वरिष्ठ पत्रकार मनीष कुमार का ‘आजतक’ में इस बड़े पद पर हुआ प्रमोशन

हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (AajTak) में आउटपुट हेड के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार मनीष कुमार को ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ (TV Today Network) प्रबंधन ने प्रमोशन का तोहफा दिया है।

Last Modified:
Monday, 04 July, 2022
Manish Kumar


हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (AajTak) में आउटपुट हेड के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार मनीष कुमार को ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ (TV Today Network) प्रबंधन ने प्रमोशन का तोहफा दिया है। उन्हें अब चैनल में मैनेजिंग एडिटर (आउटपुट) की जिम्मेदारी दी गई है।

मूल रूप से मुजफ्फरपुर (बिहार) के रहने वाले मनीष कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब 25 साल का अनुभव है। वह आउटपुट के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं। पिछले करीब दस वर्षों से वह इस संस्थान से जुड़े हुए हैं। प्रमोशन से पहले वह यहां सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर की पोस्ट पर थे।

मनीष कुमार पूर्व में भी करीब पांच साल (वर्ष 2002 से 2007 तक) ‘आजतक’ में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उस दौरान उन्होंने विशेष और स्पेशल रिपोर्ट्स की टीम का नेतृत्व किया। इसके बाद वह ‘न्यूज24’ (News24) से जुड़ गए थे और वर्ष 2012 में वहां से अलग होकर फिर ‘आजतक’ आ गए थे।

पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो मनीष कुमार ने बिहार से ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।

आपको बता दें कि ‘इंडिया टुडे’ (India Today) और ‘आजतक’ (Aajtak) न्यूज चैनल्स के स्वामित्व वाले ‘टीवी टुडे नेटवर्क’ ने मनीष कुमार के अलावा ‘आजतक’ की सीनियर न्यूज एंकर व स्पेशल प्रोग्रामिंग विभाग की सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर श्वेता सिंह और ‘इंडिया टुडे’ (India Today) के सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर गौरव सावंत को भी मैनेजिंग एडिटर के पद पर प्रमोट किया है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

BAG Films को BSE व NSE से मिली ये बड़ी मंजूरी

B.A.G. Films and Media Limited को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज से बड़ी मंजूरी मिल गई है।

Vikas Saxena by
Published - Tuesday, 19 May, 2026
Last Modified:
Tuesday, 19 May, 2026
BAG8954

प्रतिष्ठित न्यूज चैनल 'न्यूज24' के स्वामित्व वाली कंपनी BAG Films and Media Limited को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज से बड़ी मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने जानकारी दी है कि उसे 98 लाख इक्विटी शेयरों की लिस्टिंग और ट्रेडिंग के लिए दोनों स्टॉक एक्सचेंजों से अंतिम मंजूरी मिल गई है।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि ये शेयर प्रमोटर ग्रुप को प्रेफरेंशियल बेसिस पर जारी किए गए थे। यह शेयर पहले जारी किए गए 98 लाख वारंट्स को इक्विटी शेयरों में बदलने के बाद अलॉट किए गए हैं।

कंपनी के मुताबिक, हर शेयर का फेस वैल्यू 2 रुपये है, जबकि इस पर 6.25 रुपये प्रति शेयर का प्रीमियम लगाया गया है। यानी कुल इश्यू प्राइस 8.25 रुपये प्रति शेयर रहा।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने अपने पत्र में कहा है कि ये नए शेयर 19 मई 2026 से एक्सचेंज पर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे। वहीं BSE Limited ने भी कंपनी को लिस्टिंग और ट्रेडिंग की मंजूरी दे दी है।

कंपनी ने बताया कि इन शेयरों पर 27 नवंबर 2027 तक लॉक-इन रहेगा। यानी इस अवधि तक प्रमोटर ग्रुप इन शेयरों को बेच नहीं सकेगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Zee मीडिया का बड़ा फंड जुटाने का प्लान, विदेशी निवेशकों को जारी होंगे वारंट

जी मीडिया ने बड़ा फंड जुटाने का फैसला किया है। कंपनी के बोर्ड ने 18 मई 2026 को हुई बैठक में करीब 119 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 14 करोड़ वारंट जारी करने को मंजूरी दे दी।

Vikas Saxena by
Published - Tuesday, 19 May, 2026
Last Modified:
Tuesday, 19 May, 2026
ZeeMedia985

जी मीडिया (Zee Media Corporation Limited) ने बड़ा फंड जुटाने का फैसला किया है। कंपनी के बोर्ड ने 18 मई 2026 को हुई बैठक में करीब 119 करोड़ रुपये जुटाने के लिए 14 करोड़ वारंट जारी करने को मंजूरी दे दी। ये वारंट प्रेफरेंशियल बेसिस पर विदेशी निवेशकों (FPI) को दिए जाएंगे।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि हर वारंट की कीमत 8.50 रुपये तय की गई है। बाद में हर वारंट को कंपनी के एक इक्विटी शेयर में बदला जा सकेगा। इस पूरी फंडरेजिंग के जरिए कंपनी अधिकतम 119 करोड़ रुपये जुटाएगी।

यह वारंट तीन विदेशी निवेशक संस्थाओं को जारी किए जाएंगे। इनमें Magnifica Global Opportunities VCC-MGO High Conviction Fund, Minerva Ventures Fund और Sun India Opportunities Investing Fund शामिल हैं। ये सभी निवेशक कंपनी की नॉन-प्रमोटर कैटेगरी में आएंगे।

कंपनी के मुताबिक, वारंट लेने वाले निवेशकों को शुरुआत में 25% रकम जमा करनी होगी, जबकि बाकी 75% रकम वारंट को शेयर में बदलते समय देनी होगी। निवेशकों को यह अधिकार 18 महीने के भीतर इस्तेमाल करना होगा। अगर तय समय में वारंट शेयर में नहीं बदले गए तो वारंट रद्द हो जाएंगे और जमा रकम जब्त कर ली जाएगी।

जी मीडिया के बोर्ड ने इसके साथ ही स्वतंत्र निदेशक स्वेता गोपालन की दोबारा नियुक्ति को भी मंजूरी दी है। उन्हें 1 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2031 तक दूसरे कार्यकाल के लिए इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बनाया जाएगा। हालांकि इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।

स्वेता गोपालन इंडस्ट्रियल बायोटेक्नोलॉजी में बीटेक कर चुकी हैं और अमेरिका के Kellogg School of Management से MBA भी कर चुकी हैं। उन्होंने Johns Hopkins Medicine International, Parkway Health Singapore, Noble Group और Tata Consultancy Services जैसी कंपनियों में काम किया है।

इन सभी प्रस्तावों को मंजूरी दिलाने के लिए कंपनी 13 जून 2026 को एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) भी आयोजित करेगी। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

न्यूज18 इंडिया से रुबिका लियाकत ने दिया इस्तीफा

विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो वह जल्द ही एक बड़े न्यूज नेटवर्क में शामिल हो सकती हैं और अहम जिम्मेदारी संभाल सकती हैं।

Samachar4media Bureau by
Published - Monday, 18 May, 2026
Last Modified:
Monday, 18 May, 2026
Rubika Liyaquat..

देश के प्रमुख न्यूज नेटवर्क्स में शुमार ‘नेटवर्क18’ (Network18) के हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज18 इंडिया’ (News18 India) से जुड़ी एक बड़ी खबर है। दरअसल, लोकप्रिय न्यूज एंकर और चैनल की कंसल्टिंग एडिटर रुबिका लियाकत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। फिलहाल उनकी अगली पारी को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ सामने नहीं आया है, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि वह जल्द ही किसी बड़े न्यूज नेटवर्क के साथ नई भूमिका में नजर आ सकती हैं।

रुबिका लियाकत हिंदी टीवी पत्रकारिता का एक चर्चित और प्रभावशाली चेहरा हैं। अपनी तेज-तर्रार एंकरिंग, धारदार सवालों और बेबाक प्रस्तुति शैली के दम पर उन्होंने देशभर के दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। न्यूज18 इंडिया में शाम पांच बजे का उनका शो ‘गूंज’ (Goonj) काफी लोकप्रिय रहा।

रुबिका लियाकत का पत्रकारिता सफर बेहद शानदार और प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में ‘लाइव इंडिया’ चैनल से की थी। इसके बाद वह ‘न्यूज24’ से जुड़ीं और फिर ‘जी न्यूज’ में रिपोर्टिंग और एंकरिंग के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। ‘जी न्यूज’ के चर्चित शो ‘ताल ठोक के’ से उन्हें व्यापक लोकप्रियता मिली।

इसके बाद रुबिका ‘एबीपी न्यूज’ से जुड़ीं, जहां उन्होंने प्राइम टाइम शो ‘मास्टर स्ट्रोक’ के जरिए दर्शकों के बीच अलग मुकाम हासिल किया। उनकी प्रस्तुति शैली, राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ और सवाल पूछने के स्पष्ट अंदाज ने उन्हें हिंदी न्यूज इंडस्ट्री की अग्रणी महिला एंकर्स में शामिल कर दिया।

साल 2022 में उन्होंने ‘भारत24’ के साथ नई पारी शुरू की, जहां वह वाइस प्रेजिडेंट और एंकर की भूमिका में नजर आईं। इसके बाद उन्होंने जनवरी 2024 में ‘न्यूज18 इंडिया’ जॉइन किया, जहां वह कंसल्टिंग एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं और अब उन्होंने यहां से इस्तीफा दे दिया है।

मूल रूप से राजस्थान के उदयपुर से ताल्लुक रखने वाली रुबिका लियाकत अपनी बेबाक राय और दमदार भाषा शैली के लिए जानी जाती हैं। हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी भाषा पर उनकी मजबूत पकड़ उनकी प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाती है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है।

रुबिका की पत्रकारिता की सबसे बड़ी खासियत यह रही है कि वह हमेशा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती हैं। टीवी डिबेट्स के दौरान उनका आत्मविश्वास, तथ्यों के साथ तैयारी और तेज प्रतिक्रिया उन्हें अन्य एंकर्स से अलग पहचान दिलाती है।

पत्रकारिता में तेज, स्पष्ट और सशक्त प्रस्तुति शैली ने उन्हें भारतीय टीवी पत्रकारिता की दुनिया में एक प्रमुख स्थान दिलाया है। उनके शब्दों का चयन, भाषा कौशल और बेबाक दृष्टिकोण विशेष रूप से दर्शकों को आकर्षित करते हैं। समाचार4मीडिया की ओर से रुबिका लियाकत को उनके आगामी सफर के लिए शुभकामनाएं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

'जी एंटरटेनमेंट' से लक्ष्मी शेट्टी ने दिया इस्तीफा

लक्ष्मी शेट्टी ने जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज से इस्तीफा दे दिया है। वह पिछले 21 साल से इस कंपनी के साथ काम कर रही थीं।

Samachar4media Bureau by
Published - Monday, 18 May, 2026
Last Modified:
Monday, 18 May, 2026
Laxmi8451

लक्ष्मी शेट्टी ने जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज से इस्तीफा दे दिया है। वह पिछले 21 साल से इस कंपनी के साथ काम कर रही थीं।

सूत्रों के मुताबिक, लक्ष्मी शेट्टी पिछले दो दशकों से जी एंटरटेनमेंट के विज्ञापन और रेवेन्यू कारोबार से जुड़ी हुई थीं। पिछले साल ही उन्हें ब्रॉडकास्ट और डिजिटल विज्ञापन राजस्व विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यह जिम्मेदारी उन्हें आशीष सहगल के कंपनी छोड़ने के बाद मिली थी।

कंपनी के भीतर लक्ष्मी शेट्टी को लंबे समय से रेवेन्यू रणनीति से जुड़े अहम चेहरों में माना जाता था। उन्होंने टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर विज्ञापन कारोबार बढ़ाने, सेल्स प्लानिंग, प्राइसिंग मॉडल और विज्ञापनदाताओं के साथ साझेदारी मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई।

इससे पहले वह कंपनी में Chief Sales Strategy & Maximisation Officer के पद पर भी काम कर चुकी थीं। ज़ी से जुड़ने से पहले उन्होंने Bennett, Coleman & Co. Ltd. में भी काम किया था।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

न्यूज18 इंडिया में सुशांत सिन्हा की एंट्री की चर्चा, शो लाइनअप में हो सकता है बदलाव!

आजतक से अलग होकर न्यूज एंकर अर्पिता आर्या की इस नेटवर्क में एंट्री की चर्चाओं के बीच अब वरिष्ठ पत्रकार और लोकप्रिय न्यूज एंकर सुशांत सिन्हा को लेकर भी कयासों का दौर जारी है।

Samachar4media Bureau by
Published - Monday, 18 May, 2026
Last Modified:
Monday, 18 May, 2026
New18 India

देश के प्रमुख न्यूज नेटवर्क्स में शुमार ‘नेटवर्क18’ (Network18) के हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज18 इंडिया’ (News18 India) को लेकर मीडिया इंडस्ट्री में इन दिनों चर्चाओं का दौर तेज है। आजतक से अलग होकर न्यूज एंकर अर्पिता आर्या की इस नेटवर्क में एंट्री की चर्चाओं के बीच अब वरिष्ठ पत्रकार और लोकप्रिय न्यूज एंकर सुशांत सिन्हा को लेकर भी कयासों का दौर जारी है।

विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, सुशांत सिन्हा का टाइम्स नेटवर्क के साथ मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट इसी महीने समाप्त हो रहा है और उन्होंने इसे आगे रिन्यू नहीं करने का फैसला किया है। ऐसे में उनके जल्द ‘न्यूज18 इंडिया’ के साथ नई पारी शुरू करने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह जून से नई भूमिका में नजर आ सकते हैं और चैनल पर रात 9 बजे के प्राइम टाइम स्लॉट की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

यदि मीडिया गलियारों में चल रही चर्चाओं की मानें तो सुशांत सिन्हा के आने के बाद न्यूज18 इंडिया में प्राइम टाइम स्लॉट को लेकर बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। सुशांत सिन्हा के संभावित तौर पर रात 9 बजे आने की खबरों के बाद इंडस्ट्री में यह सवाल भी उठने लगा है कि चैनल में मैनेजिंग एडिटर और सीनियर न्यूज एंकर किशोर अजवाणी की भूमिका और स्लॉट में क्या बदलाव हो सकता है।

फिलहाल चैनल पर शाम 5 बजे रुबिका लियाकत ‘गूंज’ शो होस्ट करती हैं, जबकि रात 8 बजे अमन चोपड़ा का शो ‘देश नहीं झुकने देंगे’ प्रसारित होता है। सूत्रों के मुताबिक, अर्पिता आर्या को शाम 5 बजे का स्लॉट दिए जाने की चर्चा है।

हालांकि, फिलहाल चैनल प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। बावजूद इसके, मीडिया इंडस्ट्री में इन चर्चाओं ने न्यूज18 इंडिया के संभावित नए प्राइम टाइम स्ट्रक्चर को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ा दी है।

इस पूरे मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया के लिए समाचार4मीडिया की टीम ने संबंधित पक्षों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी थी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

PM मोदी के बयान के बाद 'CNBC TV-18' ने वापस ली अपनी रिपोर्ट, जताया खेद

प्रधानमंत्री ने विदेश यात्रा पर टैक्स या सेस लगाए जाने की खबरों को खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए पीएम ने कहा कि सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

Samachar4media Bureau by
Published - Saturday, 16 May, 2026
Last Modified:
Saturday, 16 May, 2026
Pmmodi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स या सेस लगाए जाने की खबर को 'पूरी तरह गलत' बताए जाने के बाद बिजनेस न्यूज चैनल CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट वापस ले ली है। चैनल ने स्वीकार किया कि उसकी खबर सटीक नहीं थी और इसके लिए खेद भी जताया।

दरअसल, CNBC-TV18 ने शुक्रवार को एक ‘एक्सक्लूसिव’ रिपोर्ट में दावा किया था कि केंद्र सरकार विदेश यात्राओं पर अस्थायी टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया था कि बढ़ती वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और युद्ध संबंधी वित्तीय दबावों से निपटने के लिए उच्च स्तर पर इस प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है।

रिपोर्ट सामने आने के बाद बिजनेस, शिक्षा और पर्यटन के सिलसिले में विदेश यात्रा करने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, कुछ ही समय बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इन दावों को खारिज कर दिया। प्रधानमंत्री ने लिखा, 'यह पूरी तरह गलत है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। विदेश यात्रा पर किसी प्रकार की पाबंदी लगाने का सवाल ही नहीं उठता।' उन्होंने आगे कहा कि सरकार ‘Ease of Doing Business’ और ‘Ease of Living’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा ली। चैनल ने बयान जारी करते हुए कहा, 'सरकार द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स/सेस लगाने पर विचार किए जाने संबंधी हमारी खबर सटीक नहीं थी। हम यह खबर वापस लेते हैं और गलती के लिए खेद जताते हैं।'

उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अगले एक वर्ष तक अनावश्यक विदेशी यात्राओं से बचने की अपील जरूर की थी। उन्होंने इसे वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखने से जोड़ा था।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

अभिजीत चौधरी ने ‘आजतक’ को कहा अलविदा : लिखी भावुक पोस्ट

पत्रकार अभिजीत चौधरी ने करीब पांच साल बाद हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ को अलविदा कह दिया है। उन्होंने लिंक्डइन पोस्ट के जरिए अपने अनुभव साझा करते हुए टीम और संस्थान का आभार जताया।

Samachar4media Bureau by
Published - Friday, 15 May, 2026
Last Modified:
Friday, 15 May, 2026
Abhijeet Chaudhary

पत्रकार अभिजीत चौधरी ने हिंदी न्यूज चैनल ‘आजतक’ (Aaj Tak) और ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह से अपनी पारी समाप्त कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इस जानकारी को सार्वजनिक किया।

अपनी पोस्ट में अभिजीत चौधरी ने लिखा कि “अलविदा” भाषा के सबसे भारी शब्दों में से एक है और अब उन्हें यही शब्द लिखना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 27 मई 2021 को उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के अपने सफर की शुरुआत ‘आजतक’ से की थी।

उन्होंने अपने लगभग पांच साल के कार्यकाल को याद करते हुए लिखा कि इस न्यूजरूम ने उन्हें सिर्फ काम करना नहीं, बल्कि खबरों को समझना, महसूस करना और हर दिन कुछ नया सीखना सिखाया। अभिजीत ने कहा कि कैमरे के पीछे बिताया हर पल, हर बुलेटिन, डेडलाइन और साथियों के साथ काम करने का अनुभव हमेशा उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहेगा। उन्होंने संस्थान और सहकर्मियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब वह नई यात्रा की ओर बढ़ रहे हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

विज्ञापन संकट से 'टीवी टुडे नेटवर्क' के मुनाफे में बड़ी गिरावट

TV Today Network का FY26 में मुनाफा तेज़ी से घटकर ₹14.35 करोड़ रह गया। कमजोर विज्ञापन आय, रेडियो कारोबार में नुकसान और बढ़ती लागत ने कंपनी के प्रदर्शन को प्रभावित किया।

Samachar4media Bureau by
Published - Friday, 15 May, 2026
Last Modified:
Friday, 15 May, 2026
tvtoday

आज तक (Aaj Tak) और इंडिया टुडे (India Today) जैसे प्रमुख न्यूज ब्रांड्स संचालित करने वाली 'TV Today Network Limited' का FY26 में मुनाफा तेज़ी से घटा है। कंपनी ने मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में ₹14.35 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि FY25 में यह ₹74.53 करोड़ था।

कंपनी की ऑपरेशनल आय भी करीब 19 प्रतिशत गिरकर ₹808.7 करोड़ रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष में ₹993.02 करोड़ थी। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का लाभ ₹13.74 करोड़ रहा, जबकि एक साल पहले यह ₹74.83 करोड़ था।

कंपनी ने बताया कि कमजोर विज्ञापन राजस्व, पुनर्गठन लागत और रेडियो कारोबार में जारी नुकसान का असर वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ा। TV Today की रेडियो ब्रॉडकास्टिंग यूनिट को अब “डिस्कंटीन्यूड ऑपरेशंस” के रूप में वर्गीकृत किया गया है। FY26 में इस कारोबार से कंपनी को ₹5.89 करोड़ का नुकसान हुआ। कंपनी पहले ही अपने FM रेडियो कारोबार को बेचने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है।

नवंबर 2025 में TV Today ने अभिजीत रियल्टर्स एंड इंफ्रावेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ ₹10 करोड़ में रेडियो बिजनेस बेचने का समझौता किया था। इसके अलावा कंपनी ने रेडियो कारोबार से जुड़ा ₹9.63 करोड़ का इम्पेयरमेंट लॉस भी दर्ज किया। नए लेबर कोड लागू होने से बढ़ी लागत का भी असर पड़ा, हालांकि मार्च तिमाही में कंपनी ने कुछ प्रावधान वापस लेकर राहत हासिल की।

इसके बावजूद कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत बनी हुई है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति ₹1,129.16 करोड़ रही, जबकि कैश और कैश इक्विवेलेंट बढ़कर ₹23.43 करोड़ हो गए।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

फीफा वर्ल्ड कप 2026: दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रसार भारती से मांगा जवाब

दिल्ली हाईकोर्ट ने 'FIFA World Cup 2026' के भारत में प्रसारण को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रसार भारती से जवाब मांगा है। याचिका में टूर्नामेंट के फ्री-टू-एयर प्रसारण की मांग की गई है।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 13 May, 2026
Last Modified:
Wednesday, 13 May, 2026
fifaworldcup2026

दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने FIFA World Cup 2026 के भारत में प्रसारण को लेकर दायर याचिका पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) और प्रसार भारती (Prasar Bharati) से जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई अगले सप्ताह होगी। जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव (Justice Purushaindra Kumar Kaurav) की बेंच ने मामले में नोटिस जारी करते हुए कहा कि याचिका में मांगी गई राहतें जनहित याचिका (PIL) जैसी हैं।

यह याचिका अधिवक्ता अवधेश बैरवा (Avdhesh Bairwa) की ओर से दायर की गई है। याचिका में मांग की गई है कि FIFA World Cup 2026 का प्रसारण भारत में सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती के जरिए सुनिश्चित किया जाए। खास तौर पर टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को फ्री-टू-एयर प्लेटफॉर्म पर दिखाने की अपील की गई है।

याचिका में यह भी कहा गया है कि सरकार टूर्नामेंट के सभी 104 मैचों के प्रसारण अधिकार हासिल करने की दिशा में कदम उठाए। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता वैभव गग्गर ने कोर्ट से कहा कि संबंधित अधिकारी पहले से प्रयास कर रहे हैं और कोर्ट का हस्तक्षेप इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। FIFA World Cup 2026 का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक होगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

राज टेलीविजन नेटवर्क में श्री हरि सरवणा विग्नेश बने कंटेंट हेड

राज टेलीविजन नेटवर्क के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 12 मई 2026 को हुई, जिसमें कंपनी ने श्री हरि सरवणा विग्नेश को कंटेंट हेड और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल के तौर पर नियुक्त किया है।

Vikas Saxena by
Published - Wednesday, 13 May, 2026
Last Modified:
Wednesday, 13 May, 2026
RajTV457

राज टेलीविजन नेटवर्क (Raj Television Network Limited) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 12 मई 2026 को हुई, जिसमें कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड नतीजों को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही कंपनी ने श्री हरि सरवणा विग्नेश को कंटेंट हेड और सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल के तौर पर नियुक्त किया है।

श्री हरि इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी और साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल हैं। उन्होंने लंदन की Royal Holloway University से इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी में MSc किया है। उन्हें रिस्क मैनेजमेंट, कंप्लायंस, नेटवर्क सिक्योरिटी और साइबर डिफेंस का अच्छा अनुभव है।

कंपनी के मुताबिक उन्हें ISO 27001, PCI DSS, NIST Cybersecurity Framework, क्रिप्टोग्राफी, फायरवॉल मैनेजमेंट और सिक्योर नेटवर्किंग प्रोटोकॉल्स की जानकारी है। इसके अलावा उन्हें एथिकल हैकिंग और वल्नरेबिलिटी असेसमेंट का भी अनुभव है।

वे पहले Niagara Networks में ऑटोमेशन इंजीनियर के तौर पर काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने एडवांस टेस्ट ऑटोमेशन स्क्रिप्ट्स तैयार कीं और सॉफ्टवेयर वल्नरेबिलिटी से जुड़े मामलों पर काम किया।

श्री हरि ने कई साइबर सिक्योरिटी सर्टिफिकेशन और वेब हैकिंग प्रोग्राम भी पूरे किए हैं। उन्हें “Capture the Flag” साइबर सिक्योरिटी प्रतियोगिता में तीसरा स्थान भी मिला था।

कंपनी ने बताया कि उन्हें Python, Bash scripting, नेटवर्क सिक्योरिटी इम्प्लीमेंटेशन और ऑटोमेटेड रिकॉनिसेंस टूल्स का भी अच्छा अनुभव है। कंपनी के अनुसार उनकी तकनीकी समझ, नेतृत्व क्षमता और कम्युनिकेशन स्किल्स उन्हें रिस्क, कंप्लायंस और साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र में मजबूत प्रोफेशनल बनाती हैं।

कंपनी ने यह भी बताया कि श्री हरि, प्रमोटर और होल टाइम डायरेक्टर एम. रघुनाथन के बेटे हैं।

इसके अतिरिक्त, कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड नतीजों को भी मंजूरी दे दी है।  मार्च 2026 तिमाही में उसका कुल रेवेन्यू बढ़कर करीब 21.82 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी ने करीब 22 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब 79 लाख रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी को 21 करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा हुआ था।

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि मार्च 2026 तिमाही के लिए किसी डिविडेंड की सिफारिश नहीं की गई है। कंपनी के ऑडिटर्स N Naresh & Co. ने वित्तीय नतीजों पर बिना किसी संशोधन के ऑडिट रिपोर्ट जारी की है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए