होम / टीवी / टीवी चैनल्स के दाम बढ़ाने की तैयारी में ब्रॉडकास्टर्स, ट्राई ने दी ये चेतावनी
टीवी चैनल्स के दाम बढ़ाने की तैयारी में ब्रॉडकास्टर्स, ट्राई ने दी ये चेतावनी
टीवी देखने के शौकीन लोगों को जल्द ही अपनी जेब कुछ ज्यादा ही ढीली करनी पड़ सकती है। दरअसल, 01 दिसंबर से टीवी चैनल्स के रेट बढ़ने वाले हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
टीवी देखने के शौकीन लोगों को जल्द ही अपनी जेब कुछ ज्यादा ही ढीली करनी पड़ सकती है। दरअसल, 01 दिसंबर से टीवी चैनल्स के रेट बढ़ने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश के कुछ प्रमुख ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क्स ने अपने लोकप्रिय चैनल्स को बुके से बाहर कर दिए हैं, जिसके कारण टीवी दर्शकों को 50% तक अधिक खर्च करना पड़ सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसा इसलिए है क्योंकि ट्राई ने मार्च 2017 में टीवी चैनल्स की कीमतों को लेकर न्यू टैरिफ ऑर्डर (NTO) जारी किया था। उसके बाद 1 जनवरी, 2020 को NTO 2.0 जारी हुआ। इसके बाद से ही कई मीडिया नेटवर्क अपने चैनलों के दाम बदल रहे हैं।
वहीं, ट्राई ने शुक्रवार को कहा कि कुछ ब्रॉडकास्टर्स टीवी चैनलों के अ-ला-कार्टे मूल्य निर्धारण के लिए मिली स्वतंत्रता का दुरुपयोग कर रहे हैं। ट्राई ने चेतावनी दी है कि उन पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उपभोक्ताओं व इस सेक्टर के व्यापक हित में कार्रवाई करने से नहीं कतराएगा।
ट्राई का कहना था कि NTO 2.0 दर्शकों को केवल उन चैनलों के चयन और भुगतान करने का विकल्प और स्वतंत्रता देगा, जिन्हें वे देखना चाहते हैं।
बता दें कि ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क के किसी बुके में ऑफर किए जाने वाली चैनल की मंथली वैल्यू 15-25 रुपए के बीच गई थी, लेकिन ट्राई के नए टैरिफ ऑर्डर में यह न्यूनतम 12 रुपए तय की गई है। ऐसे में ब्रॉडकास्टर्स का मानना है कि उनके लिए अपने ज्यादातर चैनल सिर्फ 12 रुपए में ऑफर करना बहुत नुकसानदेह हो सकता है। यह नुकसान कम करने के लिए ब्रॉडकास्टर्स ने कुछ पॉपुलर चैनल्स को बुके से बाहर कर उनके दाम बढ़ाने का रास्ता सोचा है।
स्टार प्लस, कलर्स, जी टीवी, सोनी और कुछ रीजनल चैनल जैसे लोकप्रिय चैनल्स को देखने के लिए, दर्शकों को 35 से 50 फीसदी तक ज्यादा चुकाने होंगे।
वहीं, ट्राई ने कहा कि एक निरंतर भ्रामक अभियान चलाया जा रहा है कि आसन्न मूल्य वृद्धि एनटीओ 2.0 (नए टैरिफ ऑर्डर और प्रसारण नियम) के कारण है।
टैग्स ट्राई ब्रॉडकास्टर्स चैनल्स अ-ला-कार्टे