होम / टीवी / मातृभूमि टीवी के CEO मोहन नायर का बड़ा कदम
मातृभूमि टीवी के CEO मोहन नायर का बड़ा कदम
नौ साल से ज्यादा समय से जुड़े हुए थे इस समूह के साथ, नायर के नेतृत्व में ही मातृभूमि समूह ने टीवी न्यूज की दुनिया में रखा था कदम
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘मातृभूमि’ (Mathrubhumi) समूह से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। खबर यह है कि ‘मातृभूमि टीवी’ (Mathrubhumi TV) और ‘कप्पा टीवी’ (Kappa TV) के सीईओ मोहन नायर ने नौ साल से ज्यादा की लंबी पारी के बाद यहां से अलविदा कह दिया है। मंगलवार को इस संस्था में उनका आखिरी दिन होगा। नायर ने फिलहाल अपने अगले कदम के बारे में कोई खुलासा नहीं किया है।
बता दें कि केरल के इस मीडिया समूह ने नायर के नेतृत्व में ही ‘मातृभूमि टीवी’ की लॉन्चिंग के साथ टीवी न्यूज की दुनिया में कदम रखा था। फरवरी 2013 में नायर ने मातृभूमि समूह को पोर्टफोलियो में विस्तार करते हुए मलयालम यूथ म्यूजिक चैनल ‘कप्पा टीवी’ लॉन्च किया था।
अपने इस कदम के बारे में नायर का कहना है, ‘देश के सबसे पुराने मीडिया नेटवर्क्स में एक इस ग्रुप के साथ नौ साल का लंबा सफर काफी बेहतर रहा है। मैं बोर्ड और मैनेजिंग डायरेक्टर श्रेयम्स कुमार को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे ‘मातृभूमि न्यूज और कप्पा टीवी लॉन्च करने का अवसर दिया।’
बता दें कि ‘मातृभूमि’ समूह को जॉइन करने से पहले नायर श्रीलंका के ‘महाराजा टीवी’ (Maharaja TV) में बतौर सीईओ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। इससे पहले वह ‘एशियानेट कम्युनिकेशंस’ (Asianet Communications) में सीओओ के पद पर कार्यरत थे। नायर लंबे समय तक ‘इकनॉमिक टाइम्स’ (Economic Times) से भी जुड़े रहे हैं। यहां वह सीनियर एडिटर और मुंबई के ब्यूरो चीफ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
टैग्स श्रेयम्स कुमार कप्पा टीवी मोहन नायर मातृभूमि टीवी