होम / डिजिटल / एक और न्यूज वेबसाइट हुई यहां की दमन नीति का शिकार, लिया कठिन फैसला
एक और न्यूज वेबसाइट हुई यहां की दमन नीति का शिकार, लिया कठिन फैसला
‘सिटीजन न्यूज’ ने रविवार को इस संबंध में घोषणा करते हुए कहा है कि वह अपनी वेबसाइट पर चार जनवरी से अपडेटेड जानकारी साझा नहीं करेगी और इसके बाद वह बंद कर दी जाएगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
हॉन्गकॉन्ग (Hong Kong) की एक न्यूज वेबसाइट को चीनी दमन नीति के आगे घुटने टेकने पर मजबूर होना पड़ा है। हॉन्गकॉन्ग में लोकतंत्र समर्थन न्यूज वेबसाइट ‘सिटिजन न्यूज’ (Citizen News) ने रविवार को कहा कि वह अपनी सेवाएं बंद कर ही है।
लोकतंत्र समर्थक एक अन्य वेबसाइट ‘स्टैंड न्यूज’ (Stand News) के कार्यालय पर पुलिस के छापेमारी करने और राजद्रोह के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार करने के कुछ दिनों बाद, प्रेस स्वतंत्रता पर उठते सवालों के बीच वेबसाइट ने यह घोषणा की है।
‘सिटीजन न्यूज’ ने रविवार को इस संबंध में घोषणा करते हुए कहा है कि वह अपनी वेबसाइट पर चार जनवरी से अपडेटेड जानकारी साझा नहीं करेगी और इसके बाद वह बंद कर दी जाएगी। वेबसाइट के चीफ राइटर क्रिस येयुंग (Chris Yeung) ने बताया कि यह निर्णय बहुत कम समय में लेना पड़ा है, क्योंकि स्टैंड न्यूज पर हुई कार्रवाई ने हमें निर्णय लेने पर मजबूर कर दिया है।
‘सिटिजन न्यूज’ ने एक बयान में कहा, ‘हमें यह जगह बेहद पसंद है। अफसोस की बात है कि हमारे सामने केवल बारिश या तेज हवाओं जैसी नहीं, बल्कि तूफान और सुनामी जैसी चुनौतियां हैं। हम अपने मूल सिद्धांतों को कभी नहीं भूले हैं। दुखद है कि पिछले दो वर्षों में समाज में हुए बड़े परिवर्तनों और मीडिया के लिए बिगड़ते माहौल के कारण हम अब बिना किसी डर के अपने मार्ग पर नहीं चल सकते।’
चीन ने हाल के दिनों में हॉन्गकॉन्ग में अपनी गतिविधियों को बढ़ाया है और लोकतंत्र समर्थक लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इसके अलावा, कई मीडिया संस्थानों पर छापेमारी की गई है और प्रमुख पत्रकारों की गिरफ्तारी हुई है।
‘एपल डेली’ और ‘स्टैंड न्यूज’ के बाद हालिया महीनों में सेवाएं बंद करने की घोषणा करने वाली ‘सिटिजन न्यूज’ तीसरी वेबसाइट है।
2019 में बड़े पैमाने पर लोकतंत्र समर्थक विरोध प्रदर्शनों के बाद चीन ने हॉन्गकॉन्ग में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (National security law) लागू किया था, जिसके बाद से ही मीडिया घरानों तथा पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है। सिटिजन न्यूज को तब बंद किया गया है, जब स्टैंड न्यूज पर छापेमारी की गई और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसमें स्टैंड न्यूज के संपादक और पूर्व बोर्ड के सदस्य बी शामिल थे।
इन सभी लोगों पर आरोप लगाया गया कि ये लोग कथित रूप से देशद्रोही सामग्री को प्रकाशित करने की साजिश रच रहे थे। स्टैंड न्यूज ने उसी दिन ऐलान किया कि वह काम करना बंद कर देगा। स्टैंड न्यूज के दो पूर्व संपादक जिन्हें गिरफ्तार किया गया था, उन पर बाद में औपचारिक रूप से राजद्रोह का आरोप लगाया गया।
टैग्स वेबसाइट न्यूज वेबसाइट हॉन्गकॉन्ग सिटिजन न्यूज स्टैंड न्यूज