होम / डिजिटल / Mitron TV ने इन दो मीडिया प्रोफेशनल्स को अपनी लीडरशिप टीम में किया शामिल
Mitron TV ने इन दो मीडिया प्रोफेशनल्स को अपनी लीडरशिप टीम में किया शामिल
भारतीय शॉर्ट-फॉर्मेट वीडियो ऐप ‘मित्रों टीवी’ (Mitron TV) ने दो वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियों के साथ अपनी लीडरशिप टीम के विस्तार की घोषणा की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
भारतीय शॉर्ट-फॉर्मेट वीडियो ऐप ‘मित्रों टीवी’ (Mitron TV) ने दो वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियों के साथ अपनी लीडरशिप टीम के विस्तार की घोषणा की है। इसके तहत ‘बाइटडांस’ (Bytedance) कंपनी के पूर्व एग्जिक्यूटिव ‘श्यामांग बरूआ’ (Shyamanga Barooah) को हेड (कंटेंट स्ट्रैटेजी) बनाया गया है, वहीं वरिष्ठ पत्रकार और अंग्रेजी अखबार ‘इकनॉमिक टाइम्स’ (Economic Times) में करीब दस साल अपनी सेवाएं दे चुके ‘विश्वरूप गूप्तू’ (Biswarup Gooptu) को हेड (पार्टनरशिप और पॉलिसी) की जिम्मेदारी दी गई है। बताया जाता है कि विश्वरूप जहां कंपनी की पब्लिक पॉलिसी और सरकार से गठजोड़ बढ़ाने पर फोकस करेंगे, वहीं श्यामांग कंटेंट स्ट्रैटेजी पर फोकस करेंगे।
बता दें कि बरूआ अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल हैं और उन्हें पत्रकारिता, कंटेंट क्रिएशन और मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम करने का 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। अपनी नई भूमिका से पहले वह बाइटडांस कंपनी द्वारा संचालित हेलो ऐप के कंटेट ऑपरेशन प्रमुख के पद पर काम कर रहे थे। श्यामांग ग्लोबल फर्म्स जैसे-‘चीता मोबाइल’ (Cheetah Mobile) और प्रमुख मीडिया संस्थान जैसे- ‘इंडिया टुडे’ (India Today), ‘टाइम्स इंटरनेट’ (Times Internet) और ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ (Hindustan Times) में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
वहीं, विश्वरूप को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का 15 साल से ज्यादा का अनुभव है। वह ‘इकनॉमिक टाइम्स’ (Economic Times) में करीब दस साल अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘रायटर्स’ (Reuters) व ‘टेलिग्राफ’ (Telegraph) के साथ भी काम किया है।
इस बारे में ‘मित्रों’ (Mitron) के को-फाउंडर और सीईओ शिवांक अग्रवाल का कहना है, ‘मित्रों की लीडरशिप टीम में श्यामांग और विश्वरूप के शामिल होने पर हमें काफी खुशी है। शॉर्ट वीडियो की खपत और डिजिटल मनोरंजन का प्रभाव काफी तेजी से बढ़ रहा है, जिसने वर्तमान समय में इस सेक्टर को काफी रोमांचक बना दिया है। मित्रों की बात करें तो हम दमदार विकास के चरण में हैं और खुद को मजबूत करना जारी रखे हुए हैं। श्यामांग और विश्वरूप के शामिल होने से हम बिजनेस को नई ऊंचाई तक ले जाएंगे।’
टैग्स मित्रों श्यामांग बरूआ विश्वरूप गूप्तू