होम / टीवी / युवती ने न्यूज एंकर पर लगाया गंभीर आरोप, दर्ज कराई FIR
युवती ने न्यूज एंकर पर लगाया गंभीर आरोप, दर्ज कराई FIR
दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने में युवती ने अंग्रेजी न्यूज चैनल के एक पत्रकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
दिल्ली पुलिस ने मुंबई के एक न्यूज एंकर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने में दर्ज एफआईआर में एक युवती ने आरोप लगाया है कि अंग्रेजी न्यूज चैनल में कार्यरत वरुण हिरेमथ (28) उसे दोस्ती के नाम पर दिल्ली के एक होटल में ले गया था और उसके साथ रेप किया।
अपनी शिकायत में करीब 22 वर्षीय इस युवती का कहना है कि वह पुणे में कॉलेज के दिनों से वरुण को करीब तीन सालों से जानती है। वरुण मुंबई के एक बिजनेसमैन का बेटा है। युवती द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व वरुण ने उसे यह कहकर मैसेज किया कि वह एक शादी के लिए दिल्ली आ रहा है और उस दौरान उससे मिलना चाहता है।
युवती के अनुसार, 25 फरवरी को वरुण ने उसे फिर मैसेज कर मिलने की बात कही। इस पर दोनों ने नाश्ते के लिए खान मार्केट में मिलने पर सहमति जताई। एफआईआर में कहा गया है कि पीड़िता खान मार्केट में नाश्ते पर वरुण से मिली, जहां से वह उसे एक फाइव-स्टार होटल में ले गया, जहां वह अपने परिवार के साथ रुका हुआ था। युवती का आरोप है कि यहां वरुण उसे एक अलग कमरे में ले गया और उसके साथ रेप किया।
शिकायत में पीड़िता ने साफ कहा है कि उसने वरुण को शारीरिक संबंध के लिए सहमति नहीं दी थी। कथित घटना के बाद पीड़िता अपने घर चली गई और दो दिन बाद पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
टैग्स एंकर रेप मुंबई न्यूज एंकर बलात्कार अंग्रेजी न्यूज चैनल टेलिविजन एंकर