होम / टीवी / रिपब्लिक भारत को अलविदा कह नए सफर पर निकले युवा पत्रकार गौरव श्रीवास्तव
रिपब्लिक भारत को अलविदा कह नए सफर पर निकले युवा पत्रकार गौरव श्रीवास्तव
सटीक लाइव कवरेज और स्पेशल स्टोरीज के लिए पहचाने जाने वाले टीवी रिपोर्टर गौरव श्रीवास्तव ने ‘रिपब्लिक भारत’ को करीब ढाई साल बाद अलविदा कह दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
सटीक लाइव कवरेज और स्पेशल स्टोरीज के लिए पहचाने जाने वाले टीवी रिपोर्टर गौरव श्रीवास्तव ने ‘रिपब्लिक भारत’ में अपनी करीब ढाई साल की पारी को विराम दे दिया है। उन्होंने अपनी नई पारी की शुरुआत ‘टाइम्स नेटवर्क‘ के नए लॉन्च हुए हिंदी चैनल ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ से की है। यहां उन्होंने बतौर करेस्पांडेंट जॉइन किया है। अपनी इस भूमिका में वह केंद्र सरकार के अहम मंत्रालयों, विपक्षी पार्टियों और अर्धसैनिक बलों की रिपोर्टिंग के साथ स्पेशल स्टोरी करेंगे।
‘रिपब्लिक भारत‘ में करीब ढाई साल की अपनी पारी के दौरान गौरव श्रीवास्तव ने बिहार के चमकी बुखार, कोटा में नवजात शिशुओं की मौत की संवेदनशील कवरेज के साथ ही कोरोना महामारी, दिल्ली दंगे की चुनौतीपूर्ण रिपोर्टिंग की। कोरोना महामारी के दौरान ही अस्पताल, श्मशान घाट और हर पहलू की रिपोर्टिंग करते हुए वह खुद भी कोरोना संक्रमन की चपेट में आ गए थे। इसके अलावा गौरव ने महाराष्ट्र चुनाव, सुशांत डेथ मिस्ट्री, दिल्ली चुनाव, भारत पाक सीमा और तमाम राजनीतिक घटनाक्रम की कवरेज प्रमुखता से की।
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के मूल निवासी गौरव श्रीवास्तव को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब आठ साल का अनुभव है। पूर्व में गौरव श्रीवास्तव ‘एबीपी न्यूज‘ में करीब साढ़े पांच साल रिपोर्टिंग कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने पूर्वोत्तर भारत के तमाम मुद्दों से लेकर दिल्ली और राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड से कई स्टोरी कीं। उनकी स्टोरी के लिए ‘एबीपी न्यूज‘ की तरफ से कई बार श्रेष्ठ सम्मान से नवाजा गया।
देश की प्रतिष्ठित न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई’ के साथ इंटर्नशिप करने वाले गौरव ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल विश्वविद्यालय के नोएडा परिसर से की है। वह वर्ष 2013 बैच के एमएससी(इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) के स्टूडेंट रहे हैं। समाचार4मीडिया की ओर से गौरव श्रीवास्तव को उनके नए सफर के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
टैग्स रिपब्लिक भारत गौरव श्रीवास्तव टाइम्स नाउ नवभारत