होम / ऐड वर्ल्ड / Dentsu India ने तोड़ी चुप्पी, कार्टेल जांच में दी मदद, कहा- खुद से शुरू किया बदलाव
Dentsu India ने तोड़ी चुप्पी, कार्टेल जांच में दी मदद, कहा- खुद से शुरू किया बदलाव
Dentsu India ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया है कि उसने फरवरी 2024 में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के समक्ष Leniency Framework के तहत खुद पहल करते हुए संपर्क किया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
भारत की विज्ञापन इंडस्ट्री को प्रभावित कर सकने वाले एक अहम घटनाक्रम में Dentsu India ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया है कि उसने फरवरी 2024 में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के समक्ष Leniency Framework के तहत खुद पहल करते हुए संपर्क किया था। इस तरह Dentsu ऐसी पहली एजेंसी बन गई है जिसने मीडिया बाइंग में कथित कार्टेल गठजोड़ की चल रही जांच में अपनी भूमिका को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है।
“बदलाव लाने का विकल्प चुना”
'एक्सचेंज4मीडिया' के साथ साझा किए गए एक बयान में Dentsu India ने कहा, “हम देश की अग्रणी एजेंसी नेटवर्क्स में से एक हैं और इसी के साथ ईमानदारी व जवाबदेही से काम करने की जिम्मेदारी आती है। हमारे पास दो विकल्प थे- चुप रहना या बदलाव की दिशा में पहल करना। हमने बदलाव को चुना।”
गौरतलब है कि फरवरी 2024 में CCI ने कई बड़ी ऐड एजेंसियों पर छापेमारी की थी, जिसके बाद इंडस्ट्री में व्यापक अटकलें और सघन जांच का दौर शुरू हो गया था। अब Dentsu की ओर से मिली पुष्टि इस ओर इशारा करती है कि कंपनी ने स्वेच्छा से आयोग से संपर्क किया और सहयोग के बदले दंड में छूट पाने की पहल की, जो भारतीय प्रतिस्पर्धा कानून के तहत मान्य है।
“बाहर के दबाव में नहीं, खुद की मंशा से किया यह कदम”
Dentsu के बयान में कहा गया, “फरवरी 2024 में हमने CCI से Leniency Framework के अंतर्गत स्वतः संपर्क किया। यह किसी बाहरी दबाव की प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के भीतर से बदलाव को समर्थन देने का निर्णय था।”
अंदरूनी नियंत्रण और पारदर्शिता के उपाय
Dentsu India ने बताया कि उन्होंने अपनी ओर से कई ठोस बदलाव भी लागू किए हैं — जैसे सख्त ऑडिट प्रक्रिया, मजबूत गवर्नेंस और कड़े आंतरिक नियंत्रण। “हम अपने क्लाइंट्स के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शिता, कार्रवाई और जवाबदेही के जरिए विश्वास निर्माण के प्रति प्रतिबद्ध हैं,” कंपनी ने कहा।
“दूर हटकर बदलाव नहीं लाया जा सकता”
Dentsu ने यह भी कहा कि चुनौतीपूर्ण होते हुए भी यह समय इंडस्ट्री में सामूहिक सुधार का अवसर है। “यह समय विज्ञापन इंडस्ट्री के लिए मुश्किल हो सकता है, लेकिन हम इसका हिस्सा बनकर बदलाव की दिशा में काम करना चाहते हैं। हमारे क्लाइंट्स और इंडस्ट्री के बेहतर भविष्य के लिए हम इस रास्ते पर प्रतिबद्ध हैं।”
नई बहस की शुरुआत
जहां अन्य विज्ञापन एजेंसियां इस मामले में चुप्पी साधे हैं, वहीं Dentsu ने न केवल खुद को whistleblower की तरह पेश किया है, बल्कि खुद को एक reform advocate यानी सुधारों के पक्षधर के रूप में भी स्थापित किया है। लंबे समय से मीडिया ट्रेडिंग में अपारदर्शिता के आरोपों से जूझती इंडस्ट्री के लिए यह एक नए दौर की शुरुआत हो सकती है या फिर पुराने तौर-तरीकों और नई गवर्नेंस संस्कृति के बीच टकराव और गहरा भी हो सकता है।
फिलहाल इतना तय है कि Dentsu ने बदलाव के पक्ष में अपनी स्पष्ट भूमिका तय कर ली है।
टैग्स