होम / टीवी / प्रसार भारती ने 'डीडी फ्रीडिश' के खाली पड़े MPEG-2 स्लॉट के लिए मांगे आवेदन
प्रसार भारती ने 'डीडी फ्रीडिश' के खाली पड़े MPEG-2 स्लॉट के लिए मांगे आवेदन
'प्रसार भारती' ने 'डीडी फ्री डिश' (DD Free Dish) पर खाली पड़े MPEG-2 स्लॉट के आवंटन के लिए सैटेलाइट टीवी चैनलों से आवेदन आमंत्रित किए हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
भारत के सार्वजनिक प्रसारक 'प्रसार भारती' (Prasar Bharati) ने अपने मुफ्त डायरेक्ट-टू-होम (DTH) प्लेटफॉर्म 'डीडी फ्री डिश' (DD Free Dish) पर खाली पड़े MPEG-2 स्लॉट के आवंटन के लिए सैटेलाइट टीवी चैनलों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
28 अगस्त, 2024 को संभावित रूप से निर्धारित ई-नीलामी में 5 सितंबर, 2024 से 31 मार्च, 2025 तक की अवधि के लिए स्लॉट दिए जाएंगे।
चैनलों को उनके जॉनर और लैंग्वेज के आधार पर अलग-अलग कैटेगरी में वर्गीकृत किया जाएगा। इसमें हिंदी/उर्दू जनरल एंटरटेनमेंट चैनल (GEC), मूवी चैनल, स्पोर्ट्स चैनल, साथ ही मराठी और पंजाबी जैसे रीजनल लैंग्वेज के चैनल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एक अलग कैटेगरी में अन्य सभी जॉनर को शामिल किया गया है, जिनमें अंग्रेजी न्यूज चैनल और भक्ति चैनल शामिल हैं।
बता दें कि बोली 7 करोड़ रुपये से ज्यादा से शुरू होगी।
प्रसार भारती ने प्रत्येक बकेट के लिए न्यूनतम आरक्षित मूल्य निर्धारित किया है, जिसमें हिंदी/उर्दू जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स (बकेट ए+) के लिए सबसे ज्यादा शुरुआती कीमत 12,10,96,000 रुपये है। अन्य बकेट के लिए आरक्षित मूल्य 7,57,92,000 रुपये से लेकर 10,79,90,000 रुपये तक है।
पात्रता और विवरण
केवल सूचना और प्रसारण मंत्रालय (I&B) द्वारा लाइसेंस प्राप्त सैटेलाइट चैनल ही ई-नीलामी में भाग ले सकते हैं। नीलामी के लिए विस्तृत कार्यप्रणाली और पात्रता मानदंड प्रसार भारती की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
डीडी फ्री डिश पर स्लॉट आवंटित करने के इच्छुक ब्रॉडकास्टर्स को अपने चैनल के जॉनर और लैंग्वेज वर्गीकरण के समर्थन में स्पष्ट प्रमाण प्रदान करना आवश्यक है। स्पष्टता की कमी या परस्पर विरोधी जानकारी के मामले में, आवेदन को अयोग्य माना जाएगा और उसे तुरंत अस्वीकार किया जा सकता है।
यह नीलामी प्राइवेट टीवी चैनल्स को भारत के एकमात्र मुफ्त DTH प्लेटफॉर्म 'डीडी फ्री डिश; के माध्यम से व्यापक दर्शकों तक पहुंच बनाने का अवसर प्रदान करती है। वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म पर 38 मिलियन से अधिक घर जुड़े हुए हैं, जो पार्टिसिपेटिंग चैनल्स के लिए महत्वपूर्ण पहुंच प्रदान करता है।
टैग्स प्रसार भारती डीडी फ्रीडिश एमपीईजी 2