होम / डिजिटल / Quint मीडिया ने फैलाने शुरू किए पंख, इन डिजिटल मीडिया कंपनियों में कर रही निवेश
Quint मीडिया ने फैलाने शुरू किए पंख, इन डिजिटल मीडिया कंपनियों में कर रही निवेश
इस निवेश को लेकर क्विंट मीडिया की को-फाउंडर रितु कपूर का कहना है कि इस प्रस्तावित अधिग्रहण से क्विंट डिजिटल के पाठकों और दर्शकों का एक बड़ा हिस्सा साथ लाने का मौका मिलेगा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
डिजिटल मीडिया कंपनी ‘क्विंट डिजिटल मीडिया’ एक समझौते के तहत (Quint Digital Media) क्विंटिलियन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में 100 प्रतिशत और स्पूनक्लेन मीडिया प्राइवेट (Spunklane Media Private Limited) में 47.92 प्रतिशत की हिस्सेदारी हासिल करने जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्विंट इसके साथ ही क्विंटाइप टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (क्यूटीआईपीएल) और वाइकेए मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में भी निवेश कर रही है।
इस निवेश को लेकर क्विंट मीडिया की को-फाउंडर रितु कपूर का कहना है कि इस प्रस्तावित अधिग्रहण से क्विंट डिजिटल के पाठकों और दर्शकों का एक बड़ा हिस्सा साथ लाने का मौका मिलेगा साथ ही यह विस्तार हमें देश में सबसे बड़ा डिजिटल मीडिया समूह बनाएगा।
बता दें कि क्विंटिलयिन मीडिया ही ‘द क्विंट’ वेबसाइट का संचालन करती है। इस डील के तहत क्विंट डिजिटल मीडिया 100 प्रतिशत हिस्सेदारी क्विंटिलियन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में खरीदेगी, जिससे ब्लूमबर्ग के साथ क्विंट का साझा कंटेंट भी चलता रहेगा, जो कि अर्थव्यवस्था से जुड़ी खबरें करता है।
वहीं, स्पूनक्लेन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड, दक्षिण भारत में काम करने वाले मीडिया संस्थान ‘द न्यूज मिनट’ (The News Minute) का संचालन करती है, जिसे धन्या राजेंद्रन, चित्रा सुब्रमण्यम और विगनेश वेल्लोर ने साल 2014 में स्थापित किया था। इससे पहले साल 2015 में भी क्विंट ने इसमें निवेश किया था।
वाइकेए मीडिया प्राइेवट लिमिटेड के तहत युवाओं पर केंद्रित पोर्टल ‘यूथ की आवाज’ में 34.6 प्रतिशत हिस्सेदारी क्विंट खरीद रहा है। इस पोर्टल की शुरुआत साल 2014 में अंशुल तिवारी ने की थी। इस कंपनी में भी क्विंट ने पहले निवेश किया था।
क्विंटाइप टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बेंगलुरु स्थित कंपनी है, जो कई ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म को सॉफ्टवेयर मुहैया कराती है। क्विंट, क्यूटीआईपीएल में 50.41 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद रहा है।
टैग्स क्विंट डिजिटल मीडिया डिजिटल मीडिया कंपनी क्विंटिलियन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड स्पूनक्लेन मीडिया प्राइवेट