होम / टीवी / लोकसभा व राज्यसभा टीवी मिलकर अब हुआ 'संसद टीवी', इस दिन पीएम मोदी करेंगे लॉन्च
लोकसभा व राज्यसभा टीवी मिलकर अब हुआ 'संसद टीवी', इस दिन पीएम मोदी करेंगे लॉन्च
नए सरकारी चैनल 'संसद टीवी' की सेवाएं देशभर में अगले सप्ताह शुरू हो जाएंगी। इस चैनल का गठन लोकसभा व राज्यसभा टीवी के विलय के माध्यम से किया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
नए सरकारी चैनल 'संसद टीवी' की सेवाएं देशभर में अगले सप्ताह शुरू हो जाएंगी। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को करेंगे। बता दें कि इस चैनल का गठन लोकसभा व राज्यसभा टीवी के विलय के माध्यम से किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नए चैनल पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कर्ण सिंह, अर्थशास्त्री विवेक देबरॉय, नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत व वकील हेमंत बत्रा विभिन्न शो की मेजबानी करेंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि संसद टीवी एक तरह का जानकारीपरक टीवी चैनल होगा। इस पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता पूर्ण सामग्री का प्रसारण होगा। इसमें खासकर लोकतांत्रिक मूल्यों व देश के संस्थानों को लेकर सामग्री प्रसारित की जाएगी।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी और कपड़ा मंत्रालय के पूर्व सचिव रवि कपूर संसद टीवी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाए गए हैं, जबकि लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव मनोज अरोड़ा इसके विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) होंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब संसद का सत्र चलेगा तब संसद टीवी के दो चैनल होंगे, ताकि इन पर लोकसभा व राज्यसभा की कार्यवाही का लगातार प्रसारण हो सके। संसद भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को संसद टीवी का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर उप राष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति वेकैंया नायडू व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला मौजूद रहेंगे।
टैग्स नरेंद्र मोदी पीएम राज्यसभा टीवी लोकसभा टीवी संसद टीवी