होम / वायरल / नोरा फतेही के ‘सरके चुनर’ गाने पर बवाल, जानें शिकायत से लेकर हटाए जाने तक पूरा मामला
नोरा फतेही के ‘सरके चुनर’ गाने पर बवाल, जानें शिकायत से लेकर हटाए जाने तक पूरा मामला
बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही का गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ रिलीज होते ही विवादों में घिर गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 hours ago
बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही का गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ रिलीज होते ही विवादों में घिर गया। यह गाना फिल्म KD: The Devil का हिस्सा है, लेकिन रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर जमकर विरोध शुरू हो गया।
गाने के सामने आते ही लोगों ने इसके लिरिक्स और डांस स्टेप्स को लेकर आपत्ति जताई। कई यूजर्स ने इसे “अश्लील” और “डबल मीनिंग” वाला बताया और कहा कि इस तरह के गाने समाज पर गलत असर डालते हैं, खासकर बच्चों और युवाओं पर।
विवाद बढ़ने के बाद मामला सोशल मीडिया से निकलकर आधिकारिक स्तर तक पहुंच गया। इस गाने के खिलाफ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें गाने पर रोक लगाने की मांग की गई। शिकायत में कहा गया कि गाने का कंटेंट सार्वजनिक मर्यादा के खिलाफ है।
इसके बाद मामला और गंभीर हो गया और कानूनी कार्रवाई की दिशा में बढ़ा। गाने को लेकर वकील विनीत जिंदल ओर से दिल्ली पुलिस, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन में शिकायत दर्ज कराई और इसे बैन करने की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गाने के बोल और सीन दोनों ही अश्लील और हानिकारक हैं।
बढ़ते विवाद को देखते हुए National Human Rights Commission of India (NHRC) ने भी इस मामले में नोटिस जारी किया। आयोग ने गाने के कंटेंट पर आपत्ति जताते हुए संबंधित पक्षों से जवाब मांगा और कहा कि इस तरह का कंटेंट समाज में गलत संदेश दे सकता है।
लगातार बढ़ते विरोध और शिकायतों के बाद आखिरकार गाने पर बड़ा एक्शन लिया गया। ‘सरके चुनर’ गाने को YouTube और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया। इसे फिल्म के प्रमोशन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
पूरे मामले ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि मनोरंजन के नाम पर किस हद तक कंटेंट दिखाया जाना चाहिए और क्या ऐसे मामलों में सख्त नियमों की जरूरत है या फिर इसे अभिव्यक्ति की आजादी के तहत देखा जाना चाहिए।
टैग्स