होम / टीवी / यूट्यूबर के खिलाफ न्यूज चैनल ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, ये है पूरा मामला
यूट्यूबर के खिलाफ न्यूज चैनल ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, ये है पूरा मामला
न्यूज चैनल की शिकायत पर चेन्नई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
तमिलनाडु में एक प्राइवेट न्यूज चैनल ने यूट्यूबर मरिधास (Maridhas) के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में चैनल ने मरिधास पर चैनल के संपादक और पत्रकारों को बदनाम करने और सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ने के प्रयास का आरोप लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार,चैनल की शिकायत पर चेन्नई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि पुलिस आयुक्त महेश कुमार अग्रवाल को दी शिकायत में चैनल का कहना था कि पांच जुलाई को मरिधास ने मीडिया हाउस को एक ई-मेल भेजा, जिसमें उसके पत्रकारों पर पिछले चार वर्षों से हिंदू विरोधी अभियान चलाने का झूठा आरोप लगाया गया।
शिकायत के अनुसार, मरिधास ने यह भी दावा किया था कि चैनल का संचालन प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से द्रविड़ कषगम और द्रविड़ मुनेत्र कषगम के समर्थकों द्वारा किया गया। यही नहीं, उसने अपने यूट्यूब चैनल पर इन आरोपों को लेकर एक वीडियो भी पोस्ट किया था। इसके बाद तमाम अन्य लोगों ने चैनल को इस तरह के ई-मेल भेजे थे।
अपनी शिकायत में चैनल की ओर से यह भी कहा गया कि मरिधास ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस तरह के फर्जी ई-मेल भी पोस्ट किए जैसे कि कंपनी मैनेजमेंट ने अपने ऊपर लगाए गए इन आरोपों को मान लिया है। हिंदू विरोधी होने के आरोपों से इनकार करते हुए चैनल ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनकी तरफ से इस तरह का कोई ई-मेल मरिधास को नहीं भेजा गया। इसके साथ ही चैनल ने मरिधास के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
टैग्स न्यूज चैनल यूट्यूबर कंप्लेंट