराट कोहली पर ही सीरीज का पूरा प्रोमो बनाया था लेकिन विराट कोहली की छुट्टियों से चैनल 7 को नुकसान होने की बात कही जा रही है।
टैग्स बीसीसीआई चैनल 7 क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया