होम / डिजिटल / मार्केट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच Mitron TV ने उठाया ये कदम
मार्केट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच Mitron TV ने उठाया ये कदम
‘मित्रों’ के को-फाउंडर और सीईओ शिवांक अग्रवाल के अनुसार, कंपनी ने काफी कम लोगों को नौकरी से निकाला है, वहीं यह टेक्निकल टीम का विस्तार कर रही है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म ‘मित्रों टीवी’ (Mitron TV) से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। दरअसल, खबर यह है कि ‘मित्रों टीवी’ ने अपनी टीम का आकार घटाते हुए कई एम्प्लॉयीज को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब इस प्लेटफॉर्म को अपने प्रतिद्वंद्वंदियों जैसे- डेलीहंट के जोश और शेयरचैट के मोज से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि ‘मित्रों टीवी’ ने पिछले दिनों ही अपने परिचालन का एक साल पूरा किया है।
बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए प्लेटफॉर्म अपने वीडियो एडिटिंग टूल्स पर फोकस कर रहा है। 'मित्रों टीवी' के संस्थापकों ने हाल ही में एक एडवांस्ड वीडियो एडिटिंग एप्लिकेशन 'मोंटेजप्रो' ('MontagePro) लॉन्च किया था।
इस बारे में जारी एक बयान में 'मित्रों टीवी' के को-फाउंडर और सीईओ शिवांक अग्रवाल का कहना है कि कंपनी से काफी कम लोगों को निकाला गया है। यही नहीं, कंपनी अपनी टेक्निकल टीम का विस्तार कर रही है।
शिवांक अग्रवाल के अनुसार, ' हम एक टेक्नोलॉजी और प्रॉडक्ट पर आधारित (tech and product-first) कंपनी हैं और सही लोगों के साथ एक मजबूत टीम बनाना हमारे लिए एक सतत प्रक्रिया है। हमने कंपनी में कुछ पदों को कम और पुनर्मूल्यांकित किया है जबकि टेक्नोलॉजी और प्रॉडक्ट टीम के लिए हम तेजी से भर्ती कर रहे हैं। जितने लोगों को हमने बाहर किया है, उससे ज्यादा लोगों की भर्ती की है।'
सीएनबीसी-टीवी18 के साथ एक बातचीत में शिवांक का कहना था कि 10 से कम एम्प्लॉयीज को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि मित्रों टीवी में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। हम ऐप में तमाम फीचर्स जैसे लाइव स्ट्रीमिंग और इंप्रूव्ड एडिटिंग टूल्स पर फोकस कर रहे हैं। हमने तमाम जाने-माने ब्रैंड्स और सरकारी निकायों के लिए कई कैंपेन लॉन्च किए हैं। इसी तरह हम एजुकेशनल कैंपेन भी चला रहे हैं। इसके साथ ही अपने यूजर्स से नियमित रूप से संवाद स्थापित करने के लिए क्रिएटर्स हमारे लाइव फीचर का भी इस्तेमाल करते हैं।
टैग्स छंटनी मित्रों शिवांक अग्रवाल