होम / डिजिटल / Worldreader ने Jio से मिलाया हाथ, कुछ यूं होगा लोगों का फायदा
Worldreader ने Jio से मिलाया हाथ, कुछ यूं होगा लोगों का फायदा
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर गैरसरकारी संस्था ‘वर्ल्डरीडर’ ने टेलिकॉम कंपनी ‘रिलायंस जियो’ के साथ एक पार्टनरशिप की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस (आठ सितंबर) पर अंतर्राष्ट्रीय गैरसरकारी संस्था ‘वर्ल्डरीडर’ (Worldreader) ने मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली देश की सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनी ‘रिलायंस जियो’ (Reliance Jio) के साथ एक पार्टनरशिप की है।
इस पार्टनरशिप के तहत भारत के 15 करोड़ से अधिक जिओ फोन ग्राहकों के लिए ‘वर्ल्डरीडर’ के बुकस्मार्ट एप्लिकेशन के जरिये बच्चों की पुस्तकें मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पार्टनरशिप के तहत कम आमदनी वाले घरों में रहने वाले माता-पिता भी ‘वर्ल्डरीडर’ की बच्चों की किताबों की लाइब्रेरी का फायदा उठा सकेंगे।
‘वर्ल्डरीडर’ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इससे न केवल गुणवत्तापूर्ण पठन सामग्री पाने की तमाम रुकावटें दूर होंगी, साथ ही बच्चों में बेहतर पठन-कौशल का विकास भी होगा। बुकस्मार्ट पुस्तकालय में स्वास्थ्य, प्रकृति और विज्ञान, भाषा कला, सामाजिक अध्ययन के साथ-साथ कहानियां और लोक कथाओं के बारे में किताबें शामिल हैं। इसे कोई भी आसानी से इस्तेमाल कर सकता है।
मुंबई से जियो प्रवक्ता का कहना है, ‘वर्ल्डरीडर के साथ इस साझेदारी से हम उत्साहित हैं, जिसके जरिये हम कोविड अवधि के दौरान और इसके बाद भी भारत के करोड़ों घरों में डिजिटल कहानियों की किताबों का एक समृद्ध संग्रह उपलब्ध कर पाने में समर्थ होंगे।’
‘वर्ल्डरीडर’ सीईओ और सह-संस्थापक डेविड रिशर के अनुसार, ‘हम अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता सप्ताह के दौरान इस साझेदारी की घोषणा करते हुए रोमांचित हैं। रिलायंस जियो के साथ इस एकजुटता से निश्चित ही लाखों परिवारों का जीवन बेहतर होगा।’
वर्ल्डरीडर के वैश्विक कार्यकारी सदस्य और भारत बोर्ड के निदेशक भानु पोटा के अनुसार, ‘पूरे भारत में लाखों सीमित संसाधनों वाले परिवारों के बच्चों तक बेहतर और उच्च गुणवत्ता वाली पठन सामग्री लाने के लिए रिलायंस जियो के साथ जुड़ना न केवल महत्वपूर्ण, बल्कि तत्काल जरूरी भी है। कोरोन वायरस की वजह से स्कूलों के बंद होने के कारण ये अति आवश्यक है कि तुरंत माता-पिता की मदद करने के लिए हर घर में डिजिटल संसाधन उपलब्ध किए जाएं, जिससे बच्चों के सीखने के नुकसान को कम किया सके।’
उन्होंने बताया कि जियो फोन पर बुकस्मार्ट की उपलब्धता से, पूरे भारत में कम आय और सीमित संसाधन वाले समुदायों के बच्चों के पास वो तमाम किताबें होंगी, जिनकी उन्हें पढ़ने के कौशल, स्कूल में सफलता और एक बेहतर दुनिया का निर्माण करने के लिए जरूरत है।
टैग्स पार्टनरशिप वर्ल्डरीडर रिलायंस जियो बुक स्मार्ट एप्लीकेशन अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस