होम / एडमिशन-जॉब्स / 'IIMC' में नए शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगे दो नए पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री पाठ्यक्रम
'IIMC' में नए शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगे दो नए पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री पाठ्यक्रम
इस वर्ष इन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किसी भी विषय में 55% अंकों के साथ स्नातक कर चुके वही विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय में सीयूईटी-पीजी की परीक्षा दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
देश के प्रमुख मीडिया शैक्षणिक संस्थान ‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ (IIMC) में वर्ष 2024-25 के शैक्षणिक सत्र से दो मास्टर्स डिग्री प्रोग्राम शुरू होने जा रहे हैं। 31 जनवरी को यूजीसी से डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने के बाद आईआईएमसी द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र से 'स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन' और 'मीडिया बिजनेस स्टडीज' में मास्टर्स डिग्री कोर्स शुरू किए जाएंगे।
किसी भी विषय में 55% अंकों के साथ स्नातक कर चुके विद्यार्थी इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के पात्र होंगे। सत्र 2024-25 के दौरान विद्यार्थियों को प्रवेश सीयूईटी-पीजी परीक्षा के आधार पर दिया जाएगा। प्रवेश के लिए सीयूईटी-पीजी परीक्षा के स्कोर को 85% और साक्षात्कार को 15% वेटेज दिया जाएगा।
इस वर्ष इन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सिर्फ वही विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय में सीयूईटी-पीजी की परीक्षा दी है। दोनों पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या 40 होगी एवं इसके अलावा 20% सुपरन्यूमरेरी (अतिरिक्त) सीटें होंगी, जो रक्षा सेवाकर्मियों, मीडिया इंडस्ट्री प्रोफेशनल और अंतर्राष्ट्रीय आवेदकों के लिए आरक्षित होंगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार दोनों ही पाठ्यक्रमों में लेटरल एंट्री और एग्जिट के पर्याप्त विकल्प दिए गए हैं। सेमेस्टर- I और सेमेस्टर- II को पूरा करने के पश्चात अगर किसी भी कारण से विद्यार्थी पाठ्यक्रम को छोड़ता है, तो उसे संबंधित कोर्स में स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजी डिप्लोमा) प्रदान किया जाएगा।
ऐसे विद्यार्थी अगर पाठ्यक्रम से दोबारा जुड़ना चाहते हैं और अपनी मास्टर्स डिग्री पूरा करना चाहते हैं, तो उन्हें पांच वर्ष के अंदर फिर से प्रवेश लेना होगा। इसी तरह लेटरल एंट्री का प्रावधान भी रखा गया है, जिसके तहत पीजी डिप्लोमा करने वाले विद्यार्थी सीधा तीसरे सेमेस्टर में प्रवेश ले सकते हैं, लेकिन ऐसे विद्यार्थियों की संख्या कुल सीटों के 20% से ज्यादा नहीं होगी।
लेटरल एंट्री के प्रावधानों पर सक्षम समिति द्वारा निर्णय लिया जाएगा। दोनों कोर्स की फीस प्रति सेमेस्टर 60,000/- रुपये एवं अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए प्रति सेमेस्टर 4000 डॉलर निर्धारित की गई है।
टैग्स आईआईएमसी भारतीय जनसंचार संस्थान कोर्स मास्टर्स डिग्री प्रोग्राम स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन मीडिया बिजनेस स्टडीज