होम / टीवी / काउंटिंग डे की कवरेज के लिए न्यूज चैनल्स ने कसी कमर, बनाई ये खास स्ट्रैटेजी
काउंटिंग डे की कवरेज के लिए न्यूज चैनल्स ने कसी कमर, बनाई ये खास स्ट्रैटेजी
लोग मतगणना की पल-पल की अपडेट्स चाहते हैं। ऐसे में तमाम मीडिया प्रतिष्ठानों और पत्रकारों ने काउंटिंग डे यानी मतगणना वाले दिन की कवरेज के लिए अपनी कमर कस ली है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
देश में पांच राज्यों (मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम) में विधानसभा चुनावों के तहत मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब तीन दिसंबर को मतगणना शुरू होगी और उसी दिन नतीजे आने शुरू हो जाएंगे। सभी की निगाहें तीन दिसंबर को होने वाली मतगणना पर लगी हैं और लोग मतगणना की पल-पल की अपडेट्स चाहते हैं। ऐसे में तमाम मीडिया प्रतिष्ठानों और पत्रकारों ने काउंटिंग डे यानी मतगणना वाले दिन की कवरेज के लिए अपनी कमर कस ली है।
भारत एक्सप्रेस:
भारत एक्सप्रेस न्यूज चैनल भी लोकतंत्र के इस सबसे बड़े महापर्व को लेकर बड़ी तैयारियों में जुटा है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ को लेकर भारत एक्सप्रेस में जहां बड़ी मीटिंग की गई है तो वहीं ग्राउंड जीरो पर रिपोर्टरों की बड़ी टीम मुस्तैद की गई है। अलग-अलग शहरों में फैले ये रिपोर्टर सबसे तेज और सबसे सटीक नतीजे देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। चैनल की इनपुट-आउटपुट टीम लगातार इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटी हुई है।
चैनल द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, भारत एक्सप्रेस ने चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही हर राज्य की एक-एक सीट को कवर करने और जनता की नब्ज को टटोलने के लिए अपने संवाददाताओं को ग्राउंड जीरो पर तैनात कर दिया था। चैनल में न सिर्फ कई दिग्गज नेताओं का इंटरव्यू दिखाया गया बल्कि जनता के मिजाज को भी टटोलने की कोशिश की गई...चाहे चुनाव की तारीख हो या फिर एग्जिट पोल भारत एक्सप्रेस ने हर मोर्चे पर अपनी अलग पहचान बनाई। अब एक बार फिर चैनल तीन दिसंबर को कामयाबी के झंडे गाड़ने की तैयारी में जुटा है।
इंडिया डेली लाइव:
इंडिया डेली लाइव ने भी काउंटिंग डे को लेकर अपनी जबर्दस्त तैयारी की है। चैनल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इंडिया डेली लाइव ने दिल्ली से लेकर एमपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 20 रिपोर्टर्स/एंकर्स को मैदान में उतारा है। एमपी में एंकर करिश्मा और अंजनी समेत पांच पत्रकारों को चुनावी कवरेज के मैदान में उतारा गया है। ये टीमें शिवराज, कमलनाथ, काउंटिंग सेंटर से लेकर बीजेपी-कांग्रेस ऑफिस सब जगह ग्राउंड कवरेज करेंगी। उसी तरह राजस्थान में अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे और सचिन पायलट से लेकर पार्टी ऑफिस तक कवरेज के लिए एंकर सुरभि तिवारी, अभितोष और शालिनी समेत छह एंकर्स/रिपोर्टर्स की टीमें तैनात की गई हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ में तीन और तेलंगाना में दो एंकर्स/रिपोर्टर्स के साथ स्ट्रिंगर का बड़ा नेटवर्क भी कवरेज के लिए मुस्तैदी से तैनात किया गया है। दिल्ली में बीजेपी और कांग्रेस ऑफिस के साथ-साथ अमित शाह और सोनिया गांधी के आवास पर भी एंकर्स/रिपोर्टर्स मतगणना से जुड़े अपडेट्स देते रहेंगे। दो स्टूडियो समेत वर्चुअल सेट भी बनाए हैं। इसमें विश्वस्तरीय gfx तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, देशभर में सैकड़ों रेलवे स्टेशनों पर एलईडी स्क्रीन्स लगाई गई हैं, जहां पर काउंटिंग को लाइव दिखाया जाएगा, इसके साथ ही बस शेल्टर्स पर भी लाइव काउंटिंग देखी जा सकती है। इसके साथ ही चैनल में अलग इलेक्शन डेस्क भी गठित की गई है।
न्यूज18 इंडिया:
चैनल ‘सबसे बड़ा दंगल’ ब्रैंडिंग के तहत पांचों राज्यों के चुनावों को बड़े पैमाने पर कवर कर रहा है। इसी के तहत तीन दिसंबर को मतगणना वाले दिन सुबह छह बजे से कवरेज शुरू हो जाएगी। इस कवरेज में विशेषज्ञों के साथ आने वाले रुझानों और परिणामों का विश्लेषण, उम्मीदवारों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत के साथ-साथ बड़े पैमाने पर लोगों की अपेक्षाओं पर ऑन-ग्राउंड रिपोर्ट शामिल होगी।
चैनल की प्रोग्रामिंग का नेतृत्व इसके मैनेजिंग एडिटर किशोर अजवाणी के साथ-साथ जाने-माने एंकर्स अमीश देवगन, प्रतीक त्रिवेदी, अमन चोपड़ा और आनंद नरसिम्हन करेंगे। यही नहीं, इस दौरान आकर्षक ग्राफिक्स का इस्तेमाल भी किया जाएगा, ताकि दर्शक विभिन्न रुझानों और आंकड़ों को आसान फॉर्मेट में समझ सकें। चैनल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मतगणना की कवरेज का मुख्य आकर्षण इसका यूनिक लाइव रिजल्ट हब होगा। ऐसा करने वाला यह एकमात्र हिंदी समाचार चैनल होगा, जो मतगणना केंद्र स्तर से अपडेट प्राप्त करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि दर्शकों को सबसे तेज और सबसे सटीक आंकड़े मिलें।
टैग्स न्यूज चैनल्स चुनाव मतगणना काउंटिंग डे कवरेज विधानसभा चुनाव