होम / टीवी / NBDA ने न्यूज रेटिंग प्रणाली में BARC के उठाए कदमों और MIB के फैसले का यूं किया स्वागत
NBDA ने न्यूज रेटिंग प्रणाली में BARC के उठाए कदमों और MIB के फैसले का यूं किया स्वागत
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन (NBDA) ने गुरुवार को कहा है कि वह सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) के हालिया रुख के साथ खड़ा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन (एनबीडीए) ने गुरुवार को कहा है कि वह सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) के हालिया रुख के साथ खड़ा है, जिसके तहत एमआईबी ने सुधार की आवश्यकता को पहचानते हुए कमियों को स्वीकार किया है और सैंपल साइज बढ़ाने व प्रणाली सुधार बढ़ाने आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
साथ ही एनबीडीए BARC इंडिया में प्रक्रियाओं, प्रोटोकॉल और निगरानी तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे सुधारों की भी सराहना की। एनबीडीए ने इस बात पर भी खुशी जताई कि सरकार ने टीवी न्यूज के लिए रेटिंग प्रणाली में कमियों को स्वीकार करते हुए दिए गए सुझावों पर ध्यान दिया। साथ ही एनबीडीए ने BARC बोर्ड द्वारा स्वतंत्र सदस्यों को शामिल करने की अनुमति देने, तकनीकी समिति के पुनर्गठन, स्थायी निरीक्षण समिति की स्थापना, जैसे फैसलों को सही दिशा में उठाए गए कदम बताया है।
बता दें कि अक्टूबर 2020 में मुंबई पुलिस द्वारा टीआरपी घोटाले का खुलासा करने के बाद, एनबीडीए ने BARC इंडिया को टीवी न्यूज रेटिंग्स जारी करने से पहले अपने सिस्टम में बड़े परिवर्तन करने की सलाह दी थी।
एनबीडीए ने कहा कि हम सेट टॉप बॉक्स से रिटर्न पाथ डेटा (आरपीडी) का लाभ उठाने की क्षमता का अध्ययन करने के लिए प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर वेम्पति की अध्यक्षता में एक संयुक्त कार्य समूह स्थापित करने के मंत्रालय के निर्णय पर ध्यान देते हैं। हम आरपीडी के महत्वपूर्ण मुद्दे पर इसके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। हमें उम्मीद है कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि दर्शकों की संख्या को मापने के लिए एकत्र किया गया डेटा अधिक प्रामाणिक और रियल टाइम है।
एनबीडीए का मानना है कि BARC में कई सुधार किए जा रहे हैं, फिर भी सिस्टम को अधिक पारदर्शी, मजबूत और विश्वसनीय बनाने की गुंजाइश है। BARC को डेटा सुरक्षा बढ़ाने के तरीकों का भी मूल्यांकन करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि रेटिंग प्रक्रिया के किसी भी चरण में कोई मानवीय हस्तक्षेप न हो।
एनबीडीए ने उम्मीद जतायी है कि किसी भी रेटिंग के जारी होने से पहले, ये उपाय लागू हों। एनबीडीए ने कहा कि हम सांख्यिकीय विसंगतियों को खत्म करने और डेटा की विश्वसनीयता को मजबूत करने के लिए सैंपल साइज बढ़ाने के लिए बाहरी नीति को परिष्कृत करने के लिए सभी हितधारकों के साथ काम करना जारी रखेंगे।
टैग्स रेटिंग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय एमआईबी ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल टीवी रेटिंग्स