होम / टीवी / सोशल मीडिया पर क्यों सुर्खियों में है यह रिपोर्टर, जानें यहां
सोशल मीडिया पर क्यों सुर्खियों में है यह रिपोर्टर, जानें यहां
अपनी स्टोरी में जान डालने के लिए पत्रकार महोदय एक लड़के से भी सवाल जवाब करते हैं, जिसे पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर पकड़ रखा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक टीवी पत्रकार की रिपोर्टिंग काफी सुर्खियों में है। रिपोर्टर ने जिस अंदाज में एक सामान्य मुद्दे को ‘बड़ा’ मुद्दा बनाकर पेश किया है, उसे देखकर आपके ज्ञान में इजाफा हो या न हो, लेकिन आपके चेहरे पर हंसी जरूर आ जाएगी। यह भी संभव है कि प्रयागराज के इस रिपोर्टर को देखने के बाद आपकी आंखों के सामने पाकिस्तान के कुछ पत्रकारों के चेहरे घूमने लगें, जो अक्सर अपने रिपोर्टिंग स्टाइल को लेकर चर्चा में रहते हैं।
स्टोरी की शुरुआत में हमारे रिपोर्टर महोदय अपना और चैनल का नाम इतनी रफ्तार में बता जाते हैं कि शताब्दी ट्रेन भी एक बारगी शर्मिंदा हो जाए। जब उनकी रफ्तार धीमी होती है, तो पता चलता है कि वो प्रयागराज की बहुत बड़ी खबर पेश करने वाले हैं और वो यह है कि शहर में लोग बिना हेलमेट और कागजात के गाड़ी चला रहे हैं। हंसी आई क्या?...यदि नहीं तो बस कुछ देर का इंतजार और फिर आप हंसी रोक नहीं पाएंगे।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रिपोर्टर महोदय एक दम से झटके के साथ अपने गिरते बालों को ऊपर उठाते हैं। यह नजारा आपको कुछ साल पीछे ले जाएगा। जब फिल्म दामिनी में वकील चड्ढा साहब हर बात पर इसी अंदाज़ में अपने बालों को ऊपर उठाते थे।
अपनी स्टोरी में जान डालने के लिए पत्रकार महोदय एक लड़के से भी सवाल जवाब करते हैं, जिसे पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर पकड़ रखा है। उसकी सुनने के बाद उसे कुछ ज्ञान की बातें बताते हैं, हालांकि उससे पहले लड़के की पूरी जन्म कुंडली खंगालना भी नहीं भूलते। जैसे आपका नाम, पिता का नाम, घर का पता, गाड़ी नंबर, आदि...आदि।
इसके बाद वो अचानक से ‘देखिये दोस्तों बताना चाहते हैं’ के साथ फिर से रफ्तार पकड़ लेते हैं। स्टोरी के आखिरी में जनाब इतनी बार बताइए...बताइए कह जाते हैं कि समझ ही नहीं आता कि बताना किसे है, दर्शकों को या उन्हें? निश्चित तौर पर अब तो आपको हंसी आ ही गई होगी। वैसे इस स्टोरी से एक सीख भी मिलती है कि कांफिडेंस भी कमाल की चीज है।
इस मजेदार रिपोर्टिंग का विडियो आप यहां क्लिक कर देख सकते हैं:
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स सोशल मीडिया रिपोर्टिंग मीडिया कवरेज