होम / टीवी / India Today समूह से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार उदयन मुखर्जी, निभाएंगे यह जिम्मेदारी
India Today समूह से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार उदयन मुखर्जी, निभाएंगे यह जिम्मेदारी
जाने-माने बिजनेस पत्रकार उदयन मुखर्जी लंबे समय के बाद फिर टीवी स्क्रीन पर नजर आएंगे। उन्होंने ‘इंडिया टुडे’ (India Today Group) ग्रुप में जॉइन किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
जाने-माने बिजनेस पत्रकार उदयन मुखर्जी लंबे समय के बाद फिर टीवी स्क्रीन पर नजर आएंगे। उन्होंने ‘इंडिया टुडे’ (India Today Group) ग्रुप में जॉइन किया है। दरअसल, ‘इंडिया टुडे’ ग्रुप ने घोषणा की है कि उदयन मुखर्जी नेटवर्क के नए शो को होस्ट करेंगे। इस संबंध में ‘इंडिया टुडे’ ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी का कहना है, ‘बिजनेस के भविष्य को लेकर उदयन मुखर्जी की काफी अच्छी समझ है। महामारी के बाद और सामान्य होती स्थिति के बीच अर्थव्यवस्था को लेकर हमें उनकी प्रतिभा और वैश्विक दृष्टिकोण की काफी जरूरत है।‘
इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘वित्तीय बाजारों, नवाचार-संचालित व्यवसायों, फिनटेक और अर्थव्यवस्था को लेकर उनकी समझ से नए दौर में पेशेवरों, उद्यमियों और स्टार्टअप से जुड़ी युवा पीढ़ी को काफी मदद मिलेगी। इंडिया टुडे ग्रुप में अपने नए बिजनेस टुडे शो के लिए होस्ट के रूप में उदयन मुखर्जी के शामिल होने पर हम बहुत खुश हैं।‘
वहीं, इस बारे में मुखर्जी का कहना है, ‘इंडिया टुडे परिवार का हिस्सा बनने पर मैं काफी खुश हूं। मैं इंडिया टुडे, बिजनेस टुडे और टीवी टुडे जैसे ब्रैंड्स की व्यापक और विशाल पहुंच का हमेशा प्रशंसक रहा हूं और अब उनके ऑडियंस तक पहुंचने और उनके साथ जुड़ने के अवसर की प्रतीक्षा कर रहा हूं।’
इसके साथ ही मुखर्जी का कहना है, ‘महामारी के बाद बिजनेस अब पहले की तरह नहीं रहने वाला है। बिजनेस लीडर्स से पॉलिसी मेकर्स तक सभी को अब नए नजरिये से दुनिया को देखना होगा। यह एक बार फिर व्यापार जगत के साथ जुड़ने का एक शानदार अवसर होगा, लेकिन एक अलग नजरिए से।’
मुखर्जी को टीवी पत्रकारिता का काफी अनुभव है। वह ‘सीएनबीसी’ (CNBC) चैनल में एंकर और उसके बाद मैनेजिंग एडिटर रह चुके हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुखर्जी को वर्ष 2012 में प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वह व्यावसायिक मामलों पर बहुचर्चित टिप्पणीकार और राष्ट्रीय समाचार पत्रों के लिए एक स्तंभकार के रूप में सक्रिय हैं।
टैग्स आजतक इंडिया टुडे इंडिया टुडे ग्रुप उदयन मुखर्जी बिजनेस पत्रकार बिजनेस जर्नलिस्ट