होम / टीवी / लाइसेंस था एंटरटेनमेंट चैनल का, शुरू कर दिया न्यूज चैनल, हो गई ये कार्रवाई
लाइसेंस था एंटरटेनमेंट चैनल का, शुरू कर दिया न्यूज चैनल, हो गई ये कार्रवाई
न्यूज व करेंट अफेयर्स के अवैध प्रसारण के लिए एक टेलिविजन चैनल के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (पेमरा) ने शुक्रवार को न्यूज व करेंट अफेयर्स के अवैध प्रसारण के लिए टेलिविजन चैनल ‘24NewsHD’ के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पेमरा द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सेंट्रल मीडिया नेटवर्क प्राइवेट को एक चैनल का लाइसेंस जारी किया गया था, जिसका नाम था- ‘वैल्यू टीवी’ (Value TV)। बयान में कहा गया कि चैनल को एंटरटेनमेंट कंटेंट के प्रसारण का लाइसेंस दिया गया था, लेकिन अवैध और गैरकानूनी तरीके से इस चैनल का नाम बदलकर ‘24NewsHD’ कर दिया गया था और इसे न्यूज व करंट अफेयर्स चैनल बना दिया गया था, जोकि पेमरा कानूनों का उल्लंघन है।
पेमरा ने कहा कि उसने अपने लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने के लिए चैनल को कारण बताओ नोटिस जारी किया और उसे 7 मई, 2020 को अपने अनुमोदित किए गए प्रोग्रामिंग कंटेंट (एंटरटेनमेंट कंटेंट) पर वापस लौटने का निर्देश दिया गया। लेकिन चैनल निर्देशों का पालन करने में विफल रहा। लिहाजा पेमरा ने चैनल के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से तब तक के लिए निलंबित कर दिया है, जब तक कि वह अपने मूल प्रोग्रामिंग कंटेंट पर वापस नहीं लौट आता है।
कराची प्रेस क्लब (केपीसी) के अध्यक्ष मोहम्मद इम्तियाज खान फरान, सचिव अरमान साबिर व अन्य सदस्यों ने लाइसेंस निलंबित करने के पेमरा के फैसले की कड़ी निंदा की और इसे वापस लेने की मांग की। बयान में कहा गया कि चैनल के बंद होने से संकट (वित्तीय) और बढ़ सकता है। साथ ही प्रेस क्लब ने यह भी कहा कि हम अपनी मीडिया बिरादरी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (पीएमएल-एन) की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने शनिवार को टीवी चैनल के निलंबन के लिए प्रधानमंत्री इमरान खान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी पीएम उन चैनलों, मीडिया हाउसों, पत्रकारों और मालिकों को टार्गेट कर रहे हैं, जो सच बोलते हैं। अपने एक अन्य ट्वीट में औरंगजेब ने लाइसेंस निरस्त किए जाने की निंदा की और लाइसेंस की‘तत्काल बहाली’ की मांग की।
वहीं दूसरी तरफ, रविवार को पाकिस्तानी पत्रकारों ने निजी टीवी चैनल ‘24NewsHD’ के प्रसारण को रोकने के विरोध में एक रैली की। सिन्ध प्रांत के कंधकोट शहर में प्रेस क्लब के सामने रैली करते हुए प्रदर्शनकारी पत्रकारों ने पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (पेमरा) के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि वे इस तरह की कार्रवाई को स्वीकार नहीं करेंगे।
प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने चैनल का प्रसारण शुरू करने के साथ ही लाइसेंस को तत्काल बहाल करने की मांग की।
टैग्स चैनल लाइसेंस पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी पेमरा सेंट्रल मीडिया नेटवर्क प्राइवेट वैल्यू टीवी