होम / टीवी / सीनियर न्यूज एंकर पद्मजा जोशी ने ‘Times Now’ में अपनी पारी को दिया विराम
सीनियर न्यूज एंकर पद्मजा जोशी ने ‘Times Now’ में अपनी पारी को दिया विराम
पद्मजा जोशी का अगला कदम क्या होगा, फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो उनके पास कई ऑफर्स हैं और जल्द ही वह अपनी नई पारी शुरू कर सकती हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचानी जानी वालीं वरिष्ठ पत्रकार और अंग्रेजी न्यूज चैनल ‘टाइम्स नाउ’ (Times Now) की सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर पद्मजा जोशी ने यहां अपनी पारी को विराम दे दिया है। बता दें कि इस चैनल के साथ उनकी यह दूसरी पारी थी।
विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से मिली इस खबर के मुताबिक, वह फिलहाल यहां नोटिस पीरियड पर हैं। पद्मजा जोशी का अगला कदम क्या होगा, फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो उनके पास कई ऑफर्स हैं और जल्द ही वह अपनी नई पारी शुरू कर सकती हैं।
सीनियर न्यूज एंकर पद्मजा जोशी की खास बात यह है कि वह बेवजह चीख-चिल्लाकर अपनी बात रखने में विश्वास नहीं रखतीं। पद्मजा पूरी शालीनता और संजीदगी के साथ सवाल पूछती हैं, लेकिन इससे उनके सवालों की धार प्रभावित नहीं होती। उन्हें बखूबी पता है कि कब कैसे शब्दों का कितना इस्तेमाल करना है।
पद्मजा जोशी की गिनती तेज तर्रार पत्रकारों में होती है और उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का काफी अनुभव है। अपने करीब डेढ़ दशक के पत्रकारीय करियर में वह रिपोर्टर, प्रड्यूसर और कमेंटेटर के साथ-साथ प्राइम टाइम न्यूज एंकर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
पद्मजा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी और डेढ़ साल तक रिपोर्टर की भूमिका निभाने के बाद उन्हें ‘स्टार न्यूज़’ (अब एबीपी न्यूज) में बतौर एंकर ख़बरों को प्रस्तुत करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने खुद को टीवी पत्रकारिता का हिस्सा बना लिया। 2007 में उन्होंने अंग्रेजी न्यूज़ चैनल ‘एक्स न्यूज़’ के साथ नई पारी की शुरुआत की, यहां उन्हें प्रड्यूसर की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी।
हालांकि, पद्मजा का ये सफ़र ज्यादा लंबा नहीं रहा। केवल 8 महीने में ही उन्होंने ‘एक्स न्यूज़’ का साथ छोड़कर ‘हेडलाइंस टुडे’ ( अब इंडिया टुडे टीवी) जॉइन कर लिया। ‘हेडलाइन टुडे’ में पद्मजा ने एंकर और एसोसिएट एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर की भूमिका निभाई। करीब 6 साल यहां बिताने के बाद वह 2014 में ‘टाइम्स नाउ’ से बतौर न्यूज़ एडिटर जुड़ीं और फिर वापस ‘इंडिया टुडे’ समूह का हिस्सा बन गईं। इसके बाद वर्ष 2019 में उन्होंने एक बार फिर ‘टाइम्स नाउ’ जॉइन किया था, जहां से अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।
समाचार4मीडिया की ओर से पद्मजा जोशी को उनके नए सफर के लिए अग्रिम शुभकामनाएं।
टैग्स टाइम्स नाउ इस्तीफा पद्मजा जोशी रिजाइन सीनियर न्यूज एंकर