होम / एडमिशन-जॉब्स / प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए युवा पत्रकार तेजस का चयन
प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए युवा पत्रकार तेजस का चयन
फेलोशिप के आधार पर सितंबर में रिसर्च करने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जाएंगे तेजस
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
कहते हैं कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। महाराष्ट्र के वड जिले के आदिवासी गांव बुधवाली निवासी पत्रकार तेजस हदप ने यह साबित कर दिखाया है। दरअसल, आर्थिक रूप से काफी कमजोर तेजस हदप ने प्रतिष्ठित रॉयटर्स फेलोशिप हासिल की है। अब वे इस फेलोशिप के आधार पर ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में रिसर्च करेंगे। इसके लिए तेजस सितंबर 2019 में ऑक्सफर्ड जा रहे हैं। रिसर्च के लिए उन्होंने 'ट्रांजिशन इन मीडिया' विषय का चयन किया है।
बताया जाता है कि तेजस की मां मजदूर हैं और पिता राजगीर हैं। इस वजह से तेजस को शुरुआत से ही अपनी पढ़ाई-लिखाई के लिए बेहतर सुविधाएं नहीं मिलीं, लेकिन अपनी प्रतिभा के आगे उन्होंने आर्थिक स्थिति को आड़े नहीं आने दिया। किसी तरह उन्होंने गांव के स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की और बाद में पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए मुंबई के प्रतिष्ठित रामनारायण रुइया कॉलेज में प्रवेश ले लिया।
रुइया कॉलेज से बैचरल ऑफ मास मीडिया का कोर्स करने के बाद तेजस ने एक शिक्षण संस्थान में नौकरी शुरू कर दी थी। वहां तकरीबन एक साल तक नौकरी करने के बाद उन्हें एक आर्थिक और राजनीतिक साप्ताहिक पत्रिका में प्रूफरीडर की नौकरी मिल गई। इसी बीच तेजस ने ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में 'ट्रांजिशन इन मीडिया' विषय पर रॉयटर्स फेलोशिप के लिए आवेदन कर दिया, जहां उनका चयन हो गया है। अब सितंबर 2019 में तेजस ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी जाएंगे।
टैग्स फेलोशिप रॉयटर्स फेलोशिप तेजस हदप