साहित्य आजतक 2026 में उदय प्रकाश ने नए लेखकों को लेखन, अपनी पहचान, तकनीक, एआई और प्रकृति को लेकर सलाह दी। उन्होंने कहा कि लेखक को जल्दबाजी के बजाय ठहरकर दुनिया देखनी चाहिए।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
लेखक बनने की चाह रखने वालों को सिर्फ तेजी से लिखने या पहचान बनाने की दौड़ में शामिल होने के बजाय अपने आसपास की दुनिया को समझना चाहिए।
वरिष्ठ लेखक उदय प्रकाश (Uday Prakash) ने साहित्य आजतक 2026 के मंच पर आयोजित अपनी मास्टर क्लास में नई पीढ़ी को लेखन के कई अहम मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि हर लेखक की अपनी पहचान होती है और उसका लेखन एक तरह से फिंगरप्रिंट की तरह है।
उदय प्रकाश ने अपने बचपन और लेखन की शुरुआत के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह एक छोटे से गांव से आते हैं। वहां गाय-बैल के बाहर जाने के बाद खाली गोसार में टाटपट्टी बिछाकर बच्चे पढ़ते थे और सर्दियों में पेड़ों की छांव में पढ़ाई होती थी।
उस दौर में लिखने और सीखने के लिए आज जैसी सुविधाएं नहीं थीं। उन्होंने नई पीढ़ी को अपने अनुभवों से सीखने और दुनिया को ध्यान से देखने की सलाह दी।
उदय प्रकाश ने कहा कि आज की पीढ़ी हर चीज जल्दी हासिल करना चाहती है। दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और चीजें फास्ट फूड की तरह तुरंत पहुंच रही हैं। लेकिन लेखन में केवल तेजी महत्वपूर्ण नहीं है। लेखक को यह समझना चाहिए कि उसके लेखन में उसका अपना क्या है। अपनी अस्मिता और पहचान बचाकर रखने से ही साहित्य की मौलिकता बनी रहती है।
उन्होंने लेखन के साथ मनुष्यता और प्रकृति के संरक्षण को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक बदलाव और विकास जरूरी हैं, लेकिन इसकी दौड़ में गांव, नदियां, पेड़ और हवा जैसी चीजें खत्म नहीं होनी चाहिए। लेखक की जिम्मेदारी केवल शब्द लिखना नहीं, बल्कि जीवन की संभावनाओं और उन परिस्थितियों को भी बचाए रखना है, जिनमें जीवन आगे बढ़ सके।
अपनी चर्चित कहानी 'पीली छतरी वाली लड़की' का जिक्र करते हुए उदय प्रकाश ने तकनीकी बदलाव और समाज के बदलते स्वरूप पर बात की। उन्होंने बताया कि इस कहानी में कंप्यूटर, डेटा और सामाजिक सीमाओं के बीच प्रेम को एक ऐसी शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया गया, जो इन सीमाओं को पार कर सकती है।
एआई (AI) पर उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भी इंसानी बुद्धि की क्षमताओं के दायरे में है। नई तकनीक का विरोध करने के बजाय उसे समझने और सावधानी से इस्तेमाल करने की जरूरत है।
साहित्य आजतक 2026 में मनोज झा ने मंटो, अमृता प्रीतम और राही मासूम रजा को याद करते हुए देश में बढ़ती विभाजनकारी सोच, सामाजिक दूरियों पर चिंता जताई।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘तब आपका गंगोली बंटा था, अब लगभग पूरा देश बंट गया है।’ यह बात राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राज्यसभा सांसद और लेखक मनोज झा (Manoj Jha) ने साहित्य आजतक 2026 के मंच पर कही।
उन्होंने मंटो (Manto), अमृता प्रीतम (Amrita Pritam) और राही मासूम रजा (Rahi Masoom Raza) के लेखन को आज के सामाजिक और राजनीतिक हालात से जोड़ते हुए देश में बढ़ती दूरियों और घटती संवेदनशीलता पर चिंता जताई।
मनोज झा से पूछा गया कि अगर मंटो और अमृता प्रीतम आज हमारे बीच होते, तो मौजूदा समाज और देश को किस नजर से देखते। इस सवाल के जवाब में उन्होंने अपने लेख का संदर्भ देते हुए बताया कि उन्होंने इन साहित्यकारों की आज के दौर में प्रासंगिकता को इसी कल्पना के जरिए समझने की कोशिश की थी।
उन्होंने मंटो की कहानियों 'खोल दो' और 'ठंडा गोश्त' के पात्रों का जिक्र किया। साथ ही अमृता प्रीतम की कविता 'वारिस शाह' और उनकी किताब 'रसीदी टिकट' को लेकर भी सवाल उठाए।
मनोज झा ने राही मासूम रजा को अपना दोस्त, फिलॉसफर और गाइड बताया। उन्होंने 1990 के दशक में मंदिर-मस्जिद आंदोलन के दौरान राही मासूम रजा की कमलेश्वर को लिखी चिट्ठी का संदर्भ साझा किया। उस चिट्ठी में रजा ने बदलते माहौल को लेकर सवाल उठाया था कि आखिर यह मौसम बदलने का नाम क्यों नहीं ले रहा।
इसी संदर्भ में मनोज झा ने राही मासूम रजा को लिखे अपने पत्र की पंक्तियां सुनाईं। उन्होंने कहा कि पहले गंगोली बंटा था, लेकिन अब लगभग पूरा देश बंट गया है। उन्होंने कहा कि सरहदें अब घरों, गांवों और मोहल्लों तक पहुंच गई हैं और इनके बीच इंसान अपनी मानवीय सीमाओं और संवेदनाओं को भूलता जा रहा है।
मनोज झा ने कहा कि राजनीति में कई बार दांव-पेच जरूरी हो जाते हैं, लेकिन संवेदना से खाली राजनीति इंसान को भीतर से सूखा देती है। अलग विचारधारा वाले लोगों को दुश्मन मानने की प्रवृत्ति समाज के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि लेखक केवल अपनी पीड़ा नहीं लिखता, बल्कि अपने समाज और समय की पीड़ा को भी शब्द देता है। अंत में उन्होंने स्वीकार किया कि बेहतर हिंदुस्तान बनाने की उम्मीद में शायद हम कहीं चूक गए, लेकिन कोशिश जारी रहनी चाहिए। उन्हें नई पीढ़ी की बेचैनी और सवालों में भविष्य के लिए उम्मीद दिखाई देती है।
साहित्य आजतक 2026 में महिमा मकवाना ने टीवी से बॉलीवुड तक का सफर साझा किया। उन्होंने बताया कि सलमान खान ने उन्हें नोटिस किया और फिल्म 'अंतिम' में मौका मिला।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
टीवी से फिल्मों और ओटीटी तक अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री महिमा मकवाना (Mahima Makwana) ने साहित्य आजतक 2026 के मंच पर अपने करियर, शुरुआती अनुभवों और बॉलीवुड में एंट्री से जुड़े किस्से साझा किए।
बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सलमान खान (Salman Khan) की वजह से उनके लिए बॉलीवुड का रास्ता खुला और उनकी फिल्मी यात्रा का एक अहम पड़ाव शुरू हुआ।
महिमा ने कहा कि उन्होंने काफी कम उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। उस दौर में वह लगातार अलग-अलग किरदार निभाती रहीं, लेकिन कई बार कलाकार किरदारों के बीच अपनी असली पहचान को समझना भूल जाता है।
उनके मुताबिक, जब करियर बहुत कम उम्र में शुरू होता है, तब व्यक्ति खुद को पहचानने, अपनी महत्वाकांक्षाओं और जीवन के लक्ष्य को समझने की उम्र में ही प्रोफेशनल दुनिया में आ जाता है।
महिमा ने बताया कि अब वह अपने वास्तविक व्यक्तित्व को समझने की कोशिश कर रही हैं। उनके निभाए किरदारों ने उन्हें यह जानने में मदद की कि जिंदगी में उन्हें क्या बनना है और किन चीजों से दूरी रखनी है।
महिमा मकवाना ने बताया कि सलमान खान ने उन्हें बिग बॉस के सेट पर नोटिस किया था। वह अपने टीवी शो शुभारंभ को प्रमोट करने वहां पहुंची थीं। करीब एक साल बाद सलमान खान के ऑफिस से उन्हें ऑडिशन के लिए फोन आया।
महिमा के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था। टीवी शो खत्म होने के कुछ ही दिनों बाद वह फिल्म अंतिम के सेट पर पहुंच गईं। उन्होंने सलमान खान के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए बताया कि शुरुआत में वह काफी नर्वस थीं। हालांकि, सलमान खान ने उन्हें और आयुष शर्मा को सहज महसूस कराया।
महिमा के मुताबिक, सलमान खान की एक सलाह उन्हें हमेशा याद रहती है- मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। किसी प्रोजेक्ट का परिणाम हमारे हाथ में नहीं होता, लेकिन मेहनत करना हमारे नियंत्रण में है।
उन्होंने अपने शो मुसाफिर कैफे में निभाए प्रीति के किरदार को भी करियर का अहम पड़ाव बताया। इस किरदार को दर्शकों से इतना प्यार मिला कि कई लोग उन्हें प्रीति के नाम से पहचानने लगे। महिमा ने कहा कि शो के अगले सीजन को लेकर वह भी दर्शकों की तरह उत्साहित हैं, लेकिन फिलहाल इसकी तारीख उन्हें पता नहीं है।
साहित्य आजतक 2026 में अमृता सलूजा ने प्रेम, कविता और लैला-मजनूं, हीर-रांझा व रोमियो-जूलियट जैसी अमर प्रेम कहानियों की प्रासंगिकता पर चर्चा की।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
लैला-मजनू, हीर-रांझा और रोमियो-जूलियट जैसी प्रेम कहानियां सदियों से लोगों के दिलों में जगह बनाए हुए हैं। लेकिन क्या अधूरी मोहब्बत को ही हमेशा महान मानना चाहिए? क्या प्रेम को अधूरा छोड़ने के बजाय उसे पूरा करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए?
साहित्य आजतक 2026 के मंच पर कवयित्री और गीतकार अमृता सलूजा (Amrita Saluja) ने प्रेम, रिश्तों और आत्मखोज पर चर्चा करते हुए इन्हीं सवालों को सामने रखा।
अमृता ने बताया कि प्रेम पर लिखने की प्रेरणा उन्हें अपने पिता की शायरी से मिली। वह करीब 23-24 साल से प्रेम पर लिख रही हैं। महज 14 साल की उम्र में उन्हें प्यार हुआ था। उसी दौरान उन्हें पिता की किताबें और एक डायरी मिली, जिसमें वह शायरी लिखा करते थे। पिता की रचनाओं ने उनके भीतर प्रेम और कविता के प्रति रुचि पैदा की।
उन्होंने लॉकडाउन के दौरान अपनी जिंदगी में आए बदलावों का भी जिक्र किया। एक रिश्ता टूटने के बाद वह खुद को समझने और जिंदगी के सवालों के जवाब तलाशने शिमला के पास मशोबरा पहुंचीं।
पहाड़ों के बीच उन्हें एहसास हुआ कि प्रकृति के सामने इंसान कितना छोटा है और कई बार जिन परेशानियों को हम बहुत बड़ा मानते हैं, वे उतनी बड़ी नहीं होतीं।
मशोबरा में रहते हुए लैला-मजनू के गीत सुनने के दौरान उनके मन में सवाल आया कि हम अधूरी प्रेम कहानियों को इतना रोमांटिक क्यों बनाते हैं? इसी सोच से उनकी कविता 'हीरना लैला' का जन्म हुआ। उन्होंने इन कहानियों को लेकर कई सवाल उठाए और रिश्तों में बोरियत को भी एक सामान्य पड़ाव बताया।
अमृता का संदेश था कि जब अपने प्रेम को पूरा करने का अवसर हो, तो उसे किस्मत के भरोसे अधूरा नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्यार करने, उसे रोज निभाने और किसी को माफ करने के लिए भी साहस चाहिए। पहाड़ों में बिताए समय ने उन्हें ईश्वर के सामने खुद को समर्पित करना और परिस्थितियों को स्वीकार करना सिखाया।
साहित्य आजतक 2026 में आचार्य प्रशांत ने सोशल मीडिया, रील्स, लाइक्स और फॉलोअर्स की चाह पर बात करते हुए बताया कि इंसान की बेचैनी का असली कारण उसके भीतर है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
सोशल मीडिया पर घंटों रील्स देखने, लाइक्स और फॉलोअर्स की दौड़ में लगे रहने के बावजूद लोगों को सुकून क्यों नहीं मिल रहा? इस सवाल पर आध्यात्मिक गुरु, दार्शनिक और लेखक आचार्य प्रशांत (Acharya Prashant) ने साहित्य आजतक 2026 के मंच पर अपनी बात रखी। दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन उन्होंने सोशल मीडिया की लत और इंसान के भीतर बढ़ती बेचैनी पर चर्चा की।
'रील्स, रीच और रिएलिटी: क्या हम सच में आजाद हैं?' विषय पर आयोजित सत्र में आचार्य प्रशांत ने कहा कि समस्या केवल सोशल मीडिया या उसके एल्गोरिदम में नहीं है, बल्कि इंसान के भीतर भी है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के दर्शन के माध्यम से समझाया कि व्यक्ति को पहले यह जानना चाहिए कि वह वास्तव में चाहता क्या है।
आचार्य प्रशांत ने मन की तुलना एक मशीन से करते हुए कहा कि मन में पुरानी यादें, भविष्य की कल्पनाएं और योजनाएं चलती रहती हैं, लेकिन इसे संचालित करने वाला हमारा अहम् है। जब व्यक्ति खुद को और अपनी जरूरतों को नहीं समझता, तब वह लगातार अलग-अलग चीजों में अपनी तलाश पूरी करने की कोशिश करता है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लगातार स्क्रॉल करने की आदत को इसी तलाश से जोड़ते हुए कहा कि अगर व्यक्ति को पता होता कि उसे वास्तव में क्या चाहिए, तो उसकी स्क्रॉलिंग शायद रुक जाती। सोशल मीडिया का एल्गोरिदम हमारी गतिविधियों और पसंद के आधार पर कंटेंट दिखाता रहता है। हम एक कंटेंट से ऊबते हैं, तो वह दूसरा दिखाता है। इस प्रक्रिया में मनोरंजन तो मिलता है, लेकिन जरूरी नहीं कि खुशी भी मिले।
आचार्य प्रशांत ने सुकून की तस्वीरों और सोशल मीडिया पर दिखने वाली खूबसूरत जगहों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सुकून केवल किसी पहाड़, घर या सुंदर दृश्य में नहीं है। व्यक्ति को यह समझना होगा कि उसके भीतर सुकून किस वजह से खोया है।
लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स की चाह पर उन्होंने कहा कि वायरल होने या बड़ी संख्या में फॉलोअर्स मिलने से स्थायी संतुष्टि नहीं मिलती। उनकी सलाह थी कि व्यक्ति बाहरी उपलब्धियों के पीछे भागने के बजाय खुद को समझने और अपनी धारणाओं पर सवाल उठाने का प्रयास करे।
साहित्य आजतक 2026 में सादिया अजीम ने सोशल मीडिया पर गलत सूचनाओं, भरोसे, फेक न्यूज और उनके समाज पर असर को समझाया, अखलाक लिंचिंग से ऑपरेशन सिंदूर तक के उदाहरण दिए।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
'साहित्य आजतक 2026' में लेखिका सादिया अजीम ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं और उनके समाज पर असर को लेकर बात की। 'क्लिक, फॉरवर्ड और फेक न्यूज: डिजिटल दुनिया में सच कितना सुरक्षित' सत्र में उन्होंने मिसइन्फॉर्मेशन और डिसइन्फॉर्मेशन के बीच अंतर समझाते हुए बताया कि बिना पुष्टि के संदेश आगे बढ़ाना भी गलत सूचना फैलाने का कारण बन सकता है।
सादिया ने कहा कि डिसइन्फॉर्मेशन ऐसी सूचना होती है, जिसे जानबूझकर गलत इरादे से तैयार किया जाता है, जबकि मिसइन्फॉर्मेशन तब फैलती है, जब लोग किसी जानकारी की सच्चाई और संदर्भ जांचे बिना उसे साझा करने लगते हैं। उनके मुताबिक, गलत सूचनाएं केवल तथ्यों को प्रभावित नहीं करतीं, बल्कि लोगों की भावनाओं और विश्वास को भी निशाना बनाती हैं।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी परिचित, दोस्त, पड़ोसी या समुदाय के व्यक्ति से मिलने वाली जानकारी पर लोग आसानी से भरोसा कर लेते हैं। इसी भरोसे के कारण कई बार बिना जांचे-परखे संदेश आगे बढ़ाए जाते हैं। उन्होंने इस स्थिति को अपनी किताब में 'ट्रस्ट केज' यानी विश्वास का पिंजरा कहा है।
सादिया ने मोहम्मद अखलाक की लिंचिंग की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि सांप्रदायिक संदेशों और गलत सूचनाओं ने उन्हें इस विषय पर लिखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बिहार के पूर्णिया में एक परिवार को डायन होने के शक में जिंदा जलाए जाने की घटना का भी उल्लेख किया और बताया कि ऑनलाइन सामग्री से प्रभावित होकर लोगों के फैसले वास्तविक जीवन में बेहद गंभीर परिणाम पैदा कर सकते हैं।
बातचीत में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान गलत सूचनाओं और मीडिया पर उठे सवालों का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि मीडिया, सरकार और आम लोग कई बार एक ही सूचना स्रोतों पर निर्भर होते हैं, इसलिए गलत जानकारी का प्रभाव व्यापक हो सकता है।
साहित्य आजतक 2026 में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने सच बोलने, मंटो का किरदार निभाने, सिनेमा, नेपो किड्स और अपनी जिंदगी के दिलचस्प किस्सों पर खुलकर बात की।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui) ने 'साहित्य आजतक 2026' के मंच पर अपनी जिंदगी, अभिनय और सिनेमा को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं।
उन्होंने कहा कि समाज में लोग सच बोलना तो चाहते हैं, लेकिन सच सुनने के लिए तैयार नहीं होते। अभिनेता ने अपने अनुभवों का जिक्र करते हुए बताया कि सच बोलने की वजह से उन्हें नुकसान भी झेलना पड़ा है।
नई वेब सीरीज 'डॉ. हसन' (Dr. Hassan) को लेकर बातचीत में नवाजुद्दीन ने कहा कि उन्हें इस किरदार को निभाने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई, क्योंकि वह मेडिकल के छात्र रह चुके हैं।
सीरीज में दीया मिर्जा (Dia Mirza) भी अहम भूमिका में हैं। उनके साथ काम करने के अनुभव को नवाजुद्दीन ने अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि सीरीज में दोनों के किरदारों के बीच ऐसा ट्रैक है, जिससे दर्शकों को रोमांस का अंदाजा लगाने का मौका मिलेगा।
सच बोलने और अपने स्वभाव पर बात करते हुए अभिनेता ने कहा कि वह किसी से बदला लेने में विश्वास नहीं रखते, हालांकि वह आसानी से लोगों को माफ भी नहीं करते। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को सच सुनना पसंद नहीं है, तो उसे दूसरों से सच की उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए।
बॉस को इंप्रेस करने के सवाल पर नवाजुद्दीन ने मजेदार अंदाज में कहा कि इतना इंप्रेस करो कि बॉस खुद परेशान होकर पूछ ले कि आखिर चाहिए क्या। उन्होंने फिल्मों को लेकर भी अपनी राय रखी।
अभिनेता ने कहा कि वह केवल बॉक्स ऑफिस को ध्यान में रखकर फिल्म बनाने में विश्वास नहीं रखते। उन्हें इस बात से परेशानी होती है कि आज दर्शकों की पसंद के हिसाब से ऐसा सिनेमा बनाया जा रहा है, जिसमें लोग ज्यादा दिमाग नहीं लगाना चाहते।
नवाजुद्दीन ने अपने कॉलेज के दिनों का एक मजेदार रोमांटिक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि उनके बैच के कई लड़कों की गर्लफ्रेंड थीं, लेकिन उनकी नहीं बन पाई। एक लड़की को लोधी गार्डन ले जाने के बाद वह काफी असहज हो गए थे। हाथ पकड़ने पर लड़की की प्रतिक्रिया से घबराकर उन्हें पुलिस थाने तक याद आ गया और वह रोने लगे।
मंटो का किरदार निभाने के अनुभव पर उन्होंने कहा कि उस भूमिका के दौरान उन्होंने दो महीने तक झूठ नहीं बोला और इसका उन्हें काफी नुकसान हुआ। नेपो किड्स पर उन्होंने कहा कि उन्हें जज करना गलत है, क्योंकि वे भी मेहनत करते हैं। उन्होंने नई पीढ़ी की तारीफ करते हुए कहा कि आज के जेन-जी काफी होशियार हैं।
साहित्य आजतक 2026 की शुरुआत कुमार विश्वास की 'अपने-अपने राम' प्रस्तुति से हुई। उन्होंने रामकथा, वाल्मीकि, साहित्य की उत्पत्ति और जीवन में राम के महत्व पर विचार रखे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जो सुमिरत सिधि होई...' की गूंज के साथ 'साहित्य आजतक 2026' का आगाज कवि और रामकथा मर्मज्ञ कुमार विश्वास (Kumar Vishwas) की विशेष प्रस्तुति 'अपने-अपने राम' से हुआ। दिल्ली में आयोजित साहित्य के इस महाकुंभ के शुरुआती सत्र में उन्होंने रामकथा, साहित्य की उत्पत्ति, महर्षि वाल्मीकि के योगदान और भगवान राम के जीवन दर्शन पर बात की। उनकी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने कई विचारों और प्रसंगों पर तालियों के साथ उत्साह जताया।
कुमार विश्वास ने कहा कि साहित्य का अर्थ केवल शब्दों और रचनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी को साथ लेकर चलना और अलग-अलग भावों को अभिव्यक्ति देना भी साहित्य है। उन्होंने रामकथा को इसका सबसे बड़ा उदाहरण बताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रामायण दुनिया का पहला काव्य और साहित्य है। वेदों में मंत्र थे, लेकिन कविता की शुरुआत महर्षि वाल्मीकि के अनुभव से हुई।
उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के जीवन से जुड़ी क्रौंच पक्षियों की कथा सुनाई। एक शिकारी के तीर से पक्षी की मृत्यु और उसकी साथी के विलाप को देखकर वाल्मीकि के मुख से पहला श्लोक निकला। कुमार विश्वास ने इस प्रसंग के जरिए बताया कि किस तरह एक करुण अनुभव कविता और साहित्य की उत्पत्ति का आधार बना। उन्होंने वाल्मीकि के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी रचना ने भावों को भाषा दी और संसार तक रामकथा पहुंचाई।
कुमार विश्वास ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के बीच अंतर समझाते हुए एक पंक्ति कही, 'राम सपने हैं, कृष्ण अपने हैं।' इस बात पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। उन्होंने रामायण को केवल भगवान राम की जीवनी के रूप में देखने के बजाय मनुष्य की आत्मा को मजबूत करने वाली संजीवनी बताया।
उन्होंने कहा कि राम को केवल संकट के समय याद करने के बजाय जीवन में निरंतर स्मरण करना चाहिए। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य का उदाहरण देते हुए समझाया कि जैसे स्वास्थ्य किसी बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की अवस्था है, उसी तरह राम केवल संकट से मुक्ति पाने का माध्यम नहीं हैं। उनके अनुसार, राम जीवन के लिए आदर्श और आत्मिक मजबूती का आधार हैं।
कुमार विश्वास ने अलग-अलग रामकथाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में 300 से अधिक रामकथाएं हैं और वाल्मीकि, तुलसीदास, कंबन, भवभूति, कालिदास, व्यास तथा भास जैसे साहित्यकारों ने अपने-अपने तरीके से राम को अभिव्यक्त किया है।
साहित्य आजतक 2026 का आगाज कली पुरी के संबोधन से हुआ, जहां उन्होंने नई पीढ़ी, डिजिटल साहित्य, एआई, रचनात्मकता, पुरस्कारों और कार्यक्रम में शामिल नए कलाकारों पर बात की।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
'साहित्य आजतक 2026' का आगाज हो गया है। कार्यक्रम की शुरुआत इंडिया टुडे ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन और एग्जीक्यूटिव एडिटर-इन-चीफ कली पुरी (Kalli Puri) के संबोधन से हुई।
उन्होंने साहित्य, नई पीढ़ी की रचनात्मकता और बदलते दौर में अभिव्यक्ति के नए माध्यमों पर बात की। उन्होंने कहा कि आज की तेजी से बदलती दुनिया में इंस्टेंट फेम और तुरंत भूल जाने का दौर है, लेकिन आजतक का 25 साल तक अपनी जगह बनाए रखना बड़ी उपलब्धि है।
कली पुरी ने कहा कि युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय मुद्दों से दूर समझने की धारणा उस समय बदली, जब युवाओं ने अपनी आवाज उठाई और उसका प्रभाव दिखाई दिया। जेन-जी (Gen-Z) अब चर्चा का हिस्सा है और रील्स तथा मीम्स अभिव्यक्ति के नए माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने इस साल को फर्स्ट टाइमर्स का साल बताते हुए खेल, बॉलीवुड और राजनीति में नए लोगों की सफलता का जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि इस बार साहित्य आजतक के 300 से ज्यादा स्पीकर्स और परफॉर्मर्स में करीब 90 फीसदी फर्स्ट टाइमर्स हैं। कार्यक्रम नए चेहरों, नए सितारों और नए अल्फाज को मंच देने की सोच के साथ तैयार किया गया है।
साहित्य आजतक के साथ आजतक साहित्य जागृति सम्मान पुरस्कार भी आयोजित किए जाएंगे। 2023 में शुरू हुए इस सम्मान के लिए इस बार 3,070 से ज्यादा किताबों में से चयन किया गया है।
समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू मुख्य अतिथि होंगे और सात साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, 'माइक के लाल' के लिए 1,000 से ज्यादा रजिस्ट्रेशन आए हैं। पिछले साल मंच पर प्रस्तुति देने वाले कुछ कवि इस बार बड़े मंच पर दिखाई देंगे।
कली पुरी ने एआई (AI) के दौर में कलाकारों के सामने मौजूद अवसरों और कॉपीराइट जैसी चुनौतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर संवाद जरूरी है। उन्होंने आजतक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर प्लेटफॉर्म की उपलब्धियों के साथ साहित्य तक के करीब 5 मिलियन फॉलोअर्स का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम में आशा भोसले और भूपेन हजारिका को ट्रिब्यूट दिया जाएगा। इसके अलावा रामकथा, सूफी कलाम, शमा मुशायरा, भजन क्लबिंग, माइक्रो ड्रामा, एआई फिल्म स्टार्स, भोजपुरी पॉप, हरियाणवी रैप, हिंग्लिश शायरी और कवि सम्मेलन सहित कई प्रस्तुतियां होंगी।
जियोस्टार (JioStar) में एम्प्लॉयीज की संख्या में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। कंपनी एक बार फिर अपने एम्प्लॉयीज की संख्या को कम करने और कारोबार को नए सिरे से व्यवस्थित करने की तैयारी में है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
इमरान फजल, असिसटेंट एडिटर, एक्सचेंज4मीडिया ।।
जियोस्टार (JioStar) में एम्प्लॉयीज की संख्या में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। कंपनी एक बार फिर अपने एम्प्लॉयीज की संख्या को कम करने और कारोबार को नए सिरे से व्यवस्थित करने की तैयारी में है। इसी बीच कंपनी भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की शर्तों के तहत अपने सात टेलीविजन चैनलों की बिक्री या उन्हें दूसरे मालिकों को सौंपने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है। माना जा रहा है कि इन चैनलों की बिक्री पूरी होने के बाद जियोस्टार के एम्प्लॉयीज की संख्या में और बदलाव हो सकता है।
हालांकि, इन सात चैनलों से जुड़े एम्प्लॉयीज के मामले में स्थिति सामान्य छंटनी से अलग होगी। इस मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, इन चैनलों में काम करने वाले एम्प्लॉयीज को बिक्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए खरीदारों के पास भेजा जा सकता है। यानी इन एम्प्लॉयीज को कंपनी से निकाला हुआ नहीं माना जाएगा, बल्कि वे कारोबार के साथ नए मालिकों के पास जा सकते हैं।
इंडस्ट्री के वरिष्ठ सूत्रों ने e4m को बताया कि सातों चैनलों की बिक्री को लेकर बातचीत तेजी से चल रही है। उम्मीद है कि यह पूरी प्रक्रिया मार्च 2027 तक पूरी हो जाएगी।
जिन सात चैनलों को बेचने या दूसरे मालिकों को सौंपने की तैयारी है, उनमें Star Jalsha Movies, Star Jalsha Movies HD, Colors Marathi, Colors Marathi HD, Colors Super, Hungama और Super Hungama शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, इन चैनलों के कारोबार से जुड़े एम्प्लॉयीज का भी नए खरीदारों के पास जाना तय माना जा रहा है। इसके लिए एम्प्लॉयीज का ट्रांसफर पूरे कारोबारी सौदे का हिस्सा होगा। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि इन चैनलों को कौन-सी कंपनियां खरीद सकती हैं।
e4m ने इस पूरे मामले पर जियोस्टार से उसका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला।
इस सप्ताह करीब 150 एम्प्लॉयीज की हो सकती है विदाई
सात चैनलों की बिक्री से जुड़े घटनाक्रम के बीच जियोस्टार में एम्प्लॉयीज की छंटनी का एक और दौर भी चल रहा है। जैसा कि exchange4media ने पहले रिपोर्ट किया था, कंपनी के करीब 150 एम्प्लॉयीज के इस सप्ताह संगठन छोड़ने की उम्मीद है।
कंपनी की इस ताजा प्रक्रिया का असर कई विभागों पर पड़ने की बात सामने आई है। इनमें मार्केटिंग, प्रोडक्शन, स्टूडियो और दूसरे ऑपरेशनल विभाग शामिल हैं। इंडस्ट्री के सूत्रों का कहना है कि एम्प्लॉयीज की अंतिम संख्या 150 से ज्यादा भी हो सकती है।
इससे पहले e4m की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए जियोस्टार ने कहा था कि कंपनी अपने पोर्टफोलियो को नए सिरे से व्यवस्थित कर रही है। इसका मकसद उन कारोबारों पर निवेश बढ़ाना है, जहां भविष्य में लंबे समय तक बेहतर ग्रोथ की संभावना दिखाई दे रही है।
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा था, "हम अपने पोर्टफोलियो को नए सिरे से व्यवस्थित कर रहे हैं, ताकि हमारा निवेश उन कारोबारों पर केंद्रित रहे, जहां हमें लंबे समय में सबसे ज्यादा ग्रोथ की संभावना दिखती है। यह एक रणनीतिक फैसला है, जिसका उद्देश्य तेजी से बदलते इंडस्ट्री माहौल में हमारी प्रतिस्पर्धी स्थिति को मजबूत करना है। हम समझते हैं कि इन फैसलों का असर हमारे कुछ एम्प्लॉयीज पर पड़ेगा। हम इस बदलाव के दौरान हर कर्मचारी के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उन्हें हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
कंपनी की इस ताजा कर्मचारी कटौती से प्रभावित लोगों को सेवरेंस पैकेज दिया जा रहा है। इसके तहत एम्प्लॉयीज को कम से कम छह महीने की सैलरी देने की पेशकश की गई है। इसके अलावा, वे मौजूदा वित्त वर्ष के लिए प्रो-राटा बोनस पाने के भी पात्र होंगे। इसका मतलब है कि कर्मचारी ने वित्त वर्ष में जितने समय तक काम किया है, उसके हिसाब से बोनस दिया जाएगा।
हालांकि, जियोस्टार ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि इस प्रक्रिया में कुल कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे। कंपनी ने विभागों के हिसाब से भी कोई जानकारी साझा नहीं की है।
नवंबर 2024 के मर्जर के बाद से जारी है बदलाव का दौर
जियोस्टार में एम्प्लॉयीज की संख्या घटाने और कारोबार को व्यवस्थित करने का यह कदम नवंबर 2024 में वायकॉम18 (Viacom18) और डिज्नी के स्टार इंडिया (Star India) के मर्जर के बाद से चल रहे बदलावों का अगला हिस्सा है।
इस मर्जर के बाद कंपनी ने मार्च 2025 में भी बड़े स्तर पर पुनर्गठन किया था। उस दौरान 500 से कुछ ज्यादा एम्प्लॉयीज ने कंपनी छोड़ी थी। इसके साथ ही कई विभागों में एक जैसे काम करने वाले पदों को मिलाया गया और कुछ एम्प्लॉयीज को दूसरे विभागों में जिम्मेदारियां दी गई थीं।
उस समय खास तौर पर कंपनी के लीनियर टेलीविजन कारोबार में पदों और जिम्मेदारियों को नए सिरे से व्यवस्थित किया गया था। अब एक बार फिर कंपनी अपने खर्चों और कारोबार की प्राथमिकताओं की समीक्षा कर रही है।
इस पूरी प्रक्रिया में एक अहम बात यह है कि कंपनी से करीब 150 एम्प्लॉयीज की विदाई और सात चैनलों की बिक्री को एक ही तरह की छंटनी नहीं माना जा रहा है। पहली प्रक्रिया में एम्प्लॉयीज को संगठन से अलग किया जा रहा है, जबकि दूसरी प्रक्रिया में संबंधित चैनलों के एम्प्लॉयीज को नए खरीदारों के पास ट्रांसफर किए जाने की संभावना है।
टीवी कारोबार पर बढ़ता दबाव भी बड़ी वजह
जियोस्टार में चल रहे इन बदलावों के पीछे टेलीविजन कारोबार पर बढ़ता दबाव भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। कंपनी का टीवी ब्रॉडकास्टिंग कारोबार कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। इनमें पे-टीवी यानी भुगतान वाले टीवी कनेक्शनों की घटती संख्या, टेलीविजन विज्ञापन बाजार की धीमी रफ्तार और डिजिटल प्लेटफॉर्म से मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा शामिल हैं।
पिछले कुछ समय से टीवी इंडस्ट्री के लिए एक और बड़ी परेशानी टेलीविजन ऑडियंस रेटिंग का लंबे समय तक बंद रहना है। इसकी वजह से ब्रॉडकास्टर्स के पास चैनलों की लोकप्रियता और दर्शकों की संख्या मापने के लिए नियमित स्वतंत्र आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।
रेटिंग के आंकड़े नहीं मिलने से चैनलों के प्रदर्शन को साबित करना, विज्ञापनदाताओं को दर्शकों की पहुंच के बारे में जानकारी देना और विज्ञापन की कीमतों पर बातचीत करना भी मुश्किल हो जाता है। इसका असर पूरे ब्रॉडकास्टिंग सेक्टर पर पड़ रहा है।
जियोस्टार के पास करीब 120 एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स टेलीविजन चैनलों का पोर्टफोलियो है। वहीं, कंपनी का डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार (JioHotstar) भी उसके कारोबार का एक अहम हिस्सा बनकर उभरा है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन से कमाई की संभावनाओं को देखते हुए कंपनी का ध्यान इस कारोबार पर भी बढ़ रहा है। ऐसे में कंपनी उन कारोबारों में निवेश को प्राथमिकता देना चाहती है, जहां भविष्य में बेहतर कमाई और ग्रोथ की उम्मीद है।
इसी रणनीति के तहत कंपनी ऐसे टेलीविजन चैनलों की भी समीक्षा कर रही है, जिन पर खर्च तो हो रहा है, लेकिन उनसे कंपनी को उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं हो रही है। कंपनी इन खर्चों को कम करके निवेश को दूसरे मजबूत कारोबारों की ओर ले जाना चाहती है।
CCI ने मर्जर की मंजूरी के साथ रखी थीं कई शर्तें
जियोस्टार के सात चैनलों की बिक्री का मामला रिलायंस इंडस्ट्रीज और वॉल्ट डिज्नी के मीडिया कारोबार के मर्जर को मिली मंजूरी से जुड़ा है। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने इस मर्जर को मंजूरी देते समय बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए कई शर्तें रखी थीं।
CCI ने अपने 48 पेज के विस्तृत आदेश में कहा था कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के वायकॉम18 और वॉल्ट डिज्नी के स्टार इंडिया कारोबार के एक साथ आने से बाजार में प्रतिस्पर्धा को लेकर कुछ चिंताएं पैदा हो सकती हैं। खासकर क्षेत्रीय और बच्चों के टीवी चैनलों के बाजार में एक ही कंपनी का दबदबा बढ़ने की आशंका थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग ने सात टीवी चैनलों को बेचने या उनसे अलग होने की शर्त रखी थी, ताकि मर्जर के बाद बाजार में किसी एक कंपनी का बहुत ज्यादा नियंत्रण न हो जाए।
28 अगस्त को CCI ने रिलायंस इंडस्ट्रीज और द वॉल्ट डिज्नी कंपनी के मीडिया कारोबार के मर्जर को मंजूरी दी थी। इस सौदे के बाद 70,000 करोड़ रुपये से ज्यादा वैल्यू वाली भारत की सबसे बड़ी मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनियों में से एक के बनने का रास्ता साफ हुआ था।
हालांकि, आयोग ने मर्जर को मंजूरी देते समय केवल चैनलों की बिक्री की शर्त ही नहीं रखी थी, बल्कि स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग राइट्स और विज्ञापन इन्वेंट्री को लेकर भी कुछ नियम तय किए थे।
CCI के आदेश में कहा गया था कि मर्जर के बाद बनने वाली संयुक्त कंपनी विज्ञापनदाताओं के लिए नए स्पोर्ट्स राइट्स को एक साथ जोड़कर बेचने की प्रक्रिया नहीं अपनाएगी। इसके अलावा, IPL के टीवी और ओटीटी राइट्स को भी एक साथ बंडल नहीं किया जाएगा।
आयोग का मानना था कि इन शर्तों से मर्जर के बाद बनने वाली कंपनी विज्ञापन स्लॉट को जबरन एक साथ बेचने या ग्राहकों और विज्ञापनदाताओं से अनुचित तरीके से ज्यादा कीमत वसूलने की स्थिति में नहीं होगी।
मार्च 2027 तक तय हो सकती है सात चैनलों की नई ओनरशिप
फिलहाल जियोस्टार के सात चैनलों की बिक्री को लेकर बातचीत जारी है। अगर यह प्रक्रिया तय समय के मुताबिक मार्च 2027 तक पूरी हो जाती है, तो इन चैनलों के मालिकाना हक के साथ-साथ उनसे जुड़े एम्प्लॉयीज की जिम्मेदारियों में भी बदलाव देखने को मिलेगा।
कंपनी के लिए यह कदम केवल सात चैनलों से अलग होने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए वह अपने पूरे टीवी पोर्टफोलियो और निवेश की प्राथमिकताओं को नए सिरे से तय कर रही है।
आने वाले महीनों में यह साफ हो सकता है कि इन सात चैनलों को कौन खरीदता है और जियोस्टार के टीवी कारोबार का अगला स्वरूप कैसा होगा।
'न्यूज की पाठशाला 2.0' में पहले ही एपिसोड में दिल्ली में मसालों में मिलावट के कथित कारोबार का स्टिंग ऑपरेशन, रोजाना रात 8:45 बजे होगा प्रसारण
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश के प्रमुख न्यूज नेटवर्क्स में शुमार टाइम्स नेटवर्क (Times Network) के हिंदी न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत (Times Now Navbharat) ने अपने चर्चित न्यूज शो 'न्यूज की पाठशाला' (News Ki Pathshala) को नए अंदाज और नए कलेवर में फिर से शुरू किया है। 23 नवंबर 2026 से 'न्यूज की पाठशाला 2.0' के नाम से लौटे इस शो के होस्ट मृदुल शर्मा हैं।
नेटवर्क के अनुसार, नए अवतार में रोजाना रात 8:45 बजे प्रसारित होने वाले इस शो को पहले से अधिक प्रभावशाली और दिलचस्प अंदाज में पेश करने की तैयारी की गई है। इसका उद्देश्य केवल सुर्खियां दिखाना नहीं, बल्कि खबरों के पीछे की पूरी कहानी को सामने लाना और उन मुद्दों को उठाना है, जिनका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ता है। नए फॉर्मेट में पुराने शो की पहचान और लोकप्रियता को बरकरार रखते हुए प्रस्तुति को अधिक गतिशील बनाया गया है।
'न्यूज की पाठशाला 2.0' के पहले एपिसोड की शुरुआत टाइम्स नाउ नवभारत की इन्वेस्टिगेशन टीम के स्टिंग ऑपरेशन 'मिर्ची सेठ्स' (Mirchi Seths) से हुई। इस जांच में दिल्ली में रोजमर्रा के इस्तेमाल होने वाले मसालों में कथित मिलावट के कारोबार का खुलासा किया गया। जांच में सामने आया कि मुनाफा बढ़ाने के लिए कुछ व्यापारी मिर्च, हल्दी, धनिया और गरम मसाले में कथित तौर पर मिलावट कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे।
नेटवर्क का कहना है कि नए फॉर्मेट में शो की प्रस्तुति को तेज और अधिक आकर्षक बनाया गया है। इसे पारंपरिक तरीके से बैठकर या खड़े होकर खबरें पढ़ने वाले कार्यक्रमों से अलग रखने की कोशिश की गई है। शो में लगातार बदलते विजुअल्स, तथ्य, ग्राफिक्स और अन्य दिलचस्प तत्वों के जरिए दर्शकों को खबरों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
'न्यूज की पाठशाला' की मूल सोच 'न्यूज + व्यूज विद नेशनलिज्म' (News + Views with Nationalism) पर आधारित है। इसके तहत शो में खबरों को केवल सुर्खियों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उनके पीछे की बड़ी तस्वीर सामने लाने, संबंधित लोगों से जरूरी सवाल पूछने और जवाबदेही तय करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।