होम / टीवी / जानें, अमिश देवगन के सवाल पर क्यों भावुक हो गए केंद्रीय मंत्री?
जानें, अमिश देवगन के सवाल पर क्यों भावुक हो गए केंद्रीय मंत्री?
शो के दौरान एक वाकये का भी जिक्र किया, बाद में खुद को किसी तरह किया संयत
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जहां एक तरफ हिंसा हो रही है, वहीं कुछ लोग इस माहौल को देखकर दुखी भी हैं। इन ‘कुछ’ में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी शामिल हैं। नकवी इस मुद्दे पर ‘न्यूज18’ के शो ‘चौपाल’ (Chaupal) में बात करते-करते भावुक हो गए।
दरअसल, ‘चौपाल’ में इन दिनों देश के सबसे हॉट टॉपिक यानी नागरिकता संशोधन कानून पर चर्चा के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया था। जब वरिष्ठ पत्रकार और चैनल के एग्जिक्यूटिव एडिटर अमिश देवगन ने नकवी से पूछा कि हिंसा की आग कौन भड़का रहा है? तो इसके जवाब में उन्होंने यह कहते हुए कि अफवाहों से देश के अमन को अगवा करने की कोशिश की जा रही है, एक वाकये का जिक्र किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'सुबह एक बुजुर्ग महिला मुझसे मिलने आईं तो दुआएं दीं। पिछले साल हज पर गई थीं तो उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के लिए दुआएं कीं थीं। उन्होंने कहा कि मैं इसी मुल्क में पैदा हुई और यहीं दफन हो जाऊंगी। बेटा कांग्रेस के लोग क्यों कह रहे हैं कि तुम्हें मुल्क छोड़कर जाना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने मेरे घर की मिट्टी उठाई और आंखों से लगा ली।' इस दौरान मुख़्तार अब्बास नकवी थोड़े भावुक हो गए। वह बोलते-बोलते बीच में रुक गए और चश्मे को खिसकाते हुए आंसू पोंछने लगे।
नकवी को आंसू पोंछते देख अमिश ने कहा, ‘नकवी जी आप भावुक हो रहे हैं?’ इस पर केंद्रीय मंत्री ने खुद को संभालते हुए पुन: बोलना शुरू किया, लेकिन उनके शब्द कुछ सेकंड तक लड़खड़ाते रहे। इस शो में अमिश देवगन ने ऐसे सवाल भी पूछे जो मौजूदा समय में भाजपा नेताओं को असहज कर सकते हैं। मसलन, देश का मुसलमान डरा हुआ है या उसे डराया जा रहा है? मोदीजी के सबका साथ, सबका विश्वास में क्या मुसलमान नहीं आते, क्योंकि नागरिकता बिल से मुसलमान बाहर हैं?
जब अमिश ने कांग्रेस के आरोप का हवाला देते हुए पूछा कि क्या 303 सीटें मिल गई हैं तो मोदी सरकार अपनी सनक में काम करेगी, इस पर ‘भावुक’ नकवी ने आक्रामक होते हुए जवाब दिया, ‘303 सीटें कांग्रेस की मेहरबानी से नहीं मिलीं हैं। प्रधानमंत्री मोदी के काम पर जनता के समर्थन से मिली हैं। आप कहते हो नागरिकता कानून में मुसलमानों को क्यों नहीं लाए? हमारा विषय है कि आपने समाज की इतनी बड़ी आबादी को डराने और सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश की है, क्योंकि पीएम मोदी ने 5 साल में एक भी सांप्रदायिक तनाव नहीं होने दिया।’
‘चौपाल’ का पूरा शो आप यहां देख सकते हैं:
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स अमिश देवगन न्यूज18 इंडिया न्यूज एंकर मुख्तार अब्बास नकवी चौपाल