होम / टीवी / 'महा न्यूज' के कार्यालय पर हमले की NBF ने की कड़ी निंदा, कहा– लोकतंत्र पर सीधा हमला
'महा न्यूज' के कार्यालय पर हमले की NBF ने की कड़ी निंदा, कहा– लोकतंत्र पर सीधा हमला
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन (NBF) ने हैदराबाद में मोनिका ब्रॉडकास्टिंग के कार्यालय पर हुए हमले की तीव्र निंदा करते हुए इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता और उसकी गरिमा पर सीधा हमला करार दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन (NBF) ने हैदराबाद में मोनिका ब्रॉडकास्टिंग के कार्यालय पर हुए हमले की तीव्र निंदा करते हुए इसे पत्रकारिता की स्वतंत्रता और उसकी गरिमा पर सीधा हमला करार दिया है। मोनिका ब्रॉडकास्टिंग ही लोकप्रिय न्यूज चैनल 'महा न्यूज' (Mahaa News) का संचालन करती है।
शनिवार, 28 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे, एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल से जुड़े माने जा रहे 40 से अधिक लोगों की भीड़ ने 'महा न्यूज' के कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों को धमकाया, कैमरापर्सन सहित टीम के सदस्यों को डराने की कोशिश की और शारीरिक हमले तक किए, जिसमें दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने कार्यालय पर पत्थर फेंककर शीशे तोड़े, प्रसारण उपकरण और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा, न्यूज कवरेज के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहन और ऑफिस फर्नीचर को भी क्षति पहुंचाई गई।
NBF ने इसे न केवल निंदनीय बल्कि लोकतंत्र के लिए एक गंभीर खतरा बताया है। संगठन ने कहा, “पत्रकार और समाचार संस्थाएं जब जनता के हित में, सत्य और जवाबदेही के उच्चतम मानकों के साथ काम कर रही हों, तब उन्हें डर, हिंसा या दबाव के बिना काम करने की पूर्ण स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।”
'महा न्यूज' को सिद्धांतों पर आधारित पत्रकारिता की मज़बूत आवाज़ बताते हुए एनबीएफ ने कहा कि किसी भी स्वतंत्र संपादकीय निर्णय को बलपूर्वक या तोड़फोड़ के ज़रिए दबाने का प्रयास न केवल अवैध है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा भी है।
NBF ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों को सख्त सजा देने और मीडिया प्रोफेशनल्स को समुचित सुरक्षा देने की मांग की है।
फेडरेशन ने 'महा न्यूज' के साथ पूरी एकजुटता जताते हुए दोहराया कि वह प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, जो कि किसी भी स्वतंत्र और निष्पक्ष समाज की नींव होती है।
टैग्स